NewsClick

NewsClick
  • English
  • राजनीति
  • अर्थव्यवस्था
  • विज्ञान
  • संस्कृति
  • भारत
  • अंतरराष्ट्रीय
  • हमारे लेख
  • हमारे वीडियो
search
menu

सदस्यता लें, समर्थन करें

image/svg+xml
  • सारे लेख
  • न्यूज़क्लिक लेख
  • सारे वीडियो
  • न्यूज़क्लिक वीडियो
  • राजनीति
  • अर्थव्यवस्था
  • विज्ञान
  • संस्कृति
  • भारत
  • अंतरराष्ट्रीय
  • अफ्रीका
  • लैटिन अमेरिका
  • फिलिस्तीन
  • नेपाल
  • पाकिस्तान
  • श्री लंका
  • अमेरिका
  • एशिया के बाकी
हमारे बारे में
हमसे संपर्क करें
सब्सक्राइब करें
हमारा अनुसरण करो Facebook - Newsclick Twitter - Newsclick RSS - Newsclick
close menu
समाज
साहित्य-संस्कृति
हाँ, तुम मुझसे प्रेम करो जैसे मछलियाँ लहरों से करती हैं...
प्यार के मायने क्या हो सकते हैं, इसे अगर ढूंढना-समझना हो तो शमशेर बहादुर सिंह की कविताओं में ढूंढा-समझा जा सकता है। वही कह सकते हैं कि "हाँ, तुम मुझसे प्रेम करो जैसे मछलियाँ लहरों से करती हैं...जिनमें वह फँसने नहीं आतीं"। वैलेंटाइन डे के मौके पर शमशेर बहादुर सिंह की एक प्रसिद्ध कविता 'टूटी हुई, बिखरी हुई'।
शमशेर बहादुर सिंह
14 Feb 2020
वैलंटाइन्स डे
प्रतीकात्मक फोटो : गूगल से साभार

टूटी हुई, बिखरी हुई

टूटी हुई बिखरी हुई चाय

की दली हुई पाँव के नीचे

पत्तियाँ

मेरी कविता

 

बाल, झड़े हुए, मैल से रूखे, गिरे हुए,

गर्दन से फिर भी चिपके

... कुछ ऐसी मेरी खाल,

मुझसे अलग-सी, मिट्टी में

मिली-सी

 

दोपहर बाद की धूप-छाँह में खड़ी इंतजार की ठेलेगाड़ियाँ

जैसे मेरी पसलियाँ...

खाली बोरे सूजों से रफू किये जा रहे हैं...जो

मेरी आँखों का सूनापन हैं

 

ठंड भी एक मुसकराहट लिये हुए है

जो कि मेरी दोस्‍त है।

 

कबूतरों ने एक ग़ज़ल गुनगुनायी . . .

मैं समझ न सका, रदीफ़-क़ाफ़िये क्‍या थे,

इतना ख़फ़ीफ़, इतना हलका, इतना मीठा

उनका दर्द था।

 

आसमान में गंगा की रेत आईने की तरह हिल रही है।

मैं उसी में कीचड़ की तरह सो रहा हूँ

और चमक रहा हूँ कहीं...

न जाने कहाँ।

 

मेरी बाँसुरी है एक नाव की पतवार -

जिसके स्‍वर गीले हो गये हैं,

छप्-छप्-छप् मेरा हृदय कर रहा है...

छप् छप् छप्

 

वह पैदा हुआ है जो मेरी मृत्‍यु को सँवारने वाला है।

वह दुकान मैंने खोली है जहाँ 'प्‍वाइजन' का लेबुल लिए हुए

दवाइयाँ हँसती हैं -

उनके इंजेक्‍शन की चिकोटियों में बड़ा प्रेम है।

 

वह मुझ पर हँस रही है, जो मेरे होठों पर एक तलुए

के बल खड़ी है

मगर उसके बाल मेरी पीठ के नीचे दबे हुए हैं

और मेरी पीठ को समय के बारीक तारों की तरह

खुरच रहे हैं

उसके एक चुम्‍बन की स्‍पष्‍ट परछायीं मुहर बनकर उसके

तलुओं के ठप्‍पे से मेरे मुँह को कुचल चुकी है

उसका सीना मुझको पीसकर बराबर कर चुका है।

 

मुझको प्‍यास के पहाड़ों पर लिटा दो जहाँ मैं

एक झरने की तरह तड़प रहा हूँ।

मुझको सूरज की किरनों में जलने दो -

ताकि उसकी आँच और लपट में तुम

फौवारे की तरह नाचो।

 

मुझको जंगली फूलों की तरह ओस से टपकने दो,

ताकि उसकी दबी हुई खुशबू से अपने पलकों की

उनींदी जलन को तुम भिगो सको, मुमकिन है तो।

हाँ, तुम मुझसे बोलो, जैसे मेरे दरवाजे की शर्माती चूलें

सवाल करती हैं बार-बार... मेरे दिल के

अनगिनती कमरों से।

 

हाँ, तुम मुझसे प्रेम करो जैसे मछलियाँ लहरों से करती हैं

...जिनमें वह फँसने नहीं आतीं,

जैसे हवाएँ मेरे सीने से करती हैं

जिसको वह गहराई तक दबा नहीं पातीं,

तुम मुझसे प्रेम करो जैसे मैं तुमसे करता हूँ।

 

आईनो, रोशनाई में घुल जाओ और आसमान में

मुझे लिखो और मुझे पढ़ो।

आईनो, मुसकराओ और मुझे मार डालो।

आईनो, मैं तुम्‍हारी जिंदगी हूँ।

 

एक फूल उषा की खिलखिलाहट पहनकर

रात का गड़ता हुआ काला कम्‍बल उतारता हुआ

मुझसे लिपट गया।

 

उसमें काँटें नहीं थे - सिर्फ एक बहुत

काली, बहुत लम्बी जुल्‍फ थी जो जमीन तक

साया किये हुए थी... जहाँ मेरे पाँव

खो गये थे।

 

वह गुल मोतियों को चबाता हुआ सितारों को

अपनी कनखियों में घुलाता हुआ, मुझ पर

एक जिन्‍दा इत्रपाश बनकर बरस पड़ा -

 

और तब मैंने देखा कि मैं सिर्फ एक साँस हूँ जो उसकी

बूँदों में बस गयी है।

जो तुम्‍हारे सीनों में फाँस की तरह खाब में

अटकती होगी, बुरी तरह खटकती होगी।

 

मैं उसके पाँवों पर कोई सिजदा न बन सका,

क्‍योंकि मेरे झुकते न झुकते

उसके पाँवों की दिशा मेरी आँखों को लेकर

खो गयी थी।

 

जब तुम मुझे मिले, एक खुला फटा हुआ लिफाफा

तुम्‍हारे हाथ आया।

बहुत उसे उलटा-पलटा - उसमें कुछ न था -

तुमने उसे फेंक दिया : तभी जाकर मैं नीचे

पड़ा हुआ तुम्‍हें 'मैं' लगा। तुम उसे

उठाने के लिए झुके भी, पर फिर कुछ सोचकर

मुझे वहीं छोड़ दिया। मैं तुमसे

यों ही मिल लिया था।

 

मेरी याददाश्‍त को तुमने गुनाहगार बनाया - और उसका

सूद बहुत बढ़ाकर मुझसे वसूल किया। और तब

मैंने कहा - अगले जनम में। मैं इस

तरह मुस्कुराया जैसे शाम के पानी में

डूबते पहाड़ गमगीन मुसकराते हैं।

 

मेरी कविता की तुमने खूब दाद दी - मैंने समझा

तुम अपनी ही बातें सुना रहे हो। तुमने मेरी

कविता की खूब दाद दी।

 

तुमने मुझे जिस रंग में लपेटा, मैं लिपटता गया :

और जब लपेट न खुले - तुमने मुझे जला दिया।

मुझे, जलते हुए को भी तुम देखते रहे : और वह

मुझे अच्‍छा लगता रहा।

 

एक खुशबू जो मेरी पलकों में इशारों की तरह

बस गयी है, जैसे तुम्‍हारे नाम की नन्‍हीं-सी

स्‍पेलिंग हो, छोटी-सी प्‍यारी-सी, तिरछी स्‍पेलिंग।

 

आह, तुम्‍हारे दाँतों से जो दूब के तिनके की नोक

उस पिकनिक में चिपकी रह गयी थी,

आज तक मेरी नींद में गड़ती है।

 

अगर मुझे किसी से ईर्ष्‍या होती तो मैं

दूसरा जन्‍म बार-बार हर घंटे लेता जाता

पर मैं तो जैसे इसी शरीर से अमर हूँ -

तुम्‍हारी बरकत!

 

बहुत-से तीर बहुत-सी नावें, बहुत-से पर इधर

उड़ते हुए आये, घूमते हुए गुजर गये

मुझको लिये, सबके सब। तुमने समझा

कि उनमें तुम थे। नहीं, नहीं, नहीं।

उसमें कोई न था। सिर्फ बीती हुई

अनहोनी और होनी की उदास

रंगीनियाँ थीं। फकत।

(कविता कोश से साभार)

valentines day
Poetry
love poetry

Related Stories

इतवार की कविता : 'पुनल तुम आदमी निकले...'


बाकी खबरें

  • नीलाबंरन ए
    तमिलनाडु के ग्रामीण स्थानीय निकाय चुनावों में डीएमके एकतरफ़ा जीत हासिल की
    15 Oct 2021
    एआईएडीएमके और बीजेपी की बेहद अपमानजनक हार।
  • Ram
    शंभूनाथ शुक्ल
    सबके अपने-अपने राम!
    15 Oct 2021
    राम के चरित्र का उज्ज्वल पक्ष क्या है और स्याह पक्ष कौन-सा है, जब तक यह नहीं समझा जाएगा, तब तक इस तरह लकीर पीटने से क्या फ़ायदा! नौ दिन तक राम लीला हुई और दसवें दिन रावण फुँक गया। बस क़िस्सा ख़त्म।
  • daily
    न्यूज़क्लिक टीम
    डीयू शिक्षक संघ चुनाव, बनारस में छात्रों पर FIR और अन्य ख़बरें
    14 Oct 2021
    न्यूज़क्लिक के डेली राउंडअप में आज हमारी नज़र रहेगी दिल्ली विश्वविद्यालय शिक्षक संघ के चुनाव, बनारस में छात्रों पर FIR अन्य ख़बरों पर।
  • bsf
    न्यूज़क्लिक रिपोर्ट
    बॉर्डर राज्यों में केंद्र ने बढ़ाया BSF का दायरा, पंजाब-पश्चिम बंगाल ने बताया राज्यों पर हमला
    14 Oct 2021
    पाकिस्तान और बांग्लादेश से लगे हुए राज्यों में BSF अब 50 किलोमीटर तक के दायरे में गिरफ्तारी कर सकती है, तलाशी कर सकती है, जांच कर सकती है, सामान जब्त कर सकती है। पहले बॉर्डर राज्यों पर सुरक्षा की…
  • stop
    न्यूज़क्लिक टीम
    यूपी: ललितपुर बलात्कार मामले में कई गिरफ्तार, लेकिन कानून व्यवस्था पर सवाल अब भी बरकरार!
    14 Oct 2021
    यह सिर्फ इसी मामले की कहानी नहीं है, बल्कि पूरे देश की स्थिति है। महिलाओं के खिलाफ हिंसा बढ़ती जा रही है लेकिन जब मामले दर्ज होते हैं तो अदालतों में उन पर सुनवाई पूरी होने में सालों लग जाते हैं और…
  • Load More
सब्सक्राइब करें
हमसे जुडे
हमारे बारे में
हमसे संपर्क करें

CC BY-NC-ND This work is licensed under a Creative Commons Attribution-NonCommercial-NoDerivatives 4.0 International License