NewsClick

NewsClick
  • English
  • राजनीति
  • अर्थव्यवस्था
  • विज्ञान
  • संस्कृति
  • भारत
  • अंतरराष्ट्रीय
  • हमारे लेख
  • हमारे वीडियो
search
menu

सदस्यता लें, समर्थन करें

image/svg+xml
  • सारे लेख
  • न्यूज़क्लिक लेख
  • सारे वीडियो
  • न्यूज़क्लिक वीडियो
  • राजनीति
  • अर्थव्यवस्था
  • विज्ञान
  • संस्कृति
  • भारत
  • अंतरराष्ट्रीय
  • अफ्रीका
  • लैटिन अमेरिका
  • फिलिस्तीन
  • नेपाल
  • पाकिस्तान
  • श्री लंका
  • अमेरिका
  • एशिया के बाकी
हमारे बारे में
हमसे संपर्क करें
सब्सक्राइब करें
हमारा अनुसरण करो Facebook - Newsclick Twitter - Newsclick RSS - Newsclick
close menu
राजनीति
अंतरराष्ट्रीय
रूस-यूक्रेन अपडेट: जेलेंस्की ने कहा रूस पर लगे प्रतिबंध पर्याप्त नहीं, पुतिन बोले रूस की मांगें पूरी होने तक मिलट्री ऑपरेशन जारी रहेगा
एक तरफ रूस पर कड़े होते प्रतिबंधों के बीच नेटफ्लिक्स और अमेरिकन एक्सप्रेस ने रूस-बेलारूस में अपनी सेवाएं निलंबित कीं। दूसरी तरफ यूरोपीय संघ (ईयू) के नेता चार्ल्स मिशेल ने कहा कि यूक्रेन के हवाई क्षेत्र को बंद करने से विश्व युद्ध छिड़ सकता है।
एपी/भाषा
07 Mar 2022
Russia Ukraine war

रूस में नेटफ्लिक्स ने अपनी सेवाएं निलंबित कीं

नेटफ्लिक्स ने कहा है कि वह रूस में अपनी सेवा निलंबित कर रहा है।

कंपनी ने रविवार को एक बयान जारी कर रूस में अपनी सेवाएं निलंबित करने के फैसले के लिए ‘जमीनी हालात’ को जिम्मेदार ठहराया। हालांकि, उसने कोई अतिरिक्त जानकारी नहीं दी।

यह घोषणा टिकटॉक के उस बयान के बाद की गई है, जिसमें कहा गया है कि रूसी उपयोगकर्ताओं को ऐप पर वीडियो साझा करने और दुनिया के अन्य हिस्सों से डाले जा रहे पोस्ट देखने से प्रतिबंधित कर दिया गया है।             

इससे पहले, अमेरिकन एक्सप्रेस ने भी रविवार को रूस के साथ-साथ उसके सहयोगी बेलारूस में अपना परिचालन निलंबित करने की घोषणा की थी।

टिकटॉक पर नए वीडियो नहीं साझा कर सकेंगे रूसी यूजर      

टिकटॉक ने रविवार को कहा कि रूस में सोशल मीडिया के खिलाफ सरकार की कार्रवाई के जवाब में वहां के उपयोगकर्ताओं को ऐप पर नए वीडियो साझा करने से प्रतिबंधित कर दिया गया है।

कंपनी ने ट्विटर पर जारी एक बयान में कहा, “फर्जी खबरों को लेकर रूस के नए कानून के मद्देनजर हमारे पास इस कानून के सुरक्षा निहितार्थों की समीक्षा करने तक देश में लाइव स्ट्रीमिंग और नए वीडियो साझा करने की सुविधा को निलंबित करने के अलावा कोई विकल्प नहीं है।”

हालांकि, टिकटॉक ने स्पष्ट किया कि इस दौरान ऐप पर उसकी मैसेजिंग सेवा बहाल रहेगी।

रूस-बेलारूस में अमेरिकन एक्सप्रेस की सेवाएं निलंबित

अमेरिकन एक्सप्रेस ने रविवार को रूस के साथ-साथ उसके सहयोगी बेलारूस में सभी परिचालन निलंबित करने की घोषणा की।            

कंपनी ने कहा, “वैश्विक स्तर पर जारी अमेरिकन एक्सप्रेस कार्ड अब रूस के एटीएम और विक्रय केंद्रों पर काम नहीं करेंगे। इसके अलावा, रूसी बैंकों द्वारा देश में स्थानीय रूप से जारी किए गए एमएक्स कार्ड भी अब रूस के बाहर काम नहीं करेंगे।”

इजरायली प्रधानमंत्री ने पुतिन से फोन पर बात की

इजरायल के प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट ने यूक्रेन में जारी रूसी सैन्य अभियान पर चर्चा के लिए शनिवार को मॉस्को का औचक दौरा करने के एक दिन बाद रविवार की शाम रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ फोन पर बात की।

इजरायली प्रधानमंत्री के कार्यालय ने एक बयान जारी कर बताया कि बेनेट ने जर्मन चांसलर ओलाफ शोल्त्ज से भी फोन पर बात की, जिनसे मुलाकात के लिए उन्होंने शनिवार को बर्लिन की यात्रा की थी। बयान के मुताबिक, इजरायली प्रधानमंत्री ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से भी यूक्रेन में रूसी सैन्य कार्रवाई के मुद्दे पर चर्चा की।

यूक्रेनी परमाणु संयंत्र पर रूस की पकड़ मजबूत हो रही : आईएईए

अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) ने रविवार को कहा कि रूसी सेना यूक्रेन के सबसे बड़े जापोरिजिया परमाणु संयंत्र पर अपनी पकड़ मजबूत कर रही है, जिस पर उसने पिछले हफ्ते कब्जा कर लिया था।                

आईएईए महानिदेशक राफेल मारियानो ग्रॉसी ने बताया कि यूक्रेनी कर्मचारियों को अब संयंत्र में कोई भी काम करने के लिए, यहां तक कि रखरखाव कार्यों के लए भी रूसी सैनिकों की मंजूरी लेनी पड़ रही है।         

ग्रॉसी के मुताबिक, रूसी सेना ने कुछ मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट सेवाओं को भी बंद कर दिया है, जिससे संयंत्र परिसर में संचार सेवाएं बाधित हो गई हैं।

यूक्रेनी लड़ाकू विमानों को अपने क्षेत्र से उड़ने की इजाजत न दें पड़ोसी देश : रूस    

रूसी सेना ने यूक्रेन के पड़ोसी देशों को अपने क्षेत्र से यूक्रेनी लड़ाकू विमानों के संचालन की सुविधा न देने की चेतावनी दी है। उसने है कि अगर यूक्रेनी विमान उसके पड़ोसी देशों से उड़ान भरकर लड़ाकू अभियानों को अंजाम देते हैं तो मॉस्को इन देशों को भी संघर्ष का हिस्सा मान सकता है।  

रूसी रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता इगोर कोनाशेनकोव ने रविवार को आरोप लगाया कि कुछ यूक्रेनी लड़ाकू विमानों को रोमानिया सहित उसके अन्य पड़ोसी देशों में दोबारा तैनात किए जाने की खबर है।  

मैक्रों ने यूक्रेनी परमाणु संयंत्रों की सुरक्षा पर पुतिन से बात की

फ्रांस के राष्ट्रपति कार्यालय ने रविवार को कहा कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और उनके फ्रांसीसी समकक्ष इमैनुएल मैक्रों के बीच रविवार को हुई बातचीत मुख्य रूप से यूक्रेन के परमाणु संयंत्रों की सुरक्षा पर केंद्रित थी।

एलिसी पैलेस ने कहा कि पुतिन को फोन कॉल मैक्रों के अनुरोध पर किया गया था और दोनों नेताओं के बीच बातचीत करीब दो घंटे तक चली।      

यूक्रेनी हवाई क्षेत्र को बंद करने से विश्व युद्ध छिड़ेगा : ईयू नेता

यूरोपीय संघ (ईयू) के नेता चार्ल्स मिशेल ने रविवार को कहा कि यूक्रेन के हवाई क्षेत्र को बंद करने से विश्व युद्ध छिड़ सकता है।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की नाटो देशों से लगातार, यूक्रेन को नो-फ्लाई जोन घोषित कर अपने देश पर रूसी हमले रोकने का आह्वान कर रहे हैं। हालांकि, पश्चिमी नेताओं ने यूरोप में बड़े पैमाने पर युद्ध शुरू होने की आशंका के चलते इससे इनकार कर दिया है।

‘फ्रांस इंटर’ को दिए साक्षात्कार में मिशेल ने कहा कि मौजूदा हालत में यूक्रेन में लड़ाकू विमानों की तैनाती को युद्ध में नाटो के प्रवेश के रूप में देखा जा सकता है और इसके चलते तीसरा विश्व युद्ध छिड़ने का खतरा है।

यूक्रेन से निकाले गए सौ यहूदी बच्चे यरुशलम पहुंचे

रूस के हमले के बाद यूक्रेन से निकाले गए सौ अनाथ यहूदी बच्चों का एक समूह रविवार को इजरायल पहुंच गया।  

ये बच्चे रविवार को करीब 300 अन्य यूक्रेनी यहूदी प्रवासियों को लेकर दो निकासी उड़ानों के यरुशलम में उतरने से कुछ घंटे पहले इजरायल पहुंचे।

रूस से तेल, गैस आयात पर रोक लगाने पर विचार कर रहे : अमेरिका

अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने रविवार को कहा कि यूक्रेन पर हमले के विरोध में अमेरिका और उसके सहयोगी देश रूस से तेल और प्राकृतिक गैस के आयात पर प्रतिबंध लगाने के बारे में ‘बेहद सक्रिय बातचीत’ कर रहे हैं।

ब्लिंकन ने कहा, “हम अब अपने यूरोपीय सहयोगियों से रूस से तेल के आयात पर प्रतिबंध लगाने की संभावनाओं पर समन्वित तरीके से विचार करने के लिए बात कर रहे हैं। इस बीच, हम यह सुनिश्चित करेंगे कि वैश्किव बाजार में तेल की उचित आपूर्ति जारी रहे।”

यूक्रेन में 364 नागरिकों की मौत की पुष्टि    

संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार कार्यालय ने रविवार को कहा कि उसने 24 फरवरी को रूस का सैन्य अभियान शुरू होने के बाद से यूक्रेन में कम से कम 364 नागरिकों की मौत होने की पुष्टि की है।

जेनेवा स्थित मानवाधिकार कार्यालय ने कहा कि शनिवार मध्यरात्रि तक देश में कम से कम 759 नागरिकों के घायल होने की खबर है।

रूस की मांगें पूरी न होने तक युद्ध जारी रहेगा : पुतिन

रूस के राष्ट्रपति कार्यालय क्रेमलिन ने रविवार को बताया कि राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने तुर्की के अपने समकक्ष से कहा है कि यूक्रेन में रूस की सैन्य कार्रवाई को ‘केवल तभी रोका जा सकता है, जब कीव दुश्मनी खत्म कर दे और रूस की सभी मांगों को पूरा करे।’

पुतिन ने यूक्रेन के ‘असैन्यीकरण’ के अलावा वहां अहम पदों पर तैनात कुछ लोगों को हटाने और क्रीमिया व पूर्वी यूक्रेन में अलगाववादी क्षेत्रों पर रूसी कब्जे को मान्यता देने की मांग सामने रखी है।

प्रधानमंत्री मोदी यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की से सोमवार को फोन पर बात करेंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से सोमवार को फोन पर बात करेंगे। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।     

मोदी ऐसे समय में जेलेंस्की के साथ बात करेंगे, जब रूस के हमले का सामना कर रहे यूक्रेन से छात्रों समेत अपने नागरिकों को निकालने के लिए भारत हर संभव प्रयास कर रहा है           

रूस के यूक्रेन पर हमला करने के बाद यह दूसरा मौका होगा, जब प्रधानमंत्री मोदी, यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की से बात करेंगे। 

यूक्रेन पर हमला शुरू होने के बाद मोदी ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से भी बात की थी।

ईयू के रक्षा समझौते में शामिल होने पर जनमत संग्रह करेगा डेनमार्क

यूक्रेन पर रूस के हमले के बीच डेनमार्क जून में इस बात को लेकर जनमत संग्रह करेगा कि उसे यूरोपीय संघ (ईयू) के रक्षा समझौते में शामिल होना चाहिए या नहीं।

देश की पिछले 30 साल से ईयू की साझा सुरक्षा नीतियों से अलग रहने की नीति रही है।     

डेनमार्क की प्रधानमंत्री मेटे फ्रेडरिक्सन ने रविवार देर रात कहा, ‘‘ऐतिहासिक समय में ऐतिहासिक फैसले करने पड़ते हैं।’’        

उन्होंने कोपेनहेगन में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ‘‘नया समय, नई वास्तविकता की शुरुआत की है। यूक्रेन का संघर्ष केवल यूक्रेन का नहीं है। हम यूरोप के साथ एकजुट होकर खड़े हैं।’’       

ईयू की साझा सुरक्षा नीति (सीएसडीपी) में शामिल होने को लेकर जनमत संग्रह एक जून को हो    

यह पूछे जाने पर कि ईयू के संबंध में डेनमार्क की सुरक्षा नीतियों में इतना बड़ा बदलाव इस समय क्यों आवश्यक है, फ्रेडरिक्सन ने कहा, ‘‘अब समय आ गया है कि पश्चिमी दुनिया में हर कोई खुद को तैयार करे ले।’’

उन्होंने कहा, ‘‘यूक्रेन के कारण यह बदलाव आया है। एक स्वतंत्र, लोकतांत्रिक देश पर रूस ने हमला कर दिया है।’’ उन्होंने कहा कि उनकी सरकार में शामिल सभी दल जनमत संग्रह और उससे जुड़े कदमों का स्वागत कर रहे हैं।         

फ्रेडरिक्सन ने कहा कि डेनमार्क 2033 तक उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) के सकल घरेलू उत्पाद के दो प्रतिशत के लक्ष्य को पूरा करने के लिए सैन्य खर्च को भी बढ़ाएगा।

मोदी आज दोपहर पुतिन से करेंगे बात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को दोपहर में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बात करेंगे। वह यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से भी बात करने वाले हैं। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।     

मोदी की पुतिन और जेलेंस्की से बात ऐसे समय में हो रही है, जब रूस के हमले से बुरी तरह प्रभावित पूर्वी यूरोपीय देश यूक्रेन से छात्रों समेत अपने नागरिकों को निकालने के लिए भारत हर संभव प्रयास कर रहा है।           

रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध आरंभ होने के बाद मोदी और पुतिन के बीच यह तीसरी वार्ता होगी जबकि जेलेंस्की से उनकी दूसरी दफ़ा बात होगी। इससे पहले, जेलेंस्की और मोदी ने 26 जनवरी को फोन पर बातचीत की थी।             

भारत ने रूस और यूक्रेन के शीर्ष नेताओं से युद्ध को तत्काल समाप्त करने तथा वार्ता और कूटनीति के जरिए मतभेदों को दूर करने की अपील की है।

जेलेंस्की ने ग्लोबल सिटीजन के साथ मिलकर मदद का आह्वान किया

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की को उनके देश की रक्षा करने में एक नया साझेदार ‘ग्लोबल सिटीजन’ मिला है जो अत्यधिक गरीबी से लड़ने वाला गैर लाभकारी अंतरराष्ट्रीय संगठन है।

जेलेंस्की और ग्लोबल सिटीजन ने रविवार को संगठन के लाखों सदस्यों के साथ ही उसके सरकारी, कॉरपोरेट और परोपकारी साझेदारों से कार्रवाई का आह्वान किया। इसके तहत एक वीडियो संदेश में जेलेंस्की ने रूस के खिलाफ यूक्रेन के युद्ध के बारे में बात की और उन कदमों की भी बात की जो समर्थक मदद करने के लिए उठा सकते हैं।

यूक्रेनी राष्ट्रपति के पहले संदेश में रूस के ‘आतंकवादी कृत्यों’ के खिलाफ उनके देश की रक्षा करने में दुनिया की मदद मांगी गयी। वीडियो में जेलेंस्की ने यूक्रेन के शहरों पर रूस की बमबारी और एक परमाणु ऊर्जा संयंत्र पर आग लगने की घटना का हवाला दिया।

ग्लोबल सिटीजन ने कहा कि उसे उम्मीद है कि इस अनोखी भागीदारी से लोगों को मानवीय संकट और इससे कैसे निपटना है, इसकी जानकारी मिलेगी। संगठन के सीईओ ह्यूज इवांस ने कहा कि जेलेंस्की के वीडियो बयान को दुनियाभर के समाचार संगठन कवर कर रहे हैं, जिससे चलते ग्लोबल सिटीजन उनके शब्दों को हर कहीं फैलाना चाहता है।   

इवांस ने कहा, ‘‘हमें लगता है कि यह महत्वपूर्ण है कि लोग उस नेता की बात सीधे सुन पाए जो लोगों को सबसे ज्यादा प्रेरित कर रहा है।’’

रूस पर लगे प्रतिबंध पर्याप्त नहीं: जेलेंस्की

रूसी सेना के यूक्रेन में गोलाबारी तेज करने के बीच युद्धग्रस्त देश के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने पश्चिमी देशों से रूस के खिलाफ प्रतिबंध और कड़े करने का आग्रह किया है।
         
जेलेंस्की ने रूसी रक्षा मंत्रालय की घोषणा का जवाब नहीं देने के लिए रविवार शाम एक वीडियो संदेश में पश्चिमी नेताओं की आलोचना की। रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि वह यूक्रेन के सैन्य-औद्योगिक परिसर पर हमला करेगा और उसने इन रक्षा संयंत्रों के कर्मचारियों को काम पर नहीं जाने को भी कहा है।
         
जेलेंस्की ने कहा, ‘‘ मैंने एक भी विश्व नेता की इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं सुनी। आक्रमण करने वाले का दुस्साहस दिखाता है कि मौजूदा प्रतिबंध पर्याप्त नहीं हैं।’’
         
जेलेंस्की ने ऐसे अपराधों का आदेश देने और उन्हें अंजाम देने वालों को न्याय के कटघरे में लाने के लिए एक ‘‘प्राधिकरण’’ बनाने का आह्वान किया।
         
उन्होंने कहा, ‘‘कब्जा करने वालों की हिम्मत देखिए, जो इस तरह के नियोजित अत्याचारों की घोषणा कर सकते हैं।’’
         
रूसी रक्षा मंत्रालय ने रविवार को घोषणा की थी कि उसकी सेना यूक्रेन के सैन्य-औद्योगिक परिसर पर सटीक हथियारों से हमला करेगी।
         
रूस की सरकारी समाचार एजेंसी ‘तास’ ने एक खबर में रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता इगोर कोनाश्नेकोव के हवाले से कहा था, ‘‘ हम यूक्रेन के रक्षा उद्योग संयंत्रों के सभी कर्मियों से आग्रह करते हैं कि वे उद्यम परिसरों से बाहर चले जाएं।’’

Russia-Ukraine war
Russia-Ukraine crisis
Russia-Ukraine update
vladimir putin
Volodymyr Zelensky

Related Stories

यूक्रेन: यूरोप द्वारा रूस पर प्रतिबंध लगाना इसलिए आसान नहीं है! 

नाटो देशों ने यूक्रेन को और हथियारों की आपूर्ति के लिए कसी कमर

यूक्रेन में छिड़े युद्ध और रूस पर लगे प्रतिबंध का मूल्यांकन

रूस के यूक्रेन ऑपरेशन की कोई समय सीमा नहीं है

ग्रीस में प्रगतिशीलों ने ज़ेलेंस्की के नव-नाज़ियों के साथ संसद के संबोधन को ख़ारिज किया 

संयुक्त राष्ट्र महासभा ने रूस को शीर्ष मानवाधिकार संस्था से निलंबित किया

बुका हमले के बावजूद रशिया-यूक्रेन के बीच समझौते जारी

खाद्य मुद्रास्फीति संकट को और बढ़ाएगा रूस-यूक्रेन युद्ध

क्या यूक्रेन युद्ध को लेकर ग़रीब देशों पर दबाव बनाने के लिए स्वास्थ्य का इस्तेमाल किया जायेगा?

रूस-यूक्रेन अपडेट:जेलेंस्की के तेवर नरम, बातचीत में ‘विलंब किए बिना’ शांति की बात


बाकी खबरें

  • Biden and Boris
    जॉन पिलगर
    युद्ध के प्रचारक क्यों बनते रहे हैं पश्चिमी लोकतांत्रिक देश?
    19 Feb 2022
    हाल के हफ्तों और महीनों में युद्ध उन्माद का ज्वार जिस तरह से उठा है वह इसका सबसे ज्वलंत उदाहरण है
  • youth
    असद रिज़वी
    भाजपा से क्यों नाराज़ हैं छात्र-नौजवान? क्या चाहते हैं उत्तर प्रदेश के युवा
    19 Feb 2022
    उत्तर प्रदेश के नौजवान संगठनों का कहना है कि भाजपा ने उनसे नौकरियों के वादे पर वोट लिया और सरकार बनने के बाद, उनको रोज़गार का सवाल करने पर लाठियों से मारा गया। 
  • Bahubali in UP politics
    विजय विनीत
    यूपी चुनाव: सियासी दलों के लिए क्यों ज़रूरी हो गए हैं बाहुबली और माफ़िया?
    19 Feb 2022
    चुनाव में माफ़िया और बाहुबलियों की अहमियत इसलिए ज्यादा होती है कि वो वोट देने और वोट न देने,  दोनों चीज़ों के लिए पैसा बंटवाते हैं। इनका सीधा सा फंडा होता है कि आप घर पर ही उनसे पैसे ले लीजिए और…
  • Lingering Colonial Legacies
    क्लेयर रॉथ
    साम्राज्यवादी विरासत अब भी मौजूद: त्वचा के अध्ययन का श्वेतवादी चरित्र बरकरार
    19 Feb 2022
    त्वचा रोग विज्ञान की किताबों में नस्लीय प्रतिनिधित्व की ऐतिहासिक कमी ना केवल श्वेत बहुल देशों में है, बल्कि यह पूरी दुनिया में मौजूद है
  • covid
    न्यूज़क्लिक टीम
    कोरोना अपडेट: देश में 24 घंटों में 22,270 नए मामले, 325 मरीज़ों की मौत
    19 Feb 2022
    देश में एक्टिव मामलों की संख्या घटकर 0.59 फ़ीसदी यानी 2 लाख 53 हज़ार 739 हो गयी है।
  • Load More
सब्सक्राइब करें
हमसे जुडे
हमारे बारे में
हमसे संपर्क करें

CC BY-NC-ND This work is licensed under a Creative Commons Attribution-NonCommercial-NoDerivatives 4.0 International License