NewsClick

NewsClick
  • English
  • राजनीति
  • अर्थव्यवस्था
  • विज्ञान
  • संस्कृति
  • भारत
  • अंतरराष्ट्रीय
  • हमारे लेख
  • हमारे वीडियो
search
menu

सदस्यता लें, समर्थन करें

image/svg+xml
  • सारे लेख
  • न्यूज़क्लिक लेख
  • सारे वीडियो
  • न्यूज़क्लिक वीडियो
  • राजनीति
  • अर्थव्यवस्था
  • विज्ञान
  • संस्कृति
  • भारत
  • अंतरराष्ट्रीय
  • अफ्रीका
  • लैटिन अमेरिका
  • फिलिस्तीन
  • नेपाल
  • पाकिस्तान
  • श्री लंका
  • अमेरिका
  • एशिया के बाकी
हमारे बारे में
हमसे संपर्क करें
सब्सक्राइब करें
हमारा अनुसरण करो Facebook - Newsclick Twitter - Newsclick RSS - Newsclick
close menu
नज़रिया
भारत
राजनीति
अब गठबंधन की राजनीति से भी छुटकारा पाना चाहती है भाजपा!
अभी तक कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के विधायकों-सांसदों को तोड़ कर अपने पाले में ला रही भाजपा ने अब यही खेल अपने सहयोगी दलों के साथ भी खेलना शुरू कर दिया है।

अनिल जैन
31 Dec 2020
अब गठबंधन की राजनीति से भी छुटकारा पाना चाहती है भाजपा!

हाल ही में ब्रिटेन की मशहूर पत्रिका 'द इकॉनॉमिस्ट’ ने लिखा है कि भारत एक पार्टी वाला देश बनने की ओर बढ़ रहा है। भारतीय जनता पार्टी की पूरी राजनीति भी इसी बात की पुष्टि कर रही है। अभी तक कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के विधायकों-सांसदों को तोड़ कर अपने पाले में ला रही भाजपा ने अब यही खेल अपने सहयोगी दलों के साथ भी खेलना शुरू कर दिया है। इस सिलसिले में अरुणाचल प्रदेश का राजनीतिक घटनाक्रम सबसे ताजी और बडी मिसाल है। वहां उसने अपने ही सबसे बड़े और करीब दो दशक पुराने सहयोगी जनता दल (यू) के 7 में से 6 विधायकों को तोड़ कर अपने में शामिल कर लिया है।

अरुणाचल प्रदेश का यह घटनाक्रम इस बात का स्पष्ट संकेत है कि भाजपा का राजनीतिक अभियान अब सिर्फ 'विपक्ष-मुक्त भारत’ तक ही सीमित नहीं रहने वाला है। अब उसने 'विपक्ष-मुक्त भारत’ के साथ-साथ अपने को गठबंधन की राजनीति से मुक्त करने का अभियान भी शुरू कर दिया है। यह इस बात का भी संकेत है कि जिस राज्य में उसने मजबूती से अपने पैर जमा लिए है, वहां अब वह अपने सहयोगी दलों के वजूद को भी खत्म करने का इरादा रखती है।

हालांकि भारत में गठबंधन की राजनीति शुरू करने का श्रेय तीन दशक पहले विश्वनाथ प्रताप सिंह की अगुवाई में गठित जनता दल को जाता है। उसने दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर के क्षेत्रीय दलों के साथ मिलकर राष्ट्रीय मोर्चा बनाया था। राष्ट्रीय मोर्चा की सरकार भी बनी लेकिन ज्यादा दिन नहीं चली। बाद में 1996 में संयुक्त मोर्चा बना और उसकी भी सरकार बनी, लेकिन वह भी टिकाऊ नहीं रही। लेकिन भाजपा को गठबंधन की राजनीति का चैंपियन माना जाता रहा है। खुद भाजपा ने भी कई मौकों पर अपने सहयोगी दलों के प्रति उदारता बरतते हुए इस बात को साबित भी किया है। कई मौकों पर उसने अपने सहयोगियों को गठबंधन धर्म निभाने की नसीहत भी दी है। गठबंधन की राजनीति के बूते ही उसने करीब दो दशक पहले भी अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में सरकार बनाई थी। उस समय उसकी अगुवाई में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) का निर्माण हुआ था।

1998 में करीब 25 छोटे-बड़े दलों का बना वह गठबंधन राष्ट्रीय राजनीति में अब तक का सबसे बडा गठबंधन था। 2004 के आम चुनाव में सत्ता से अलग हो जाने के बाद कई दलों ने अलग-अलग वजहों से इस गठबंधन से नाता तोड़ लिया। इसके बावजूद इसी गठबंधन के सहारे भाजपा ने 2014 में पूर्ण बहुमत हासिल किया और नरेंद्र मोदी की अगुवाई में सरकार बनाई। उसने 2019 का चुनाव भी इसी गठबंधन का नेतृत्व करते हुए लड़ा। इस चुनाव में उसे अकेले ही जिस तरह की भारी-भरकम जीत मिली, उसके चलते साफ दिख रहा है कि उसका अपने सहयोगी दलों के प्रति नजरिया बदल गया है। उसे लग रहा है कि अब उसे देश में कहीं भी किसी सहयोगी की जरुरत नहीं रह गई है। उसके इस इरादे की झलक अरुणाचल के राजनीतिक घटनाक्रम में देखी जा सकती है।

भाजपा का लक्ष्य किसी भी कीमत पर हर राज्य में अपनी सरकार बनाना है। इसलिए अरुणाचल का घटनाक्रम इस बात का भी संकेत है कि बिहार की राजनीति में आने वाले दिनों में चौंकाने वाली घटनाओं के साथ बड़ा परिवर्तन देखने को मिल सकता है। अरुणाचल में भाजपा की सरकार को दो तिहाई बहुमत पहले से ही हासिल था। जनता दल (यू) का भी समर्थन उसे हासिल था। ऐसे में उसे किसी अन्य पार्टी के विधायकों को तोड़ने की कतई जरुरत नहीं थी, लेकिन फिर भी उसने अपने ही सहयोगी दल के विधायकों से दलबदल कराया है तो इसका मतलब साफ है कि उसे अब जनता दल (यू) की राजी-नाराजी की कोई परवाह नहीं है। उसे इस बात की भी परवाह नहीं है कि उसका यह पुराना और सबसे बडा सहयोगी एनडीए का हिस्सा बना रहता है या नहीं। इसलिए अगर आने वाले दिनों में वह बिहार में भी नीतीश कुमार पर 'सर्जिकल स्ट्राइक’ करते हुए उनकी पार्टी के विधायकों को बडी संख्या में तोड़ती है तो कोई आश्चर्य की बात नहीं। वहां कांग्रेस के भी कुछ विधायकों के भाजपा नेताओं के संपर्क में होने की खबरें आई हैं।

दरअसल, समूचे उत्तर भारत में बिहार ही एकमात्र ऐसा राज्य है, जहां भाजपा सत्ता में भागीदार तो कई बार रही है और आज भी है लेकिन वह अपना मुख्यमंत्री नहीं बना पाई है। हालांकि वहां हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा पहली बार अपने गठबंधन यानी एनडीए की सबसे बडी पार्टी के रूप में उभरी है। लेकिन इसके बावजूद सूबे के सामाजिक समीकरणों को पूरी तरह अपने पक्ष में करने के मकसद से उसे नीतीश कुमार को ही मुख्यमंत्री के रूप में स्वीकार करना पड़ा है, जिनकी पार्टी का प्रदर्शन इस बार बेहद खराब रहा है।

दरअसल बिहार में जनता दल (यू) और भाजपा के रिश्तों में खटास विधानसभा चुनाव के दौरान ही आ गई थी, जब चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी ने एनडीए से अलग होकर अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया था। उन्होंने अकेले चुनाव लड़ा भी लेकिन सिर्फ जनता दल (यू) के कोटे की सीटों पर ही अपने उम्मीदवार खड़े किए। चुनाव प्रचार के दौरान भी चिराग पासवान पूरे समय नीतीश कुमार पर ही गंभीर आरोपों के साथ निशाना साधते रहे और साथ ही खुद को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हनुमान भी बताते रहे। चिराग के इस पैंतरे को भी भाजपा की रणनीति का ही हिस्सा माना गया। खुद नीतीश कुमार भी ऐसा ही महसूस कर रहे थे। लेकिन उनके सामने इसे बर्दाश्त करने के अलावा कोई रास्ता नहीं था। जो भी हो, करीब 30 सीटों पर लोक जनशक्ति पार्टी की वजह से जनता दल (यू) को हार का सामना करना पडा। इसी नुकसान की वजह से ही वह भाजपा से काफी पिछड़ गई।

अब यह देखना दिलचस्प होगा कि अरुणाचल में भाजपा की ओर से मिले इस झटके का सामना बिहार में नीतीश कुमार किस तरह करते हैं। उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती है अपनी पार्टी के विधायकों को एकजुट रखना और अपनी पार्टी को भाजपा की ओर से हो सकने वाली तोड़फोड़ की कार्रवाई से बचाना। यह चुनौती आसान नहीं है। फिलहाल उन्होंने एक चौंकाने वाला फैसला लेते हुए अपनी पार्टी की कमान अपने विश्वस्त समझे जाने वाले सांसद आरसीपी सिंह को सौंप दी है।

आरसीपी सिंह राजनीति में आने से पहले भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी थे। वशिष्ठ नारायण सिंह और केसी त्यागी जैसे नेताओं की वरिष्ठता को नजरअंदाज कर उन्हें अध्यक्ष बनाए जाने का मुख्य आधार उनका नीतीश कुमार का सजातीय यानी कुर्मी होना है। नीतीश कुमार भले ही उन्हें अपना विश्वस्त मानते हों, लेकिन हकीकत यह है कि आरसीपी सिंह भाजपा नेतृत्व के भी काफी करीबी हैं। उनके सहित जनता दल (यू) के कई सांसद केंद्र में मंत्री बनने की महत्वाकांक्षा रखते हैं। इसलिए माना जा रहा है कि आरसीपी सिंह के अध्यक्ष बनने के बाद जनता दल (यू) को तोड़ना अथवा पूरा हजम कर जाना भाजपा के लिए अब और आसान हो जाएगा।

भाजपा अगर बिहार में अपना मुख्यमंत्री बनाने के लिए वहां भी अरुणाचल का किस्सा दोहराती है तो उसे जनता दल (यू) के 43 में से कम से कम 29 और कांग्रेस के 19 में से 13 विधायकों को तोड़ना होगा। ऐसा करने में अगर वह सफल रहती है तो उसके लिए अपना मुख्यमंत्री बनाने का रास्ता पूरी तरह साफ हो जाएगा। हालांकि जनता दल (यू) के महासचिव और प्रवक्ता केसी त्यागी ने अरुणाचल के घटनाक्रम को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है और साथ ही बिहार की राजनीति पर इसका असर पड़ने की संभावना से इंकार किया है। लेकिन उनकी यह उम्मीद कितनी भोली और बेचारगी भरी है, इसे नरेंद्र मोदी और अमित शाह के अंदाज-ए-सियासत को देखते हुए आसानी से समझा जा सकता है।

पिछले छह साल के दौरान नरेंद्र मोदी और अमित शाह की राजनीति के बूते जिस तेजी से भाजपा का विस्तार हुआ है, वह चौंकाने वाला है। देश के कई राज्यों में उसने अपनी सरकार बनाई है। जिन राज्यों में उसे जनता ने नकार दिया, वहां भी उसने विधायकों की खरीद-फरोख्त और जोड़-तोड़ से सरकार बनाई है। पश्चिम बंगाल और केरल जैसे राज्यों में जहां कभी उसका कोई नाम लेने वाला भी नहीं होता था, वहां भी वह सरकार बनाने के जमीन-आसमान एक किए हुए है।

भाजपा अपनी जिस हिकमत अमली से किसी राज्य में बहुमत न होते हुए भी सरकार बना लेती है, उसको मीडिया का एक बडा हिस्सा चीयर लीडर्स के अंदाज में बड़े मुग्धभाव से 'मास्टर स्ट्रोक’ करार देता है। इसी 'मास्टर स्ट्रोक’ के सहारे भाजपा ने एक बार पहले भी अरुणाचल में सरकार बनाई थी। बाद में गोवा, मणिपुर, जम्मू-कश्मीर और हरियाणा में भी उसने ऐसा ही किया था।

भाजपा की ओर से विपक्षी दलों से दलबदल कराने का सबसे बड़ा खेल एक साल पहले मध्य प्रदेश में खेला गया था। वहां उसने एक झटके में कांग्रेस के 22 विधायकों तोड़ कर कांग्रेस की सरकार गिराई थी। इससे पहले इसी तर्ज पर ही उसने कर्नाटक में भी जनता दल (एस) और कांग्रेस की साझा सरकार गिरा कर अपनी सरकार बनाई। यही खेल कुछ समय पहले उसने राजस्थान में भी खेलने की कोशिश की थी। हालांकि वहां उसे कामयाबी नहीं मिली, लेकिन उसने अपनी कोशिशें जारी रखी हुई हैं। राजस्थान के भाजपा नेता खुलेआम कह रहे हैं कि अगले दो-तीन महीने में कांग्रेस की सरकार गिर जाएगी। ऐसा ही दावा महाराष्ट्र में भी भाजपा के नेताओं और केंद्रीय मंत्रियों की ओर से किया जा रहा है, जहां सत्ता पर कब्जे की लडाई में शिव सेना जैसी उसकी सबसे पुरानी और विश्वस्त सहयोगी पार्टी ने भी उससे नाता तोड़ लिया।

गुजरात में भी पिछले विधानसभा चुनाव के बाद से भाजपा ने कांग्रेस के कई विधायकों को तोड़ कर अपने साधारण बहुमत को आरामदायक बहुमत में बदला है। भाजपा का इरादा अब पश्चिम बंगाल में सरकार बनाने का है, जहां चार-पांच महीने बाद विधानसभा के चुनाव होने वाले हैं। वहां वह तृणमूल कांग्रेस के विधायकों और नेताओं को तोड़ने में लगी हुई है। झारखंड और हरियाणा में भी कांग्रेस के कई विधायकों को भाजपा में शामिल होने के प्रस्ताव दिए जा चुके हैं।

 (लेखक वरिष्ठ स्वतंत्र पत्रकार हैं। विचार व्यक्तिगत हैं।)

BJP
Narendra modi
Coalition politics
India

Related Stories

PM की इतनी बेअदबी क्यों कर रहे हैं CM? आख़िर कौन है ज़िम्मेदार?

ख़बरों के आगे-पीछे: मोदी और शी जिनपिंग के “निज़ी” रिश्तों से लेकर विदेशी कंपनियों के भारत छोड़ने तक

ख़बरों के आगे-पीछे: केजरीवाल के ‘गुजरात प्लान’ से लेकर रिजर्व बैंक तक

यूपी में संघ-भाजपा की बदलती रणनीति : लोकतांत्रिक ताकतों की बढ़ती चुनौती

बात बोलेगी: मुंह को लगा नफ़रत का ख़ून

इस आग को किसी भी तरह बुझाना ही होगा - क्योंकि, यह सब की बात है दो चार दस की बात नहीं

ख़बरों के आगे-पीछे: क्या अब दोबारा आ गया है LIC बेचने का वक्त?

ख़बरों के आगे-पीछे: भाजपा में नंबर दो की लड़ाई से लेकर दिल्ली के सरकारी बंगलों की राजनीति

बहस: क्यों यादवों को मुसलमानों के पक्ष में डटा रहना चाहिए!

ख़बरों के आगे-पीछे: गुजरात में मोदी के चुनावी प्रचार से लेकर यूपी में मायावती-भाजपा की दोस्ती पर..


बाकी खबरें

  • Nishads
    अब्दुल अलीम जाफ़री
    यूपी चुनाव: आजीविका के संकट के बीच, निषाद इस बार किस पार्टी पर भरोसा जताएंगे?
    07 Mar 2022
    निषाद समुदाय का कहना है कि उनके लोगों को अब मछली पकड़ने और रेत खनन के ठेके नहीं दिए जा रहे हैं, जिसके चलते उनकी पारंपरिक आजीविका के लिए एक बड़ा खतरा उत्पन्न हो गया है।
  • Nitish Kumar
    शशि शेखर
    मणिपुर के बहाने: आख़िर नीतीश कुमार की पॉलिटिक्स क्या है...
    07 Mar 2022
    यूपी के संभावित परिणाम और मणिपुर में गठबंधन तोड़ कर चुनावी मैदान में हुई लड़ाई को एक साथ मिला दे तो बहुत हद तक इस बात के संकेत मिलते है कि नीतीश कुमार एक बार फिर अपने निर्णय से लोगों को चौंका सकते हैं।
  • Sonbhadra District
    तारिक अनवर
    यूपी चुनाव: सोनभद्र के गांवों में घातक मलेरिया से 40 से ज़्यादा लोगों की मौत, मगर यहां के चुनाव में स्वास्थ्य सेवा कोई मुद्दा नहीं
    07 Mar 2022
    हाल ही में हुई इन मौतों और बेबसी की यह गाथा भी सरकार की अंतरात्मा को नहीं झकझोर पा रही है।
  • Russia Ukraine war
    एपी/भाषा
    रूस-यूक्रेन अपडेट: जेलेंस्की ने कहा रूस पर लगे प्रतिबंध पर्याप्त नहीं, पुतिन बोले रूस की मांगें पूरी होने तक मिलट्री ऑपरेशन जारी रहेगा
    07 Mar 2022
    एक तरफ रूस पर कड़े होते प्रतिबंधों के बीच नेटफ्लिक्स और अमेरिकन एक्सप्रेस ने रूस-बेलारूस में अपनी सेवाएं निलंबित कीं। दूसरी तरफ यूरोपीय संघ (ईयू) के नेता चार्ल्स मिशेल ने कहा कि यूक्रेन के हवाई…
  • International Women's Day
    नाइश हसन
    जंग और महिला दिवस : कुछ और कंफ़र्ट वुमेन सुनाएंगी अपनी दास्तान...
    07 Mar 2022
    जब भी जंग लड़ी जाती है हमेशा दो जंगें एक साथ लड़ी जाती है, एक किसी मुल्क की सरहद पर और दूसरी औरत की छाती पर। दोनो ही जंगें अपने गहरे निशान छोड़ जाती हैं।
  • Load More
सब्सक्राइब करें
हमसे जुडे
हमारे बारे में
हमसे संपर्क करें

CC BY-NC-ND This work is licensed under a Creative Commons Attribution-NonCommercial-NoDerivatives 4.0 International License