NewsClick

NewsClick
  • English
  • राजनीति
  • अर्थव्यवस्था
  • विज्ञान
  • संस्कृति
  • भारत
  • अंतरराष्ट्रीय
  • हमारे लेख
  • हमारे वीडियो
search
menu

सदस्यता लें, समर्थन करें

image/svg+xml
  • सारे लेख
  • न्यूज़क्लिक लेख
  • सारे वीडियो
  • न्यूज़क्लिक वीडियो
  • राजनीति
  • अर्थव्यवस्था
  • विज्ञान
  • संस्कृति
  • भारत
  • अंतरराष्ट्रीय
  • अफ्रीका
  • लैटिन अमेरिका
  • फिलिस्तीन
  • नेपाल
  • पाकिस्तान
  • श्री लंका
  • अमेरिका
  • एशिया के बाकी
हमारे बारे में
हमसे संपर्क करें
सब्सक्राइब करें
हमारा अनुसरण करो Facebook - Newsclick Twitter - Newsclick RSS - Newsclick
close menu
साहित्य-संस्कृति
भारत
राजनीति
‘सरकार जी’ का संदेश- रोको, टोको और समझाओ
देश की जनता को समझाने का सारा काम अभी तक प्रधानमंत्री जी ने स्वयं ही सम्हाला हुआ था। पर लगता है अब प्रधानमंत्री जी के पास नया काम, दुश्मन से उसका नाम लिए बिना लड़ने का, आ गया है। अतः समझाने का काम उन्होंने "लोकल" लेवल पर छोड़ दिया है।
डॉ. द्रोण कुमार शर्मा
05 Jul 2020
Satire
प्रतीकात्मक तस्वीर। साभार : Hindustantimes

इस सप्ताह भी प्रधानमंत्री जी ने देश को संबोधित किया। वैसे प्रधानमंत्री जी देश को कई बार संबोधित करते हैं। रेडियो पर 'मन की बात' तो साठ से अधिक बार कर चुके हैं। इसलिए उसका कोई खास महत्व रह नहीं गया है। पहले तो रेडियो पर आने वाली 'मन की बात' समाचार पत्रों में हेडलाइन बनाती भी थी लेकिन अब सिर्फ एक कॉलम की खबर बन कर रह जाती है। वह भी कभी कभी तो बीच के पृष्ठों पर।

tirchi nazar_1.jpg

तो अब प्रधानमंत्री जी ने सोचा है कि टीवी पर देश को संबोधित किया जाये। प्रधानमंत्री जी टीवी पर संबोधित सिर्फ खास मौकों पर करते हैं इसलिए लोग इंतजार भी करते हैं और हेडलाइन भी बनती है। भले ही कुछ भी बोला हो, या कुछ नहीं भी बोला हो, टीवी चौबीसों घंटे वही दिखाता रहता है। अखबारों में भी अगले दिन वही प्रमुख समाचार होता है। वैसे भी प्रधानमंत्री जी टीवी पर प्रमुख घोषणाएं ही करते रहे हैं। शुरुआती रुझान बताते हैं कि जब भी प्रधानमंत्री जी द्वारा लोगों को टीवी पर संबोधित करने की पूर्व घोषणा होती है, लोगों की रूह कांप उठती है, न जाने क्या घोषणा कर दी जाये।

टीवी पर सबसे पहली बार प्रधानमंत्री जी द्वारा आठ नवंबर 2016 की रात आठ बजे जनता को संबोधित कर नोटबंदी की घोषणा की गई, रात बारह बजे से नोट बंद। उस घोषणा ने लोगों का दिन का चैन और रात की नींद उड़ा दी। अगला ऐसा टीवी संबोधन जिससे लोग बेचैन हो उठे, भी रात को आठ बजे ही किया गया। 24 मार्च, इसी वर्ष फिर रात को आठ बजे ही लॉकडाउन यानी कि तालाबंदी की घोषणा की गई। रात बारह बजे से, कोरोना के वायरस पर विजय पाने के लिए इक्कीस दिन की संपूर्ण तालाबंदी। लोग तो घबरा ही गए, वायरस भी घबरा गया होगा।

अभी इसी सप्ताह प्रधानमंत्री जी ने फिर से लोगों को टेलीविजन पर संबोधित किया। यह कोरोना काल में किया गया छठा संबोधन था। लेकिन पूरे कोरोना काल में रात आठ बजे चौबीस मार्च को किये गए एकमात्र संबोधन के अलावा कोई भी संबोधन ऐसा नहीं निकला जिसमें कहने, सुनने या करने लायक कुछ हो, सिवाय थाली-ताली, दिया-बाती की नौटंकी के। लोगबाग अब समझ चुके हैं कि ऐसा संबोधन जो उनकी जिन्दगी दुश्वार कर सके, रात को आठ बजे ही किया जाता है। बाकी सारे संबोधन जो किसी और समय किये जाते हैं, बेकार हैं।

इस मंगलवार, तीस जून को दोपहर बाद, चार बजे किया गया टीवी संबोधन भी बेकार की बातों से भरा हुआ था। वही आत्मनिर्भरता, वही वोकल फॉर लोकल जैसी पुरानी बातों से भरा हुआ था। ये बातें प्रधानमंत्री जी पिछली सभी मीटिंग्स में बोल रहे हैं। हम भले ही सुन सुन कर थक चुके हों पर प्रधानमंत्री जी बोल बोल कर नहीं थके हैं। हाँ, एक बात अवश्य ही नई थी। "रोको, टोको और समझाओ"।

वैसे तो प्रधानमंत्री जी ने गरीबों के लिए बनाई गई प्रधानमंत्री अन्न वितरण योजना को भी तीस जून से छठ पूजा तक के लिए बढा़ दिया। उन्होंने इस बीच में पड़ने वाले सभी त्योहारों का नाम लेकर जिक्र किया। छठ मईया की पूजा का तो शायद छह बार नाम लिया गया। शायद छठ मईया का छह बार नाम लेना कोई जादू टोटका हो, जिससे बिहार चुनाव जीता जा सके। साथ ही उन्होंने यह भी माना कि देश में अस्सी करोड़ लोग ऐसे हैं, जिन्हें इस मुफ्त के अनाज की आवश्यकता है। सरकार सिर्फ पाँच किलो अनाज और एक किलोग्राम चना देगी। नून-तेल और आग के इंतजाम के लिए जनता को आत्मनिर्भर बनना होगा। 

देश की जनता को समझाने का सारा काम अभी तक प्रधानमंत्री जी ने स्वयं ही सम्हाला हुआ था। नोटबंदी के समय भी जनता को समझाया था कि इसके अनेकों लाभ होंगे। लॉकडाउन व अन्य टोटकों से कोरोना पर विजय प्राप्त करने की बात भी उन्होंने ही जनता को समझाई थी। इससे पहले भी सर्जिकल स्ट्राइक के लाभ भी जनता को प्रधानमंत्री जी ने ही समझाये थे। पर लगता है अब प्रधानमंत्री जी के पास नया काम, दुश्मन से उसका नाम लिए बिना लड़ने का, आ गया है। अतः समझाने का काम उन्होंने "लोकल" लेवल पर छोड़ दिया है।

इस सारे संबोधन में सरकार जी ने जो सबसे इंटरैस्टिंग बात कही वह यही थी, "रोको, टोको और समझाओ"। और अपनी व्यस्तता के कारण इसकी जिम्मेदारी उन्होंने सौंपी लोकल अफसरों को। मतलब प्रधानमंत्री जी स्वयं बने "लोकल के लिए वोकल"। वैसे तो लोकली रोकने, लोकली टोकने और लोकली समझाने की सारी जिम्मेदारी हमेशा से ही लोकल पुलिस की ही होती है। लोकल पुलिस उस जिम्मेदारी को, प्रधानमंत्री जी द्वारा सौंपे जाने से बहुत पहले से ही बहुत ही जिम्मेदारी से निभा रही है। शायद तब से ही जब से पुलिस बनी है। 

उसी जिम्मेदारी को निभाते हुए ही तूतिकोरिन पुलिस ने पी जयराज और उसके बेटे जे बेनिक्स को रोकते टोकते हुए अल्टीमेटली समझा दिया। वहां हुआ यह कि पुलिस अनलॉक 1.0 के दौरान बाजार में रोकने और टोकने गई। जयराज की दुकान खुली थी। पुलिस के रोकने, टोकने के ढंग पर शायद जयराज ने भी कुछ रोका टोका होगा। तो पुलिस जयराज को समझाने थाने ले गई। पीछे पीछे जयराज का पुत्र बेनिक्स भी मामला समझने थाने पहुंचा। पुलिस उसे भी समझाने में लग गई। पुलिस ने जयराज और उसके पुत्र बेनिक्स को इतना अधिक समझा दिया है कि अब उनको कोई भी कुछ भी नहीं समझा सकता है। 

अभी हाल में ही, कोरोना काल में ही, लॉकडाउन के दौरान अपने घर वापस लौट रहे मजदूरों और अन्य को, रोका, टोका और फिर अपने ढंग से समझाया। कहीं दौड़ा दौड़ा कर लाठियों से पीट कर समझाया तो कहीं मात्र उठक बैठक लगवा कर समझा दिया। कहीं मुर्गा बना कर समझा दिया तो कहीं मेंढक की तरह कुदवा कर समझाया। पर पुलिस ने सबको समझाया जरूर, भले ही अपनी समझ से समझाया।

पुलिस द्वारा समझाये जाने के कई तरीके हैं। किसी को ऑन द स्पॉट समझा दिया जाता है तो किसी को थाने ले जाकर समझाते हैं। किसी को एंकाउंटर कर समझाते हैं तो किसी को कुछ ले दे कर ही समझा दिया जाता है। पर पुलिस समझाती हर एक को है। कई बार तो शिकायत दर्ज कराने आये व्यक्ति को ही पुलिस समझाने में लग जाती है, पीड़ित को ही अपराधी घोषित कर उसके विरुद्ध ही एफआईआर दर्ज कर दी जाती है। पहले समझाना कुछ हद तक संप्रदाय निरपेक्ष होता था पर अब समझने समझाने में संप्रदाय की भूमिका बढ़ती जा रही है। पुलिस समझाने की इस प्रक्रिया में एक संप्रदाय विशेष को समझाने का ध्यान विशेष रूप से रखती है।

प्रधानमंत्री जी अपने गृहमंत्री जी से कहें कि यदि अनलॉक 2.0 में  यह रोकने, टोकने और समझाने के काम को आम पुलिस की बजाय ट्रैफिक पुलिस करे तो हिंसा जरा कम होगी। ट्रैफिक पुलिस को ले दे कर समझाने का काम करने में अधिक महारत हासिल है। ट्रैफिक पुलिस के कर्मचारी आपको हर चौराहे पर यह रोकने, टोकने और समझाने का काम करते हुए दिख जायेंगे पर मजाल है कि जरा सी भी हिंसा होती हो। तब सारा समझने समझाने का कार्य अहिंसक ढंग से, क्षत्रिय धर्म का पालन करने की बजाय वैश्य धर्म का पालन करते हुए ही, गांधीवादी तरीक़े से हो जायेगा।

(लेखक पेशे से चिकित्सक हैं।)

tirchi nazar
Satire
Political satire
Narendra modi
indo-china
Amit Shah
Coronavirus
Lockdown

Related Stories

लॉकडाउन-2020: यही तो दिन थे, जब राजा ने अचानक कह दिया था— स्टैचू!

तिरछी नज़र: सरकार-जी, बम केवल साइकिल में ही नहीं लगता

विज्ञापन की महिमा: अगर विज्ञापन न होते तो हमें विकास दिखाई ही न देता

तिरछी नज़र: बजट इस साल का; बात पच्चीस साल की

…सब कुछ ठीक-ठाक है

तिरछी नज़र: ‘ज़िंदा लौट आए’ मतलब लौट के...

बना रहे रस: वे बनारस से उसकी आत्मा छीनना चाहते हैं

तिरछी नज़र: ओमीक्रॉन आला रे...

कटाक्ष: नये साल के लक्षण अच्छे नजर नहीं आ रहे हैं...

तिरछी नज़र: ...चुनाव आला रे


बाकी खबरें

  • kashmir jammu
    सुहैल भट्ट
    विशेषज्ञों के मुताबिक़ कश्मीर में मानसिक स्वास्थ्य की स्थिति अपने कगार पर है
    27 Dec 2021
    जम्मू-कश्मीर में तनाव से मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है, जिसका बड़ा कारण साल 2019 में हटाई गई धारा 370 को मुख्य माना जा रहा है, खुद को कैदी जैसा महसूस कर रहे जम्मू-कश्मीर के लोगों में…
  • Ethiopia
    पीपल्स डिस्पैच
    अमेरिका समर्थित टीपीएलएफ़ ने इथियोपिया में जंग हारने के बाद संयुक्त राष्ट्र से सुरक्षा की गुहार लगाई
    27 Dec 2021
    संघीय सरकार की फ़ौज ने टीपीएलएफ़ को टिगरे राज्य में वापस जाने के लिए मजबूर कर दिया, अब टीपीएलएफ़ शांति प्रक्रिया के लिए बातचीत शुरू करने की गुहार लगा रहा है। सरकार ने समूह के नि:शस्त्रीकरण और इसके…
  • Mental health
    वर्षा सिंह
    उत्तराखंड: मानसिक सेहत गंभीर मामला लेकिन इलाज के लिए जाएं कहां?
    27 Dec 2021
    फ़रवरी 2019 में उत्तराखंड में मानसिक स्वास्थ्य प्राधिकरण का गठन करने के लिए स्वीकृति प्रदान की गई। ये प्राधिकरण काग़ज़ों में भी पूरी तरह तैयार नहीं हो पाया है। प्राधिकरण में मानसिक स्वास्थ्य के लिए…
  •  Muzaffarpur
    न्यूज़क्लिक रिपोर्ट
    मुज़फ़्फ़रपुर: हादसा या हत्याकांड!, मज़दूरों ने कहा- 6 महीने से ख़राब था बॉयलर, जबरन कराया जा रहा था काम
    27 Dec 2021
    बॉयलर छह महीने से ख़राब था। कामगारों ने ख़तरे की आशंका जताई थी। बॉयलर का सेफ्टी वाल्व भी ख़राब था। इसके विरोध में दो दिन तक मज़दूरों ने काम भी बंद रखा था लेकिन प्रबंधन ने इसको ठीक नहीं कराया था।
  • haridwar
    वसीम अकरम त्यागी
    राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग: आख़िर तुम किस मर्ज़ की दवा हो?
    27 Dec 2021
    हरिद्वार, आगरा से लेकर गुरुग्राम तक, त्रिपुरा से लेकर कर्नाटक तक, नमाज़ से लेकर चर्च की प्रार्थना सभा तक अल्पसंख्यकों पर लगातार हमले हो रहे हैं, लेकिन अल्पसंख्यकों के अधिकारों की रक्षा के लिये बना…
  • Load More
सब्सक्राइब करें
हमसे जुडे
हमारे बारे में
हमसे संपर्क करें

CC BY-NC-ND This work is licensed under a Creative Commons Attribution-NonCommercial-NoDerivatives 4.0 International License