NewsClick

NewsClick
  • English
  • राजनीति
  • अर्थव्यवस्था
  • विज्ञान
  • संस्कृति
  • भारत
  • अंतरराष्ट्रीय
  • हमारे लेख
  • हमारे वीडियो
search
menu

सदस्यता लें, समर्थन करें

image/svg+xml
  • सारे लेख
  • न्यूज़क्लिक लेख
  • सारे वीडियो
  • न्यूज़क्लिक वीडियो
  • राजनीति
  • अर्थव्यवस्था
  • विज्ञान
  • संस्कृति
  • भारत
  • अंतरराष्ट्रीय
  • अफ्रीका
  • लैटिन अमेरिका
  • फिलिस्तीन
  • नेपाल
  • पाकिस्तान
  • श्री लंका
  • अमेरिका
  • एशिया के बाकी
हमारे बारे में
हमसे संपर्क करें
सब्सक्राइब करें
हमारा अनुसरण करो Facebook - Newsclick Twitter - Newsclick RSS - Newsclick
close menu
भारत
राजनीति
जूनियर टेनी: होनहार बिरवान के होत चीकने पात
कटाक्ष: अब कोई कुछ भी कहता रहे, बेटे ने पिता की इच्छा तो पूरी कर दी। पिता ने दो मिनट में ठीक करने की इच्छा जतायी थी, सो पुत्र ने उससे भी कम टैम में पूरी कर दी। मजाल है जो थार को बंदों के ऊपर से निकलने में दो मिनट भी लगे हों तो!
राजेंद्र शर्मा
09 Oct 2021
ashish mishra
अपने वकील और समर्थकों के साथ पुलिस के सामने पेशी के लिए जाता आशीष मिश्रा। स्क्रीन शॉट 

हम तो पहले ही कहते थे, मोदी जी का विरोध वही लोग करते हैं जो भारतीय संस्कृति के खिलाफ हैं। नहीं, नहीं, हम यह नहीं कह रहे हैं कि मोदी जी का विरोध करने वाले रामलला के विरोधी नहीं हैं। वे राम, कृष्ण, शिव आदि, आदि सब के विरोधी हैं। धर्मविरोधी हैं सो तो हैं ही, एंटीनेशनल यानी भारतविरोधी भी हैं। सब हैं; पर सबसे पहले, भारतीय संस्कृति विरोधी हैं। लखीमपुर खीरी की घटना इसका एक और सबूत है कि भारतीय संस्कृति विरोधी ही, मोदी विरोधी हैं। इनको भारतीय संस्कृति से जरा सा भी लगाव होता तो बेचारे आशीष मिश्र टेनी के पीछे यूं हाथ धोकर नहीं पड़े होते। पहले पुलिस एफआईआर में नाम नहीं लिख रही थी, तो शोर कर रहे थे कि एफआइआर में नाम लिखो। एफआईआर में नाम लिख गया, तो इसका शोर कि पूछताछ तक क्यों नहीं की। पूछताछ के लिए सम्मन जारी किए, तो इसका हंगामा कि गिरफ्तार क्यों नहीं कर रहे? हमसे लिखा लीजिए कि खुदा-न-खास्ता योगी की पुलिस ने बेचारे को गिरफ्तार कर भी लिया, तो ये मुकद्दमा तो छोड़ो, फांसी की सजा की मांग करते मिलेंगे! पर सजा, किसलिए? क्या सिर्फ इसलिए कि आशीष मिश्रा के पिता, अजय मिश्र टेनी सीनियर को उनकी योग्यताओं को देखकर मोदी जी ने अपने मंत्रिमंडल में जगह दी है? मोदी जी के विरोध में ये लोग इतने अंधे हो जाएंगे कि एक बेटे को, उसकी पितृभक्ति के लिए सजा दिलाने पर तुल जाएंगे! कम से कम इसका ही ख्याल कर लेते थे कि यह श्रवण कुमार की पूजा करने वाला देश है।

अगर उस जमाने में श्रवण कुमार अपने अंधे माता-पिता की इच्छा पूरी करने के लिए, उन्हें बहंगी में बैठाकर और खुद एक तरह से वाहन बनकर, उन्हें तीर्थ-तीर्थ घुमा सकता था, तो क्या इस जमाने में जबकि महेंद्रा की थार भी आ चुकी है, जूनियर टेनी, काले झंडे दिखाने वाले किसानों को ठीक करने की, सीनियर टेनी की जरा सी इच्छा पूरी करने में भी हिचक सकता था? अब कोई कुछ भी कहता रहे, बेटे ने पिता की इच्छा तो पूरी कर दी। पिता ने दो मिनट में ठीक करने की इच्छा जतायी थी, सो पुत्र ने उससे भी कम टैम में पूरी कर दी। मजाल है जो थार को बंदों के ऊपर से निकलने में दो मिनट भी लगे हों तो! और पिता ने तो सिर्फ लखीमपुर खीरी छुड़वाने की इच्छा प्रकट की थी, बेटे ने पूरे आठ से तो दुनिया ही छुड़वा दी; दूसरे कई का चलना-फिरना, उठना-बैठना छूट जाएगा, सो ऊपर से। खैर! असली मुद्दा यह नहीं है कि किस का क्या छूट गया? मुद्दा यह है कि एक बेटे ने अपने पिता की इच्छा, उसकी जितनी इच्छा थी उससे भी बढक़र पूरी की है। इस कलियुग में ऐसे सपूत मिलते ही कहां हैं? अब हमें तय करना है कि हम ऐसी पितृभक्ति का सम्मान करेंगे या उसकी सजा देंगे? आप तय कर लीजिए कि भारतीय संस्कृति की रक्षा करेंगे या उसका तिरस्कार करेंगे! हमें पक्का भरोसा है कि मोदी जी-योगी जी अपनी डबल इंजन की सरकार के होते हुए, नये श्रवणकुमार के साथ अन्याय नहीं होने देंगे?

और भारतीय संस्कृति में श्रवणकुमार का दर्जा बहुत ऊंचा रखे जाने का मतलब यह हर्गिज नहीं है कि भारतीय संस्कृति सिर्फ पुत्रों की पितृभक्ति को ही महत्व देती है। पितृभक्ति को एक्स्ट्रा महत्व इसलिए दिया गया है कि यह सीखने वाली चीज है। वर्ना हमारी संस्कृति में पुत्र-प्रेम तो इतना कूट-कूटकर भरा हुआ है कि किसी को सीखने-सिखाने की जरूरत ही नहीं होती है। पुत्र प्रेम खुद ही पैदा हो जाता है, यहां तक कि उसके लिए पुत्र पैदा होने तक की अनिवार्यता नहीं होती है। छोटे-मोटे पात्रों की तो गिनती ही क्या करना, जब महाभारत हो तो, रामायण हो तो, हमारे तो सारे ही ग्रंथों के पीछे पुत्र-प्रेम की कथाएं हैं। फर्क इतना ही है कि रामायण के केंद्र में माता के पुत्र-प्रेम की कहानी है, जिसके सामने पिता का पुत्र प्रेम भी हल्का पड़ जाता है। फिर भला टेनी सीनियर पुत्र प्रेम के मामले में निराश क्यों करने लगे और वह भी तब जबकि पुत्र ने उनकी ही इच्छा पूरी की है। सो उनके पुत्र प्रेम का ही प्रताप है कि ‘ठोक दो’ फेम के योगी जी की पुलिस को भी, जूनियर टेनी से पहली मुलाकात करने में ही पूरे छ: दिन लग गए! सोचने की बात है कि योगी जी की पुलिस अगर पुत्रप्रेम की भारतीय संस्कृति का सम्मान नहीं करेगी तो क्या पाकिस्तान की संस्कृति का सम्मान करेगी!

जब बात भारतीय संस्कृति के सम्मान की आ गयी, तब मोदी जी और शाह जी भी कहां पीछे रहने वाले हैं। बिना एक शब्द बोले भी साफ कर दिया--पुत्र प्रेम कोई गुनाह नहीं है। सीनियर टेनी का इस्तीफा नहीं लेंगे, न एफआईआर में नाम आने के लिए और न पुत्र पर आरोपों की जांच की निष्पक्षता के लिए। न पिता को पुत्र प्रेम के लिए दंडित करेंगे और न पुत्र को पितृभक्ति के लिए दंडित होने देंगे। आखिरकार, भारतीय संस्कृति की रक्षा की सबसे ज्यादा जिम्मेदारी तो उन्हीं पर है। वैसे भी भारतीय संस्कृति में राजा के लिए पिता का आदर्श रखा गया है। मोदी जी ब्रह्मचारी हुए तो क्या हुआ, अपने दरबारियों की पिता की तरह रक्षा करने से पीछे हटने वाले नहीं हैं। अगर जूनियर मंत्री होकर सीनियर टेनी, जूनियर टेनी को बचाने के लिए सब दांव पर लगा सकते हैं, तो क्या प्रधानमंत्री होकर मोदी जी, अपने जूनियर मंत्री को बचाने के लिए, थोड़ी सी बदनामी भी मोल नहीं ले सकते हैं! रही किसानों की बात तो वे तो बगावत पर आमादा हैं और बागी प्रजा की राजा से रक्षा करने की जरूरत होती है, न कि उसे राजा से रक्षा करने की उम्मीद करनी चाहिए।

तो क्या अगले विधानसभा चुनाव में टेनी जूनियर की टिकट पक्की समझें? आखिर, योग्य पिता के योग्य पुत्र हैं। होनहार पुत्रों के कंधों पर चढ़ेगा इंडिया, तभी तो थार पर सवार होकर आगे बढ़ेगा इंडिया!                                                                                    

(‘कटाक्ष’ व्यंग्य स्तंभ के लेखक वरिष्ठ पत्रकार और लोकलहर के संपादक हैं।)

sarcasm
Lakhimpur massacre
Lakhimpur Kheri
Ashish Mishra
BJP
Modi government

Related Stories

भाजपा के इस्लामोफ़ोबिया ने भारत को कहां पहुंचा दिया?

कश्मीर में हिंसा का दौर: कुछ ज़रूरी सवाल

सम्राट पृथ्वीराज: संघ द्वारा इतिहास के साथ खिलवाड़ की एक और कोशिश

कटाक्ष: मोदी जी का राज और कश्मीरी पंडित

हैदराबाद : मर्सिडीज़ गैंगरेप को क्या राजनीतिक कारणों से दबाया जा रहा है?

ग्राउंड रिपोर्टः पीएम मोदी का ‘क्योटो’, जहां कब्रिस्तान में सिसक रहीं कई फटेहाल ज़िंदगियां

धारा 370 को हटाना : केंद्र की रणनीति हर बार उल्टी पड़ती रहती है

मोहन भागवत का बयान, कश्मीर में जारी हमले और आर्यन खान को क्लीनचिट

मंडल राजनीति का तीसरा अवतार जाति आधारित गणना, कमंडल की राजनीति पर लग सकती है लगाम 

गैर-लोकतांत्रिक शिक्षानीति का बढ़ता विरोध: कर्नाटक के बुद्धिजीवियों ने रास्ता दिखाया


बाकी खबरें

  • Omprakash
    राज वाल्मीकि
    ओमप्रकाश वाल्मीकि सिर्फ़ दलित लेखक नहीं, राष्ट्रीय हिंदी साहित्यकार हैं: डॉ. एन. सिंह
    18 Nov 2021
    ओमप्रकाश वाल्मीकि ने ‘दलित साहित्य का सौन्दर्य शास्त्र’ लिखकर उन सवर्ण आलोचकों को जवाब दिया था, जो दलित साहित्य में शिल्पकला की कमी बताते थे।  उनकी कहानियों में ‘अम्मा’, ‘बिरम की बहू’, ‘सलाम', '…
  • israel
    पीपल्स डिस्पैच
    फ़िलिस्तीनियों के खिलाफ़ नई बसाहटों वाले इज़रायलियों द्वारा 451 हिंसक घटनाओं को अंजाम दिया गया
    18 Nov 2021
    यह आंकड़े शुरूआती 2020 के बाद के हैं, मानवाधिकार समूह बी सेलेम का कहना है कि नई बसाहटों वाले इज़रायलियों द्वारा किए जाने वाले हमलों को इज़रायल द्वारा एक उपकरण के तौर पर इस्तेमाल किया जाता है, ताकि…
  • cartoon
    आज का कार्टून
    स्टैंड अप कॉमेडियन वीर दास पर एक बार फिर भड़के दक्षिणपंथी संगठन
    18 Nov 2021
    वीरों की भूमि हिंदुस्तान में दो “वीर” आजकल काफ़ी चर्चे में चल रहे हैं। एक आज़ादी से पहले के वीर, एक आज़ादी के बाद के वीर। ये दो वीर हैं “वीर सावरकर” और “वीर दास”।
  • chennai floods
    नीलाबंरन ए
    चेन्नई की बाढ़ : इस अव्यवस्था के लिए कौन ज़िम्मेदार है?
    18 Nov 2021
    विशेषज्ञों का मानना है कि भारी जल निकासी के डिज़ाइन में तकनीकी ख़ामियों, शहरीकरण के कारण प्राकृतिक जल निकासी व्यवस्था के ख़ात्मे और जल निकायों पर अतिक्रमण की वजह से चेन्नई में हर तरफ जलभराव की स्थिति…
  • COP 26
    एम. के. भद्रकुमार
    COP 26: भारत आख़िर बलि का बकरा बन ही गया
    18 Nov 2021
    विकसित देशों का सारा गेम प्लान भारत और चीन पर कोयले के उपयोग में कमी लाने पर फिर से रजामंद करने और इसके जरिए अगले साल संयुक्त राष्ट्र की आगामी बैठक तक कार्बन उत्सर्जन में कटौती लाने के लिए उन पर दबाव…
  • Load More
सब्सक्राइब करें
हमसे जुडे
हमारे बारे में
हमसे संपर्क करें

CC BY-NC-ND This work is licensed under a Creative Commons Attribution-NonCommercial-NoDerivatives 4.0 International License