NewsClick

NewsClick
  • English
  • राजनीति
  • अर्थव्यवस्था
  • विज्ञान
  • संस्कृति
  • भारत
  • अंतरराष्ट्रीय
  • हमारे लेख
  • हमारे वीडियो
search
menu

सदस्यता लें, समर्थन करें

image/svg+xml
  • सारे लेख
  • न्यूज़क्लिक लेख
  • सारे वीडियो
  • न्यूज़क्लिक वीडियो
  • राजनीति
  • अर्थव्यवस्था
  • विज्ञान
  • संस्कृति
  • भारत
  • अंतरराष्ट्रीय
  • अफ्रीका
  • लैटिन अमेरिका
  • फिलिस्तीन
  • नेपाल
  • पाकिस्तान
  • श्री लंका
  • अमेरिका
  • एशिया के बाकी
हमारे बारे में
हमसे संपर्क करें
सब्सक्राइब करें
हमारा अनुसरण करो Facebook - Newsclick Twitter - Newsclick RSS - Newsclick
close menu
भारत
राजनीति
एक चिट्ठी बापू के नाम
बापू, आप तो ‘सरकार जी’ के लिए सिर्फ़ याद करने के लिए ही हैं। काम करने के लिए तो सावरकर और गोडसे ही आदर्श हैं।
डॉ. द्रोण कुमार शर्मा
02 Oct 2021
Gandhi

प्यारे बापू,

हम सब यहां, भारत देश में ठीक हैं और आशा करते हैं कि आप भी वहां, ऊपर सकुशल होंगे।

आगे समाचार यह है कि आज दो अक्टूबर है और आपको तो याद ही होगा कि आज आपका जन्मदिन है। आज आप होते तो पूरे एक सौ बावन साल के हो जाते। पर भला इतने साल भी कोई जीता है। आज पूरे देश में आपका जन्मदिन मनाया जा रहा है। हर वर्ष की तरह से आपकी याद में जगह जगह समारोह हो रहे हैं और आपको याद किया जा रहा है। आपके सिद्धांतों को याद किया जा रहा है और उन पर चलने की कसमें खाई जा रही हैं। पर बापू, यह तो सिर्फ एक रस्म अदायगी है। हम हिंदुस्तानी अब इतने बेवकूफ नहीं रह गये हैं कि आपके द्वारा बताए गए सत्य और अहिंसा के रास्ते पर विश्वास करते रहें, चलते रहें।

बापू, आपकी जयंती पर पूरे देश में कार्यक्रम हो रहे हैं। आपकी फोटो-मूर्तियों पर माला चढ़ाई जा रही हैं। आपकी प्रशस्ति में भाषण दिए जा रहे हैं। कविताएं और गाने गाए जा रहे हैं। कई जगह तो पूरे सप्ताह या फिर पूरे पखवाड़े कार्यक्रम होंगे। पूरे सात या पन्द्रह दिन तक आपको याद किया जाएगा। सत्याग्रह और अन्य आंदोलनों पर बातें भी की जाएंगी। पर बापू, अब हम इन चीजों पर सिर्फ बातें ही करते हैं।

राजा ‘सरकार जी’ भी, चाहे मजबूरी में ही सही, आपको याद करेंगे। और उनके वज़ीर भी आपको याद करेंगे। आपकी समाधि पर कार्यक्रम होंगे और ‘सरकार जी’ भी राजघाट जाएंगे और वहां माला अर्पण करेंगे। बाकी वज़ीर भी ऐसा ही करेंगे। गांधीजी को याद करेंगे, उनकी याद में भाषण देंगे। बापू, आप तो ‘सरकार जी’ के लिए सिर्फ याद करने के लिए ही हैं। काम करने के लिए तो सावरकर और गोडसे ही आदर्श हैं।

बापू, मैंने झूठ बोला। आपसे झूठ बोला। मैंने शुरू में ही लिखा कि यहां सब ठीक-ठाक है। पर क्या करूं, किसी भी पत्र को लिखने का तरीका यह ही बताया जाता है, बड़े बूढ़ों ने यही सिखाया है। पर सच्ची बात तो यह है कि यहां कुछ भी ठीक नहीं है। आपके सत्य की अब यहां पूजा नहीं होती है। सत्य का कोई रखवाला नहीं है। उसकी जगह झूठ ने ले ली है। बापू अब यहां झूठ का ही बोलबाला है। झूठ ही पुजने लगा है। बड़े से बड़ा नेता भी, सरकार जी भी, इतने आत्मविश्वास से झूठ बोलते हैं कि जितने आत्मविश्वास से कोई सच भी नहीं बोल सकता है।

बापू, आपकी अहिंसा अब कहीं नहीं रह गई है। अंग्रेजों के राज में शायद इतने लोगों को 'इंकलाब' बोलने पर नहीं मारा गया होगा जितने लोगों को आज, सरकार जी के राज में गाय को लेकर और 'जय श्री राम' न बोलने के नाम पर मार दिया गया। बापू, आपके जमाने में अंग्रेजों की पुलिस घूमने गए लोगों को तो नहीं ही मारती थी न। पर अब पुलिस घूमने गए लोगों को भी मार डालती है। और सरकारी अधिकारी, वे तो एक जगह से आगे बढ़ने पर किसानों का सिर फोड़ने का आदेश तक दे देते हैं। 

बापू, आपका असहयोग और आंदोलन भी अब के जमाने में फेल हो गए हैं। आपका जमाना अलग था। अंग्रेज भी आंदोलन की भाषा समझ लेते थे। पर अब तो हमारी सरकार इतनी अधिक हमारी है कि हमारे ही आंदोलन को नहीं समझती है।

किसान साल भर से आंदोलन पर हैं पर सरकार जी के लिए यह अभी कम है। बापू, वो तो पतली खाल वाले अंग्रेज थे जिन पर आपके आंदोलनों का असर हो जाता था। पर हमारे सरकार जी की खाल इतनी पतली नहीं है, वे तो मोटी खाल वाले हैं। वे न तो किसानों के आंदोलन से प्रभावित होते हैं और न ही महिलाओं, युवाओं या छात्रों के आंदोलनों से।

बापू, आप यह सब सुन व्यथित होंगे। चाहेंगे कि तत्काल अपने देश पहुंच जायें, भारत देश पहुंच जायें। पर ऐसी गलती मत करना बापू। बापू अब वे लोग पहले से अधिक ताकतवर हैं। अब वे आपको अठहत्तर वर्ष तक नहीं जीने देंगे बापू।

बापू, मैं जानता हूं आप निडर हैं, आपको मृत्यु का कोई भय नहीं है। पर बापू आपने उस राजा की कहानी तो सुनी ही होगी जिसने अपनी मृत्यु का कारण बनने वाले बच्चे का जन्म लेने की बात सुनते ही सभी नवजात शिशुओं को मार दिया था। बापू आप अपने लिए न सही, पर कम से कम नन्हे-मुन्ने नवजातों के लिए ही सही, दोबारा जन्म न लेना।

बापू, न तो आप दोबारा जन्म लेना, न जन्म लेने की सोचना और न ही जन्म लेने की अफवाह उड़ने देना। नहीं तो ये लोग हर उस गांव, शहर, जिले, प्रदेश या फिर पूरे देश के सभी बच्चों को मार डालेंगे जहां भी आपके जन्म लेने की अफवाह उड़ेगी।

आपका प्यारा

एक भारतीय नागरिक

(यह एक व्यंग्यात्मक आलेख है। लेखक पेशे से चिकित्सक हैं। विचार व्यक्तिगत हैं।)

Gandhi Jayanti 2021
Mahatma Gandhi
Satire
Political satire

Related Stories

तिरछी नज़र: सरकार जी के आठ वर्ष

कटाक्ष: मोदी जी का राज और कश्मीरी पंडित

कटाक्ष:  …गोडसे जी का नंबर कब आएगा!

तिरछी नज़र: ये कहां आ गए हम! यूं ही सिर फिराते फिराते

तिरछी नज़र: 2047 की बात है

कटाक्ष: महंगाई, बेकारी भुलाओ, मस्जिद से मंदिर निकलवाओ! 

ताजमहल किसे चाहिए— ऐ नफ़रत तू ज़िंदाबाद!

वैष्णव जन: गांधी जी के मनपसंद भजन के मायने

तिरछी नज़र: ...ओह माई गॉड!

कांग्रेस चिंता शिविर में सोनिया गांधी ने कहा : गांधीजी के हत्यारों का महिमामंडन हो रहा है!


बाकी खबरें

  • समीना खान
    विज्ञान: समुद्री मूंगे में वैज्ञानिकों की 'एंटी-कैंसर' कम्पाउंड की तलाश पूरी हुई
    31 May 2022
    आख़िरकार चौथाई सदी की मेहनत रंग लायी और  वैज्ञानिक उस अणु (molecule) को तलाशने में कामयाब  हुए जिससे कैंसर पर जीत हासिल करने में मदद मिल सकेगी।
  • cartoon
    रवि शंकर दुबे
    राज्यसभा चुनाव: टिकट बंटवारे में दिग्गजों की ‘तपस्या’ ज़ाया, क़रीबियों पर विश्वास
    31 May 2022
    10 जून को देश की 57 राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव होने हैं, ऐसे में सभी पार्टियों ने अपने बेस्ट उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं। हालांकि कुछ दिग्गजों को टिकट नहीं मिलने से वे नाराज़ भी हैं।
  • एम. के. भद्रकुमार
    यूक्रेन: यूरोप द्वारा रूस पर प्रतिबंध लगाना इसलिए आसान नहीं है! 
    31 May 2022
    रूसी तेल पर प्रतिबंध लगाना, पहले की कल्पना से कहीं अधिक जटिल कार्य साबित हुआ है।
  • अब्दुल रहमान
    पश्चिम बैन हटाए तो रूस वैश्विक खाद्य संकट कम करने में मदद करेगा: पुतिन
    31 May 2022
    फरवरी में यूक्रेन पर हमले के बाद अमेरिका और उसके सहयोगियों ने रूस पर एकतरफा प्रतिबंध लगाए हैं। इन देशों ने रूस पर यूक्रेन से खाद्यान्न और उर्वरक के निर्यात को रोकने का भी आरोप लगाया है।
  • न्यूज़क्लिक रिपोर्ट
    कोरोना अपडेट: देश में नए मामलों में करीब 16 फ़ीसदी की गिरावट
    31 May 2022
    देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 2,338 नए मामले सामने आए हैं। जबकि 30 मई को कोरोना के 2,706 मामले सामने आए थे। 
  • Load More
सब्सक्राइब करें
हमसे जुडे
हमारे बारे में
हमसे संपर्क करें

CC BY-NC-ND This work is licensed under a Creative Commons Attribution-NonCommercial-NoDerivatives 4.0 International License