NewsClick

NewsClick
  • English
  • राजनीति
  • अर्थव्यवस्था
  • विज्ञान
  • संस्कृति
  • भारत
  • अंतरराष्ट्रीय
  • हमारे लेख
  • हमारे वीडियो
search
menu

सदस्यता लें, समर्थन करें

image/svg+xml
  • सारे लेख
  • न्यूज़क्लिक लेख
  • सारे वीडियो
  • न्यूज़क्लिक वीडियो
  • राजनीति
  • अर्थव्यवस्था
  • विज्ञान
  • संस्कृति
  • भारत
  • अंतरराष्ट्रीय
  • अफ्रीका
  • लैटिन अमेरिका
  • फिलिस्तीन
  • नेपाल
  • पाकिस्तान
  • श्री लंका
  • अमेरिका
  • एशिया के बाकी
हमारे बारे में
हमसे संपर्क करें
सब्सक्राइब करें
हमारा अनुसरण करो Facebook - Newsclick Twitter - Newsclick RSS - Newsclick
close menu
खेल
साहित्य-संस्कृति
भारत
राजनीति
विक्रम और बेताल: सरकार जी और खेल में खेला
सरकार जी खेलों की दुनिया को पैसे की दुनिया से अलग ही रखते थे। वे जानते थे कि खिलाड़ी अपनी नैसर्गिक प्रतिभा से ही आगे बढ़ता है न कि सरकारी सहायता से। इसीलिए उन्होंने खेल में सरकारी मदद को सिर्फ़ खेल मैदानों और खेल पुरस्कारों के नाम बदलने तक ही सीमित रखा।
डॉ. द्रोण कुमार शर्मा
15 Aug 2021
विक्रम और बेताल: सरकार जी और खेल में खेला
 तस्वीर केवल प्रतीकात्मक प्रयोग के लिए। 

आधी रात का समय था। अमावस्या की रात थी और श्मशान भूमि में घनघोर अंधेरा छाया हुआ था। कहीं दूर से सियारों की 'हुंआ हुंआ' की आवाजें आ रहीं थीं। ऐसे में ही राजा विक्रमादित्य एक बार फिर ऊपर पेड़ पर चढ़े और वृक्ष की शाखा पर लटके बेताल को शाखा पर से उतार कर अपने कंधे पर लाद लिया।

विक्रमादित्य जब बेताल को अपने कंधे पर लाद कर चलने लगे तो बेताल ने कहा "राजा, तुम बहुत ही ढीठ हो। तुम ऐसे ही नहीं मानोगे। ये कठिन रास्ता आराम से कट जाए, इस लिए मैं तुम्हें जम्बूद्वीप के भारत खण्ड के राजा ‘सरकार जी’ की एक और कहानी सुनाता हूं। लेकिन राजा, अगर तुमने बीच में मौन भंग किया तो मैं वापस चला जाऊंगा"।

बेताल ने कहानी शुरू की राजा 'सरकार जी', बचपन से ही खेलों का शौकीन था। हालांकि उसका गांव गंगा नदी के तट से सैकड़ो मील दूर था पर वह हर रोज गंगा जी के तट पर खेलने जाता था कि मां गंगा मुझे बुला रही है। खेलते खेलते बालवीर सरकार जी और उसके साथी गेंद नदी में फेंक देते थे और फिर सरकार जी उस गेंद को नदी में से निकाल कर लाता था और अपने मित्रों को 'इंप्रेस' करता था। यह फेंकने और इंप्रेस करने का खेल सरकार जी और उनके मित्रों को बचपन से ही पसंद था और वे रोज यह खेल खेलते थे। सरकार जी की यह पसंद उनके राजा बनने के बाद भी जारी रही।

राजा बनने के बाद भी सरकार जी का खेल प्रेम बना रहा। यह फेंकने का खेल जो सरकार जी को बचपन से ही पसंद, उसे सरकार जी ने आगे चलकर भी बहुत बढ़ावा दिया। बालवीर सरकार जी को गेंद नदी में फेंकने का खेल पसंद था पर अब वह राजा, सरकार जी बहुत लम्बी और बहुत ऊंची फेंकने लगा था। इतना अधिक कि उसकी प्रजा उसे प्यार से 'फेंकू' ही कहने लगी थी। और वह भी खूब लम्बी लम्बी फेंकने लगा था। वह हजारों लाखों करोड़ की फेंकता था। कभी बीस लाख करोड़ की तो कभी एक लाख छयत्तर हजार करोड़ की। और कभी कुछ कम हुई तो पैंतीस हजार करोड़ की। सरकार जी ने फेंकने में सारे विश्व रिकॉर्ड तोड़ दिए थे।

सरकार जी की देखा-देखी उनके मंत्री और दरबारी भी फेंकने में माहिर होने लगे थे। चुनाव नामक एक पुराने दंगल को तो फेंकने की प्रतियोगिता में ही बदल दिया गया था। चुनावों में सभी ऊंची ऊंची और लम्बी लम्बी फेंकते थे। चुनाव नाम की वह प्रतियोगिता गांवों के लेवल से होकर राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित की जाती थी। राजा सरकार जी की टीम उनमें बढ़ चढ़ कर हिस्सा लेती थी और राजा साहेब उन प्रतियोगिताओं में लम्बी लम्बी फेंकते थे। कई बार तो इतनी लम्बी फेंकते थे कि बंगाल के खेल में फेंकी गई दिल्ली तक पहुंच जाती थी।

सरकार जी को अन्य खेल भी पसंद थे। उन खेलों के लिए भी उन्होंने बहुत कुछ किया था। अपने सूबे के एक पुराने खेल मैदान में थोड़ा बहुत विकास कर उसका नाम 'सरकार जी स्टेडियम' ही रख दिया था और देश की राजधानी के एक स्टेडियम का नाम तो बिना कोई सुधार किए ही सुधार दिया था और उसका नाम अपने एक दिवंगत मंत्री के नाम पर रख दिया था। ऐसे ही एक खेल पुरस्कार का नाम भी एक भूतपूर्व राजा के नाम से बदल कर एक महान खिलाड़ी के नाम पर रख दिया था। खेलों के लिए इतना उल्लेखनीय योगदान पहले कभी भी किसी भी राजा ने नहीं किया था।

राजा सरकार जी खेलों की दुनिया को पैसे की दुनिया से अलग ही रखते थे। वे जानते थे कि खिलाड़ी अपनी नैसर्गिक प्रतिभा से ही आगे बढ़ता है न कि सरकारी सहायता से। इसीलिए उन्होंने खेल में सरकारी मदद को सिर्फ खेल मैदानों और खेल पुरस्कारों के नाम बदलने तक ही सीमित रखा। खेलों के लिए पैसा वे कम ही खरचते थे जिससे कि खिलाड़ी अपनी प्रतिभा से ही आगे बढ़ें न कि पैसे की मदद से। वैसे भी सरकार जी को पैसा खर्च करने के लिए और भी बहुत सारी जगह थीं। जैसे सरकार जी अपने लिए वाहन खरीदने में ही हजारों करोड़ खर्च कर देते थे और नया नवेला राजमहल बनवाने में भी।

और हां! खेलों को बढ़ावा देने के लिए सरकार जी एक और काम करते थे कि जब भी कोई खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन करता था तो उसे कबूतर द्वारा संदेश अवश्य भेजते थे। वे जब भी किसी खिलाड़ी को कबूतर द्वारा संदेश भेजते थे तो यह अवश्य ध्यान रखते थे कि वह संदेश अखबारनवीसों और इतिहासकारों के सामने ही लिखा जाए और उनके सामने ही भेजा जाए। इससे खिलाड़ी की हो न हो, सरकार जी की वाहवाही अवश्य हो जाती थी।

इन सब के अलावा सरकार जी के प्रिय खेल छुपम छुपाई और पकड़म पकड़ाई भी थे। राज्य के सारे के सारे संस्थान इन्हीं खेलों को खेलने में लगे रहते थे। कुछ संस्थाएं छुपम छुपाई में तो कुछ पकड़म पकड़ाई में, तो कुछ दोनों खेलों को खेलने में। भले ही आम आदमी को सरकार जी के इन खेलों से परेशानी हो पर सरकार जी को ये खेल अच्छे लगते थे। राजन, अब तुम अपनी मंजिल तक पहुंचने ही वाले हो, इसलिए मैं इस कहानी को यहीं समाप्त करता हूं। छुपम छुपाई और पकड़म पकड़ाई खेल की कहानी कभी और सुनाऊंगा।

कहानी समाप्त कर बेताल ने राजा विक्रमादित्य से पूछा, "राजा, यद्यपि यह प्रश्न कठिन है पर मुझे विश्वास है कि तुम इस प्रश्न का उत्तर अवश्य दे सकते हो। तो राजन बताओ कि राजा सरकार जी के शासन काल में चार वर्षीय विश्व प्रतियोगिता में किस खेल में स्वर्ण पदक मिला। यदि तुमने समझते हुए भी इस प्रश्न का उत्तर नहीं दिया तो मैं तुम्हारे सिर के टुकड़े टुकड़े कर दूंगा"।

राजा विक्रमादित्य ने सोच कर उत्तर दिया, "बेताल, इस प्रश्न का उत्तर कठिन अवश्य है पर असंभव नहीं। किसी भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने में उस खिलाड़ी के अथक श्रम और दृढ़ निश्चय का हाथ रहता है जिसका श्रेय किसी भी राजा को हरगिज नहीं दिया जा सकता है। जहां तक रही तुम्हारे प्रश्न की बात, तुमने कहानी में ही सब स्पष्ट कर दिया है। चार वर्षीय विश्व प्रतियोगिता में फेंकने की किसी प्रतियोगिता में ही खिलाड़ी को प्रथम स्थान मिला होगा"।

इतना सुनते ही, बेताल ने कहा "राजा, तुम वास्तव में ही बहुत बुद्धिमान हो और तुमने सरकार जी की कहानी पूरी तल्लीनता से सुनी है। तुमने बिल्कुल ठीक उत्तर दिया है। लेकिन तुमने बोल कर मौन भंग कर दिया इसलिए मैं वापस जा रहा हूं"। और बेताल उड़ कर वृक्ष की शाखा पर लटक गया।

(व्यंग्य स्तंभ ‘तिरछी नज़र’ के लेखक पेशे से चिकित्सक हैं।)

tirchi nazar
Satire
Political satire
Olympic
sports
Sports in India
Central Government
Narendra modi
sports ministry

Related Stories

मेरी टिप्पणियों को अपने गंदे एजेंडा को आगे बढ़ाने का माध्यम न बनायें : नीरज चोपड़ा

नये इंडिया को सोना मिला- धन्यवाद मोदी जी!

ओलंपिक में महिला खिलाड़ी: वर्तमान और भविष्य की चुनौतियां

टोक्यो ओलंपिक: चार दशक बाद ओलंपिक सेमीफाइनल में जगह बनाने से एक कदम दूर भारतीय हॉकी टीम

जापान ने भारतीय ओलंपिक दल पर कड़े नियम लगाये, आईओए ने कहा, ‘‘अनुचित और भेदभावपूर्ण’’

रोनाल्डो के कोका कोला बोतल हटाने वाले प्रकरण को थोड़ा खुरच कर देखिए!

कहानी अंतर्राष्ट्रीय कराटे खिलाड़ी की, जो अब खेत मज़दूरी कर रही हैं

आईपीएल 2021: भ्रम के बुलबुले और दिमाग़ में भूंसे भरे हुए आदमज़ाद

किसानों के समर्थन में ‘भारत बंद’ सफल, बीजेपी शासित राज्यों में भी रहा असर, कई नेता हिरासत में या नज़रबंद रहे


बाकी खबरें

  • hafte ki baat
    न्यूज़क्लिक टीम
    बीमार लालू फिर निशाने पर क्यों, दो दलित प्रोफेसरों पर हिन्दुत्व का कोप
    21 May 2022
    पूर्व रेलमंत्री लालू प्रसाद और उनके परिवार के दर्जन भर से अधिक ठिकानों पर सीबीआई छापेमारी का राजनीतिक निहितार्थ क्य है? दिल्ली के दो लोगों ने अपनी धार्मिक भावना को ठेस लगने की शिकायत की और दिल्ली…
  • न्यूज़क्लिक रिपोर्ट
    ज्ञानवापी पर फेसबुक पर टिप्पणी के मामले में डीयू के एसोसिएट प्रोफेसर रतन लाल को ज़मानत मिली
    21 May 2022
    अदालत ने लाल को 50,000 रुपये के निजी मुचलके और इतनी ही जमानत राशि जमा करने पर राहत दी।
  • सोनिया यादव
    यूपी: बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था के बीच करोड़ों की दवाएं बेकार, कौन है ज़िम्मेदार?
    21 May 2022
    प्रदेश के उप मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक खुद औचक निरीक्षण कर राज्य की चिकित्सा व्यवस्था की पोल खोल रहे हैं। हाल ही में मंत्री जी एक सरकारी दवा गोदाम पहुंचें, जहां उन्होंने 16.40 करोड़…
  • असद रिज़वी
    उत्तर प्रदेश राज्यसभा चुनाव का समीकरण
    21 May 2022
    भारत निर्वाचन आयोग राज्यसभा सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा  करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश समेत 15 राज्यों की 57 राज्यसभा सीटों के लिए 10 जून को मतदान होना है। मतदान 10 जून को…
  • सुभाष गाताडे
    अलविदा शहीद ए आज़म भगतसिंह! स्वागत डॉ हेडगेवार !
    21 May 2022
    ‘धार्मिक अंधविश्वास और कट्टरपन हमारी प्रगति में बहुत बड़े बाधक हैं। वे हमारे रास्ते के रोड़े साबित हुए हैं। और उनसे हमें हर हाल में छुटकारा पा लेना चाहिए। जो चीज़ आजाद विचारों को बर्दाश्त नहीं कर सकती,…
  • Load More
सब्सक्राइब करें
हमसे जुडे
हमारे बारे में
हमसे संपर्क करें

CC BY-NC-ND This work is licensed under a Creative Commons Attribution-NonCommercial-NoDerivatives 4.0 International License