NewsClick

NewsClick
  • English
  • राजनीति
  • अर्थव्यवस्था
  • विज्ञान
  • संस्कृति
  • भारत
  • अंतरराष्ट्रीय
  • हमारे लेख
  • हमारे वीडियो
search
menu

सदस्यता लें, समर्थन करें

image/svg+xml
  • सारे लेख
  • न्यूज़क्लिक लेख
  • सारे वीडियो
  • न्यूज़क्लिक वीडियो
  • राजनीति
  • अर्थव्यवस्था
  • विज्ञान
  • संस्कृति
  • भारत
  • अंतरराष्ट्रीय
  • अफ्रीका
  • लैटिन अमेरिका
  • फिलिस्तीन
  • नेपाल
  • पाकिस्तान
  • श्री लंका
  • अमेरिका
  • एशिया के बाकी
हमारे बारे में
हमसे संपर्क करें
सब्सक्राइब करें
हमारा अनुसरण करो Facebook - Newsclick Twitter - Newsclick RSS - Newsclick
close menu
भारत
राजनीति
विशेष: संविधान की रक्षा कौन करेगा?
जिस संविधान और उसकी प्रस्तावना की शपथ लेकर हिंदुत्ववादी, संसद के सदस्य बनते हैं, उसी संविधान की मूल भावना से उन्हें चिढ़ है। वे आज़ादी के अमृत महोत्सव के मौके पर लेख लिख रहे हैं कि भारत सेक्युलर क्यों है? संविधान दिवस के मौके पर वरिष्ठ पत्रकार अरुण कुमार त्रिपाठी का विशेष आलेख।
अरुण कुमार त्रिपाठी
26 Nov 2021
Constitution Day
फाइल फोटो, साभार: The Economic Times

भारतीय संविधान निर्माण को 72 साल पूरे हो गए। लेकिन जिन जोखिम भरी परिस्थितियों में उसका निर्माण हुआ था आज उससे ज्यादा जोखिम उपस्थित है। विभाजन की भयानक स्थितियों से निकले दो देशों में जब पाकिस्तान संविधान नहीं बना पाया तब भी भारत ने महज दो साल के भीतर संविधान निर्माण कर लिया। भारतीय नेतृत्व की इस क्षमता की प्रशंसा अमेरिकी इतिहासकार ग्रैनविल आस्टिन ने --द इंडियन कांस्टीट्यूशन-कार्नर स्टोन ऑफ ए नेशन—में की है। लेकिन हमारे पुरखे वैसा इसलिए कर पाए क्योंकि वे संकीर्ण नहीं थे। उनके चिंतन में भारतीय इतिहास और विश्व इतिहास की गहरी समझ थी और वे निरंतर भारतीय संस्कृति की उदार व्याख्या करने का प्रयास करते थे। लेकिन आज एक ओर उस नेतृत्व को छोटा बताने की होड़ मची है तो दूसरी ओर संविधान के उन मूल्यों को कमतर बताने की कोशिश चल रही है जिसके नाते भारत एक रह सकता है।

यह सही है कि भारतीय संविधान की प्रस्तावना में सेक्युलर या पंथनिरपेक्ष शब्द आरंभ में नहीं था और उसे 1976 में 42वें संविधान संशोधन के तहत आपातकाल में जोड़ा गया। इसी तरह प्रस्तावना में सोशलिस्ट शब्द भी नहीं था और उसे भी उसी समय जोड़ा गया। लेकिन पंथनिरपेक्षता और समाजवाद की मूल भावना उस संविधान में थी जिसे 26 नवंबर 1949 को अंगीकार किया गया था और 26 जनवरी 1950 से लागू किया गया था। आपातकाल संविधान के अनुच्छेदों के अनुसार लागू किया गया था लेकिन वह लोकतांत्रिक संविधान की भावना के विरुद्ध था। लेकिन उस समय जोड़े गए यह दोनों शब्द संविधान की भावना के अनुरूप थे। यही वजह है कि जब 1978 में 44वां संविधान संशोधन किया गया तो बाकी तमाम संशोधनों को हटा दिया गया लेकिन उन दो शब्दों को नहीं हटाया गया।

लेकिन आज देश में उभरी दो तरह की शक्तियों को सबसे ज्यादा इन्हीं शब्दों से चिढ़ है। जिस संविधान और उसकी प्रस्तावना की शपथ लेकर हिंदुत्ववादी, संसद के सदस्य बनते हैं, उसी संविधान की मूल भावना से उन्हें चिढ़ है। वे आजादी के अमृत महोत्सव के मौके पर लेख लिख रहे हैं कि भारत सेक्युलर क्यों है? वे कह रहे हैं कि भारत अघोषित हिंदू राष्ट्र है। उसके सारे मुस्लिम शासक दमनकारी थे और सारे हिंदू शासक उदारमना और समता स्वतंत्रता प्रदान करने वाले थे। वे कहते हैं कि इस देश के मुस्लिम शासकों ने यहां की महान परंपरा को क्षत विक्षत किया। इसलिए सेक्युलर शब्द हटा देना चाहिए और हो सके तो वहां हिंदू राष्ट्र लिख देना चाहिए। वे इतिहास की बेहद सरलीकृत व्याख्या के माध्यम से संविधान को बदलना चाहते हैं लेकिन इस बात को कभी छुपाकर कहते हैं तो कभी खुलकर।

दूसरी महत्वपूर्ण शक्ति उदारीकरण और वैश्वीकरण के समर्थकों की हैं जिन्हें हम कॉरपोरेट शक्ति कह सकते हैं। उनका कहना है कि सोवियत संघ के विघटन के बाद दुनिया से समाजवादी अर्थव्यवस्था का भी पतन हो गया। इसलिए भारत ने भी उदारीकरण का रास्ता अपनाया और आज उदारीकरण के 30 साल बाद उस शब्द के संविधान में होने का कोई मतलब नहीं है। संयोग से बहुसंख्यकवादी और कॉरपोरेटवादी शक्तियों ने भारत में अद्भुत गठजोड़ निर्मित किया है। एक संविधान और देश से पंथनिरपेक्षता, उदारता की भावना खत्म करना चाहता है और बहुसंख्यकवाद लाना चाहता है तो दूसरा इस देश के कल्याणकारी राज्य से संविधान के नीति निर्देशक तत्वों की भावना को मिटाकर मौलिक अधिकारों को भी कुचल देना चाहता है। संयोग देखिए कि इन दोनों शक्तियों का प्रादुर्भाव भारत में 1991 और 1992 में पूरे जोर के साथ हुआ। अगर 1991 में वैश्वीकरण के मार्ग पर भारत बढ़ने लगा तो 1992 में संविधान की भावना को सबसे करारा झटका देते हुए बाबरी मस्जिद विध्वंस करके एलान कर दिया गया कि देश से नेहरू का सेक्युलर मॉडल ध्वस्त हो गया और अब भारत को हिंदू राष्ट्र बनने में कुछ ही समय बाकी है।

भारत इन दोनों शक्तियों से लड़ रहा है। इस लड़ाई में एक ओर संविधान की संस्थाएं हैं तो दूसरी ओर भारतीय समाज और उसकी अपनी संस्थाएं हैं। भारतीय संविधान की वे संस्थाएं इन शक्तियों से लड़ पा रही हैं जो डॉ. भीमराव आंबेडकर के उन विचारों से सहमत हैं कि लगभग आधा दर्जन धर्म, दर्जनों भाषाएं, सैकड़ों बोलियां और भांति भांति के खानपान और पहनावे वाले इस देश को अगर कोई चीज एक रख सकती है तो वह संविधान ही है। उसे न तो कोई धार्मिक पुस्तक एक रख सकती है और न ही धार्मिक परंपरा। देश में धार्मिक पुस्तकें रही होंगी। धार्मिक परंपरा रही होगी और उनका अपना प्रभाव भी होगा। लेकिन अगर देश को उन पुस्तकों के सहारे छोड़ा गया तो यह देश बिखर जाएगा। संविधान एक ऐसा आधुनिक ग्रंथ है जो एक ओर देश की एकता अखंडता की गारंटी के लिए राज्य की मजबूत संस्थाओं को निर्माण करता है तो दूसरी ओर अपने नागरिकों को मौलिक अधिकार प्रदान करके उसे सामाजिक और आर्थिक परिवर्तन का अवसर देता है और व्यक्ति को ऐसी गरिमा प्रदान करता है जो 1949 से पहले भारतीय इतिहास में नहीं थी। इसी को संविधानवाद भी कहा जाता है। यानी देश किसी एक व्यक्ति के पीछे पीछे नहीं भागेगा और न ही किसी धार्मिक पुस्तक को आगे करके समाज और संस्थाओं का विकास करेगा। देश और राष्ट्र के लिए सबसे ऊपर है संविधान। इसी को संविधानवाद कहते हैं। 

लेकिन कॉरपोरेटी अर्थव्यवस्था के समर्थकों और बहुसंख्यकवादी समाज के हिमायतियों ने संविधान की मूल भावना से हटकर देश की राजनीति और उसकी संस्थाओं के स्वरूप को गठित करने की दीर्घकालिक योजना बना रखी है। ऐसे में यह सवाल उठता है कि संविधान की रक्षा कौन करेगा?  संविधान की रक्षा उसके गर्भ से निकली आधुनिक संस्थाएं करेंगी या भारतीय समाज की वे मध्ययुगीन और प्राचीन संस्थाएं करेंगी जिन्हें बदल कर आधुनिक बनाए जाने का संकल्प संविधानवादी लेते हैं?

यह एक विचित्र संयोग है कि आज संविधान को बचाने में जहां उसके गर्भ से निकली आधुनिक संस्थाएं विफल हो रही हैं वहीं संविधान जाति और धर्म की जिन संस्थाओं को आधुनिक बनाने या विसर्जित करने का इरादा रखता है वे ही उसे बचाने निकल पड़ी हैं।

संविधान को बचाने में विधायिका, कार्यपालिका, न्यापालिका और मीडिया काफी कमजोर साबित हो रही हैं। उस पर बहुसंख्यकवादी और कॉरपोरेट शक्तियों का इस तरह से कब्जा हो गया है कि वे संविधान की मूल भावना के विरुद्ध कदम उठाती हुई दिखती हैं। एक ओर विधायिका सीएए, एनआरसी, लव जेहाद और धर्म परिवर्तन और कृषि सुधार जैसे कानून पारित करके संविधान की मूल भावना को ठेंगा दिखा रही है, दूसरी ओर भारतीय दंड संहिता की सामान्य धाराओं के तहत दर्ज किए जाने लायक `अपराधों’ पर यूएपीए जैसी धाराएं लगाकर मौलिक अधिकारों का मखौल उड़ाया जा रहा है। इन दमनकारी प्रवृत्तियों से आम नागरिक की रक्षा करने के लिए कई बार न्यायपालिका खड़ी हो जाती है तो ज्यादातर समय अपने को लाचार पा रही है। नागरिक समाज अपने आंदोलनों से जितना चर्चा में आता है उतना ही उसे बदनाम और राष्ट्रविरोधी बताकर कुचल दिया जाता है। हैदराबाद की पुलिस अकादमी में नागरिक समाज से पुलिस वालों को सावधान रहने की सीख देकर देश के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार उसी दिशा में संकेत दे रहे थे।

ऐसे समय में किसान आंदोलन ने एक नई संभावना पैदा की है। हालांकि इस आंदोलन में नागरिक समाज के लोग जुटे थे लेकिन वे उस रूप में नहीं थे जिस रूप में उन्होंने सीएए, एनआरसी के विरोध और शाहीन बाग में हिस्सेदारी की। अगर थे भी तो पीछे से थे आगे से नहीं। उनकी जगह पर एक साल तक चले और संविधान दिवस के दिन दिल्ली कूच करके आए किसान आंदोलन ने न सिर्फ एक नया संदेश दिया है बल्कि एक नई संभावना भी पैदा की है। किसान आंदोलन को जिन ताकतों ने थामा था उसमें अस्सी के दशक में तेजी से उभरे किसान संगठन तो थे ही लेकिन खाप पंचायतों और सिख जत्थे बंदियों ने इस आंदोलन के लिए मूल स्तंभ का काम किया है। यह दोनों संस्थाएं आधुनिक नहीं हैं और न ही उनका पूरा व्यवहार सेक्युलर है। लेकिन उन्होंने लोकतंत्र और संविधान के हित में सेक्युलर मुद्दों को उठाने का काम किया है और अधिनायकवादी ताकतों को चुनौती दी है।

हम इस घटना को पूरी तरह आधुनिक नजरिए से नहीं समझ सकते तो पूरी तरह पारंपरिक नजरिए से भी नहीं समझ सकते। विडंबना देखिए कि संविधान से निकली या संरक्षित आधुनिक संस्थाओं ने तानाशाही, कॉरपोरेट वर्चस्व और बहुसंख्यकवाद के आगे समर्पण कर दिया है जबकि पारंपरिक संस्थाएं संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए आगे आई हैं। उन्होंने उनसे संघर्ष किया है। यह सही है कि उन मध्ययुगीन संस्थाओं में आधुनिक लोकतांत्रिक दृष्टि का अभाव है और वे कई बार मनमर्जी से शादी करने वाले युवाओं को फांसी देने या किसी गुरु या ग्रंथ की बेअदबी के लिए टोटे-टोटे यानी टुकड़े टुकड़े की सजा देने के लिए उकसाती हैं। इस कट्टरता को बदलने की आवश्यकता है। इसके बावजूद उन संस्थाओं ने किसान और मजदूर की एकता के माध्यम से नए भारत का एक स्वप्न भी दिखाया है। यह स्वप्न धर्म आधारित हिंदू राष्ट्र से अलग है और लाभ केंद्रित कॉरपोरेट सत्ता से भी फर्क है। यह संविधान की प्रस्तावना, मौलिक अधिकारों और नीति निदेशक तत्वों  की रक्षा करने में एक हद तक सक्षम दिख रहा है। वह मानता है कि लोकतंत्र में न तो अल्पसंख्यकों की अनदेखी की जा सकती है और न ही अल्पमत की। उसे स्वाधीनता संग्राम की संघर्ष की परंपरा याद है जबकि आधुनिक संस्थाएं सारा जलसा करते हुए भी उसे भुलाने में लगी हैं। यही कारण है कि उन संस्थाओं से पुरस्कृत होने वाली एक अभिनेत्री आजादी भीख में आई हुई बताकर चली जाती है और उसकी उस बात पर मीडिया चकल्लस करता रहता है। इस बारे में शहरी मध्यवर्ग ने संविधान का दामन और स्वाधीनता संग्राम की परंपरा को तेजी से छोड़ा है। 

इसलिए जो लोग बहुसंख्यक हिंदू समाज पर संविधान की रक्षा का सारा दायित्व रख रहे हैं और फिर देश को अघोषित हिंदू राष्ट्र बता रहे हैं वे संविधान के सबसे बड़े शत्रु हैं। भारतीय संविधान स्वाधीनता संग्राम के महान संघर्ष से निकला सबसे श्रेष्ठ उत्पाद है। एक तरह से हमारा स्वतंत्रता संग्राम समुद्र मंथन था जिसमें से हमारा संविधान और उसके मूल्य अमृत की तरह निकले हैं। उसे सही रूप में बिना किसी छल कपट के ग्रहण करके ही हमारी सभ्यता अमर हो सकती है और राष्ट्र मजबूत हो सकता है। आज उन्हें पहचानना होगा जो स्वतंत्रता आंदोलन से निकली सांप्रदायिकता के विष को बांटने और अमृत को बिखेर देने में लगे हैं।

किसान आंदोलन ने आजादी के आंदोलन की तरह ही भारतीय समाज की संस्थाओं और उच्च आधुनिक आदर्शों के बीच एक रिश्ता कायम किया है। भारतीय समाज की संस्थाएं अगर संविधान को बचाएंगी तो संविधान उन्हें बदलने और आधुनिक बनने का अवसर भी प्रदान करेगा। धार्मिक स्वतंत्रता के साथ ही सामाजिक सुधार यानी सामाजिक क्रांति की गुंजाइश हमारे संविधान के मौलिक अधिकारों और नीति निदेशक तत्वों के भीतर है। आइए इस संविधान दिवस पर संविधान की भावना, उसके मूल तत्वों और उन शक्तियों को पहचानें जो उसे बचाने में लगी हैं और जो बचा सकती हैं। साथ ही उन ताकतों को भी पहचानें जो इसकी शपथ लेकर इसकी जड़ों को दीमक की तरह खोखला कर रही हैं और एक दिन उसके गिर जाने का इंतजार कर रही हैं। या किसी विवादित ढांचे की तरह उसे धक्का देकर गिरा देना चाहती हैं।

(लेखक वरिष्ठ पत्रकार हैं। विचार व्यक्तिगत हैं।)

Constitution Day
Constitution day of india
Indian constitution
Constitution of India
B R Ambedkar
Constitutional right

Related Stories

सुप्रीम कोर्ट का ऐतिहासिक आदेश : सेक्स वर्कर्स भी सम्मान की हकदार, सेक्स वर्क भी एक पेशा

यह लोकतांत्रिक संस्थाओं के पतन का अमृतकाल है

यति नरसिंहानंद : सुप्रीम कोर्ट और संविधान को गाली देने वाला 'महंत'

कौन हैं ग़दरी बाबा मांगू राम, जिनके अद-धर्म आंदोलन ने अछूतों को दिखाई थी अलग राह

भारतीय लोकतंत्र: संसदीय प्रणाली में गिरावट की कहानी, शुरुआत से अब में कितना अंतर?

लोकतंत्र के सवाल: जनता के कितने नज़दीक हैं हमारे सांसद और विधायक?

बाबा साहेब की राह पर चल देश को नफ़रती उन्माद से बचाने का संकल्प

डॉ.अंबेडकर जयंती: सामाजिक न्याय के हजारों पैरोकार पहुंचे संसद मार्ग !

ग्राउंड रिपोर्ट: अंबेडकर जयंती पर जय भीम और संविधान की गूंज

एक आधुनिक लोकतांत्रिक राष्ट्रनिर्माण की डॉ. आंबेडकर की परियोजना आज गहरे संकट में


बाकी खबरें

  • अजय कुमार
    रिपोर्टर्स कलेक्टिव का खुलासा: कैसे उद्योगपतियों के फ़ायदे के लिए RBI के काम में हस्तक्षेप करती रही सरकार, बढ़ती गई महंगाई 
    07 Apr 2022
    द रिपोर्टर्स कलेक्टिव के पत्रकार सोमेश झा ने सूचना के अधिकार के तहत हासिल दस्तावेज़ों की छानबीन कर यह पता लगाया है कि कैसे रिज़र्व बैंक ऑफ़ इंडिया की स्वायत्तता को खत्म किया गया। कैसे रिज़र्व बैंक ऑफ़…
  • विजय विनीत
    सारनाथ के धमेक स्तूप की पूजा-प्रार्थना रोके जाने से पुरातत्व विभाग और बौद्ध धर्मावलंबियों में बढ़ा विवाद
    07 Apr 2022
    "अधीक्षण पुरातत्वविद अबिनाश मोहंती ने धमेक स्तूप की पूजा-ध्यान को धंधा बना लिया है। सख़्ती सिर्फ़ उन लोगों के साथ की जाती है जो सुविधा शुल्क नहीं देते। इनके दुर्व्यवहार से तंग आकर ताइवान, चीन, जापान,…
  • मनु मौदगिल
    भारतीय कैंपस के होस्टलों में ट्रांसजेंडर छात्रों के लिए अब भी जगह नहीं
    07 Apr 2022
    जेंडर स्पेसिफिक छात्रावास की ग़ैरमौजूदगी का मतलब ट्रांसजेंडर छात्रों को आवास सुविधाओं से वंचित कर दिया जाना होता है, और इस वजह से उनमें से कई छात्र कॉलेज छोड़ने के लिए मजबूर हो जाते हैं।
  • सोमा मारला
    ईंधन की क़ीमतों में बढ़ोतरी से ग़रीबों पर बोझ न डालें, अमीरों पर लगाएं टैक्स
    07 Apr 2022
    केंद्र सरकार ग़रीबों पर टैक्स लगाकर अमीरों से वसूले जाने वाले टैक्स में कटौती कर रही है।
  • न्यूज़क्लिक रिपोर्ट
    डीएपी और एनपीके खाद महंगी हुई, माकपा ने बताया मोदी सरकार का एक और किसान विरोधी फ़ैसला
    07 Apr 2022
    "कभी कभी तो लगता है जैसे यह सरकार किसानों से किसान आंदोलन का बदला ले रही हो।"
  • Load More
सब्सक्राइब करें
हमसे जुडे
हमारे बारे में
हमसे संपर्क करें

CC BY-NC-ND This work is licensed under a Creative Commons Attribution-NonCommercial-NoDerivatives 4.0 International License