NewsClick

NewsClick
  • English
  • राजनीति
  • अर्थव्यवस्था
  • विज्ञान
  • संस्कृति
  • भारत
  • अंतरराष्ट्रीय
  • हमारे लेख
  • हमारे वीडियो
search
menu

सदस्यता लें, समर्थन करें

image/svg+xml
  • सारे लेख
  • न्यूज़क्लिक लेख
  • सारे वीडियो
  • न्यूज़क्लिक वीडियो
  • राजनीति
  • अर्थव्यवस्था
  • विज्ञान
  • संस्कृति
  • भारत
  • अंतरराष्ट्रीय
  • अफ्रीका
  • लैटिन अमेरिका
  • फिलिस्तीन
  • नेपाल
  • पाकिस्तान
  • श्री लंका
  • अमेरिका
  • एशिया के बाकी
हमारे बारे में
हमसे संपर्क करें
सब्सक्राइब करें
हमारा अनुसरण करो Facebook - Newsclick Twitter - Newsclick RSS - Newsclick
close menu
नज़रिया
समाज
हम भारत के लोग
भारत
राजनीति
हम भारत के लोग: झूठी आज़ादी का गणतंत्र!
दरअसल सरकारें ग़रीब आदमी की बजाय पूंजीपतियों के हाथ में खेलती हैं इसलिए ग़रीबों का हक़ मारकर उनका पैसा अमीरों, दलालों, सत्तासीन वर्गों के पास चला जाता है। जब तक इस पर अंकुश नहीं लगेगा तब तक यह आज़ादी झूठी ही समझी जाएगी।
शंभूनाथ शुक्ल
24 Jan 2022
hum bharat ke log

राजनीति भरोसे से चलती है और लोकप्रियता पाखंड से। मगर लोकतंत्र चलता है निष्ठा, विश्वास, नैतिक मूल्यों और मनुष्यता के प्रति ईमानदारी के बूते। समता, सौहार्द और देशप्रेम ऐसे मूल्य हैं जिनसे कोई भी लोकतंत्र मजबूत बनता है। यह हमारा लोकतंत्र जो पिछले सात दशकों में इतनी ऊँच-नीच झेल चुका है कि हर बार लगता है कि अब लोकतंत्र खतरे में है पर लोकतंत्र पूरी मजबूती के साथ खड़ा रहता है और इसकी वजह है कि हमारे अपने देश की बहुरंगी एवं बहुलतावादी संस्कृति। कोई एक संस्कृति या समुदाय यहां अपना एकाधिकार या अधिनायकत्व नहीं चला सकता। यही बहुलता इसकी ताकत है और यही इसके विवाद की जड़। मगर यह नहीं होती तो भारत वह देश नहीं होता जो तमाम झंझावतों के बावजूद अपने लोकतंत्र को पूरी शिद्दत के साथ जिंदा रखता।

एक इतना बड़ा मुल्क जो आबादी के लिहाज से आज दुनिया में नंबर वन है वह अगर अपने लोकतंत्र को यथावत रखता है तो किसी चमत्कार से कम नहीं। आज जबकि बीसवीं सदी में आजाद हुए सारे मुल्क एक-एक कर अपने लोकतंत्र को ध्वस्त करते गए ऐसे में भारत में लोकतंत्र का बने रहना आश्चर्य-सा लगता है। इसीलिए अपनी बहुलतावादी संस्कृति को बनाए रखना और उसमें और रंग भरना आज की जरूरत है।

हर साल गणतंत्र दिवस पर हम यह शपथ लेते हैं और इसे यथावत रखने का प्रदर्शन भी करते हैं पर लोकप्रिय बने रहने की हमारे राजनेताओं की ललक इस शपथ को कहीं न कहीं तोड़ती रहती है।

हमारे देश को आजादी भले 15 अगस्त 1947 को मिल गई हो लेकिन एक संप्रभु राष्ट्र तब ही बनता है जब उसका अपना संविधान हो और राजकीय व्यवस्था हो। इस लिहाज से भारत को एक संप्रभु राष्ट्र का दर्जा 26 जनवरी 1950 को मिला जब हमारी संविधान सभा के 366 सदस्यों ने संविधान को पारित किया। इसके पहले ब्रिटिश सरकार ने इंडिया इंडिपेंडेंस एक्ट के तहत देश की बागडोर हमें सौंपी थी। यह एक्ट यूनाइटेड किंगडम में जार्ज छठे के साम्राज्य वाली पार्लियामेंट ने अपने सारे उपनिवेशों को आजादी देते वक्त बनाया था। यानी 26 जनवरी 1950 के पहले तक हमारे देश में लगभग वही कानून अमल में थे जो 1935 में ब्रिटिश संसद ने संशोधित औपनिवेशिक कानून पास किए थे।

हालांकि आजादी मिलने के तत्काल बाद 28 अगस्त 1947 को ही डॉक्टर भीमराव अंबेडकर के नेतृत्व में संविधान निर्मात्री समिति का गठन कर दिया गया था। और आनन-फानन में ही इस समिति ने उसी वर्ष चार नवंबर को एक ड्राफ्ट कांस्टीट्यूट असेंबली (धारा सभा) के पास भेज भी दिया। धारा सभा ने कुल 166 अधिवेशन किए और खूब बहस-मुबाहिसों के बाद आखिरकार दो वर्ष 11 महीने और 18 दिन बाद अंतत: एक संप्रभु भारत राष्ट्र का संविधान धारा सभा के 308 सदस्यों ने दस्तखत कर सरकार के पास 24 जनवरी 1950 को भेज दिया। इसकी दो प्रतियां थीं एक हिंदी में और दूसरी अंग्रेजी में। दो दिन बाद यह जस का तस 26 जनवरी को सरकार ने मान लिया।

हर संप्रभु राष्ट्र की तरह हमारा देश भी अपने गणतंत्र दिवस 26 जनवरी के रोज हर साल एक भव्य समारोह आयोजित करता है। इस दिन रायसीना की पहाडिय़ों में स्थित राष्ट्रपति भवन से वाया राजपथ इंडिया गेट स्थित अमर जवान ज्योति तक एक परेड होती है और उस दिन करीब-करीब ढाई घंटे राष्ट्रपति महोदय अनवरत खड़े रहकर यह परेड देखते हैं। अमर जवान ज्योति पर पहुंच कर युद्ध में मारे गए शहीदों की याद में दो मिनट का मौन रखा जाता है और इसके बाद यह समारोह बर्खास्त हो जाता है। इसके तीन दिन बाद 29 जनवरी को बीटिंग रिट्रीट परेड होती है और सेना के अंगों की कोर के जवान परेड करते हैं तथा गणतंत्र दिवस समारोह की औपचारिक समाप्ति होती है।

1955 से एक और परंपरा चली आ रही है और वह कि इस दिन राष्ट्रपति अपने साथ एक राजकीय अतिथि को भी लाते हैं जो किसी देश का राष्ट्राध्यक्ष होता है। शुरू के पांच वर्षों तक कोई राजकीय अतिथि नहीं बुलाया गया क्योंकि तब तक गणतंत्र दिवस समारोह का कोई स्थायी स्थल तय नहीं हुआ था। यद्यपि 1950 में इंडोनेशिया के राष्ट्रपति सुकर्णो भारत आए हुए थे इसलिए उन्हें इस समारोह में बुलाया गया था। और 1951 में नेपाल के किंग त्रिभुवन बीर बिक्रम शाह पहुँचे हुए थे। 1952 और 53 में कोई नहीं रहा किंतु 1954 में भूटान नरेश किंग जिग्मे दोरजी वांग्चुक भारत में थे। वे भी गणतंत्र दिवस समारोह में शरीक हुए थे।

1955 से यह प्रथा स्थायी बना दी गई और तब पहले राजकीय अतिथि पाकिस्तान के राष्ट्रपति गवर्नर जनरल मलिक गुलाम मोहम्मद राजपथ के समारोह की परेड में शामिल हुए। इसके बाद यह सिलसिला चल निकला और दो बार तो खुद युनाइटेड किंगडम (ग्रेट ब्रिटेन) से अतिथि आए। पहली बार 1961 में क्वीन एलिजाबेथ और दूसरी बार 1993  में प्रधानमंत्री जान मेजर। अब तक सबसे ज्यादा बार फ्रांस के राष्ट्रपति ने शिरकत की है कुल पांच बार। 2008 में उनके राष्ट्रपति सरकोजी अपनी नवेली पत्नी के साथ गणतंत्र दिवस परेड में आए थे। 2016 में भी फ़्रांस के राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद राजकीय अतिथि थे। भूटान नरेश भी चार बार इस परेड में राजकीय अतिथि बन चुके हैं। आखिरी बार मौजूदा भूटान नरेश 2013 में आए थे। रूस से तीन बार राजकीय अतिथि आया। दो बार सोवियत रूस से तथा आखिरी बार मौजूदा रूसी गणतंत्र के राष्ट्रपति पुतिन 2007 में आए थे।

हम पिछले 72 साल से अनवरत यह दिन मना रहे हैं पर यह सत्य है कि अपने संविधान की मूल भावना पर अमल हम अभी तक नहीं कर पाए हैं। संविधान हर व्यक्ति को रोजी-रोटी व कपड़ा का भरोसा देता है, संविधान हर व्यक्ति को उसकी मर्यादा को बनाए रखने तथा उसे अपनी बात कहने की पूर्ण आजादी प्रदान करता है। संविधान हर देशवासी को बिना किसी लैंगिक, जातीय, सामुदायिक व सांप्रदायिक भेदभाव के गुजर बसर करने का पूरा अधिकार देता है। संविधान गारंटी देता है कि भारत में हर नागरिक समान है और उसे भय-भूख के चलते प्रताड़ित नहीं किया जाएगा। देश में हर व्यक्ति को न्याय व सम्मान मिलेगा।

लेकिन वास्तविकता कहीं उलटी है। सत्य तो यह है कि संविधान के भरोसे के बावजूद देश में हर आदमी को न तो मुकम्मल आजादी है न ही निर्भय होकर जीने की गारंटी। हमारे संविधान निर्माताओं ने एक ऐसा संविधान रचा था जिसमें हर तरह की सामाजिक सुरक्षा की बात थी पर हमारी सरकारों ने उसमें इतने सारे संशोधन कर इतने ज्यादा उसकी मूल भावना को ही जगह-जगह से बाधित कर दिया है। पिछले 72 सालों की सरकारों ने अपनी सुविधा और वोट बैंक का ख्याल कर इसका मनचाहा इस्तेमाल किया है। जबकि संविधान की नजर में हर देशवासी समान है भले वह सत्ता पर बैठा राजनेता हो, नौकरशाह हो अथवा पूंजीपति पर मजा देखिए कि आज सबसे कमजोर  स्थिति उस व्यक्ति की है जो संविधान को ही अपना रक्षक मानता रहा है। दरअसल इसकी वजह इस संविधान की रक्षा में सन्नद्ध एजेंसियों की नीयत में खोट होना रहा है।

अगर हमने संविधान की भावना के अनुरूप अपने देशवासियों को उनकी मूल जरूरतें भी पूरी नहीं कीं तो उसकी जवाबदेही भी तय करनी होगी। राष्ट्रपति भले ही देश के कार्यपालक अधिकारी न हों पर संविधान के अनुरूप वे हमारे इस राष्ट्र की तीनों संवैधानिक इकाईयों के प्रमुख हैं। विधायिका, न्यायपालिका और कार्यपालिका उनके अधीन रहकर काम करती है इसलिए उन्हें उन सब गतिविधियों पर नजर रखनी होगी जो संविधान की मूल भावना के विरुद्ध जा रही हों। एक सक्षम राष्ट्र में राष्ट्राध्यक्ष को तय करना होता है कि संविधान की एक-एक धारा पर यथावत अमल करने की आजादी देशवासियों को मिले। तथा इसके साथ ही विधायिका व कार्यपालिका को भी तय करना होगा कि वे हर देश वासी के दुख को दूर कर सकें। उन्हें निर्भय रहकर जीने की आजादी प्रदान करें।

जिस दिन इस देश के हर एक आदमी की आंख का आंसू दूर हो जाएगा उसी दिन सही मायनों में हम गणतंत्र की अपनी अवधारणा पर खरे उतरेंगे। गणतंत्र दिवस को याद करना एक रस्मी आयोजन नहीं है बल्कि इसके बहाने सरकार पर भी दबाव बनता है कि कैसे हर एक आदमी को आजादी मिले। संविधान-सम्मत आजादी का मतलब है हर गरीब के आंसू पोंछना। उसके सहज जीवन-यापन के लिए सरकारों को पूरी तरह चाक-चौबंद रहना। सरकारें देशवासियों के कल्याण के लिए बनती हैं न कि इसलिए कि वे शासकों के शाहाना ठाठ-बाट का खर्च उठाएं। मगर देखा जाए तो आज तक हर गरीब के आंसू पोंछना तो दूर सरकारें देश में हर आदमी को पीने का पानी तक नहीं मुहैया करा पाई हैं। हर गांव को न तो बिजली मिली है न हर घर को चूल्हा और न ही हर घर में पानी या शौचालय। यह काम सरकार के हैं और इनके लिए सक्षम एजेंसियों को चाहिए कि वे सख्ती से ये काम करवाएं। मगर गांवों में कुछ नहीं है। आज भी हर गांव में स्कूल तक नहीं हैं। दरअसल सरकारें गरीब आदमी की बजाय पूंजीपतियों के हाथ में खेलती हैं इसलिए गरीबों का हक मारकर उनका पैसा अमीरों, दलालों, सत्तासीन वर्गों के पास चला जाता है। जब तक इस पर अंकुश नहीं लगेगा तब तक यह आजादी झूठी ही समझी जाएगी।

(लेखक वरिष्ठ पत्रकार हैं। विचार व्यक्तिगत हैं।)

Hum Bharat Ke Log
We the people of India
republic day
73rd Republic Day
Constitution of India
preamble of Indian Constitution
Narendra modi
Modi government
democracy

Related Stories

PM की इतनी बेअदबी क्यों कर रहे हैं CM? आख़िर कौन है ज़िम्मेदार?

ख़बरों के आगे-पीछे: मोदी और शी जिनपिंग के “निज़ी” रिश्तों से लेकर विदेशी कंपनियों के भारत छोड़ने तक

भारत को मध्ययुग में ले जाने का राष्ट्रीय अभियान चल रहा है!

यूपी में संघ-भाजपा की बदलती रणनीति : लोकतांत्रिक ताकतों की बढ़ती चुनौती

बात बोलेगी: मुंह को लगा नफ़रत का ख़ून

ख़बरों के आगे-पीछे: क्या अब दोबारा आ गया है LIC बेचने का वक्त?

ख़बरों के आगे-पीछे: गुजरात में मोदी के चुनावी प्रचार से लेकर यूपी में मायावती-भाजपा की दोस्ती पर..

17वीं लोकसभा की दो सालों की उपलब्धियां: एक भ्रामक दस्तावेज़

कार्टून क्लिक: चुनाव ख़तम-खेल शुरू...

ख़बरों के आगे-पीछे: राष्ट्रीय पार्टी के दर्ज़े के पास पहुँची आप पार्टी से लेकर मोदी की ‘भगवा टोपी’ तक


बाकी खबरें

  • blast
    न्यूज़क्लिक रिपोर्ट
    हापुड़ अग्निकांड: कम से कम 13 लोगों की मौत, किसान-मजदूर संघ ने किया प्रदर्शन
    05 Jun 2022
    हापुड़ में एक ब्लायलर फैक्ट्री में ब्लास्ट के कारण करीब 13 मज़दूरों की मौत हो गई, जिसके बाद से लगातार किसान और मज़दूर संघ ग़ैर कानूनी फैक्ट्रियों को बंद कराने के लिए सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रही…
  • Adhar
    अनिल जैन
    ख़बरों के आगे-पीछे: आधार पर अब खुली सरकार की नींद
    05 Jun 2022
    हर हफ़्ते की तरह इस सप्ताह की जरूरी ख़बरों को लेकर फिर हाज़िर हैं लेखक अनिल जैन
  • डॉ. द्रोण कुमार शर्मा
    तिरछी नज़र: सरकार जी के आठ वर्ष
    05 Jun 2022
    हमारे वर्तमान सरकार जी पिछले आठ वर्षों से हमारे सरकार जी हैं। ऐसा नहीं है कि सरकार जी भविष्य में सिर्फ अपने पहनावे और खान-पान को लेकर ही जाने जाएंगे। वे तो अपने कथनों (quotes) के लिए भी याद किए…
  • न्यूज़क्लिक डेस्क
    इतवार की कविता : एरिन हेंसन की कविता 'नॉट' का तर्जुमा
    05 Jun 2022
    इतवार की कविता में आज पढ़िये ऑस्ट्रेलियाई कवयित्री एरिन हेंसन की कविता 'नॉट' जिसका हिंदी तर्जुमा किया है योगेंद्र दत्त त्यागी ने।
  • राजेंद्र शर्मा
    कटाक्ष: मोदी जी का राज और कश्मीरी पंडित
    04 Jun 2022
    देशभक्तों ने कहां सोचा था कि कश्मीरी पंडित इतने स्वार्थी हो जाएंगे। मोदी जी के डाइरेक्ट राज में भी कश्मीर में असुरक्षा का शोर मचाएंगे।
  • Load More
सब्सक्राइब करें
हमसे जुडे
हमारे बारे में
हमसे संपर्क करें

CC BY-NC-ND This work is licensed under a Creative Commons Attribution-NonCommercial-NoDerivatives 4.0 International License