NewsClick

NewsClick
  • English
  • राजनीति
  • अर्थव्यवस्था
  • विज्ञान
  • संस्कृति
  • भारत
  • अंतरराष्ट्रीय
  • हमारे लेख
  • हमारे वीडियो
search
menu

सदस्यता लें, समर्थन करें

image/svg+xml
  • सारे लेख
  • न्यूज़क्लिक लेख
  • सारे वीडियो
  • न्यूज़क्लिक वीडियो
  • राजनीति
  • अर्थव्यवस्था
  • विज्ञान
  • संस्कृति
  • भारत
  • अंतरराष्ट्रीय
  • अफ्रीका
  • लैटिन अमेरिका
  • फिलिस्तीन
  • नेपाल
  • पाकिस्तान
  • श्री लंका
  • अमेरिका
  • एशिया के बाकी
हमारे बारे में
हमसे संपर्क करें
सब्सक्राइब करें
हमारा अनुसरण करो Facebook - Newsclick Twitter - Newsclick RSS - Newsclick
close menu
भारत
राजनीति
पश्चिम बंगाल: क्या हैं विधान परिषद की राजनीति के मायने?
पश्चिम बंगाल उन राज्यों में से था, जिनमें विधान परिषद थी। 1952 में मुख्यमंत्री बिधानचंद्र रॉय ने इसका गठन किया था। किंतु 1969 में तत्कालीन संयुक्त मोर्चा सरकार ने इसे भंग कर दिया। अब 52 वर्ष बाद इसे पुनः गठित करने की क़वायद शुरू हुई।
शंभूनाथ शुक्ल
14 Jul 2021
modi-mamata
image courtesy:IndianExpress

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपने वायदे के अनुसार राज्य में विधान परिषद के गठन के लिए विधानसभा में बिल पास करवा दिया है। अब यह मामला संसद को भेज दिया जाएगा। ज़ाहिर है अब गेंद संसद के पाले में है।

छह जुलाई को पश्चिम बंगाल विधानसभा में विधान परिषद के गठन का बिल पास हुआ। इस बिल के पक्ष में 196 और विरोध में 69 मत पड़े। संविधान के अनुच्छेद 169 के अनुसार अगर सदन के आधे से एक अधिक सदस्य अथवा उपस्थित विधायकों का बहुमत (जो भी अधिक संख्या हो) इससे सहमत हो तो विधान परिषद के गठन का रास्ता खुलता है। अब यह प्रस्ताव संसद में आएगा और अनुच्छेद 171 के अनुसार अगर संसद में उस दिन उपस्थित सदस्यों का सामान्य बहुमत इसे क्लीयर कर दे और राष्ट्रपति की मोहर लग जाए तो उस राज्य में विधान परिषद गठन की प्रक्रिया पूर्ण मानी जाएगी।

विधानसभा में बीजेपी सदस्यों ने पश्चिम बंगाल में दोबारा विधान परिषद बनाने के प्रस्ताव का विरोध किया था। किंतु विधानसभा चुनाव के समय जब ममता बनर्जी राज्य की जनता को विधान परिषद दिए जाने की चुनावी घोषणा कर रही थीं, तब बीजेपी चुप लगा गई थी। क्योंकि उस वक्त विरोध का अर्थ था, जनता की नाराज़गी मोल लेना लेकिन अब विधान सभा में उसने विरोध किया। सच बात तो यह है कि तब बीजेपी को खुद के बहुमत का भरोसा था।

पश्चिम बंगाल उन राज्यों में से था, जिनमें विधान परिषद थी। 1952 में मुख्यमंत्री बिधानचंद्र रॉय ने इसका गठन किया था। किंतु 1969 में तत्कालीन संयुक्त मोर्चा सरकार ने इसे भंग कर दिया। अब 52 वर्ष बाद इसे पुनः गठित करने की क़वायद शुरू हुई। विधानसभा में जिस दिन यह प्रस्ताव पास हुआ, उस दिन स्वयं मुख्यमंत्री सदन में नहीं थीं और संसदीय मंत्री पार्थो चटर्जी ने इसे प्रस्तुत किया। सदन में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने इसका विरोध किया। उन्होंने कहा, मुख्यमंत्री ज़ान-बूझ कर सदन में नहीं है ताकि उनकी अनुपस्थिति में यह बिल पास हो जाए और फिर विधान परिषद के रास्ते वे राज्य विधान मंडल की सदस्य बनें। मालूम हो कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी राज्य विधानसभा का चुनाव शुभेंदु अधिकारी से पराजित हो गई थीं।

विधान परिषद अभी कुल छह राज्यों- उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र और तेलंगाना में है। यह ठीक वैसी ही व्यवस्था है, जैसी कि संसद में द्वि-स्तरीय व्यवस्था है- राज्यसभा और लोकसभा। दरअसल संविधान निर्माताओं को लगा था कि कई बार समाज के दिशा निर्देशक और बौद्धिक लोग उस तरह से वाक्-पटु या जनता के बीच घुल-मिल नहीं पाते जैसा कि भाषण-पटु राजनेता। लेकिन ऐसे लोगों की ज़रूरत संसद को होती है ताकि लोक कल्याणकारी क़ानून पास करते समय उनकी विज्ञ राय ली जा सके। दूसरे उनको यह भी अंदेशा था कि कभी भविष्य में ऐसा न हो किसी लोकप्रिय लहर के चलते भावनाओं में ऐसे लोग न जीत जाएँ जो देश या प्रदेश को हिंसा की तरफ़ धकेल दें इसलिए राज्यसभा की नकेल बनी रहे। क्योंकि राज्यसभा के एक तिहाई सदस्यों के चुनाव हर दो वर्ष में होते हैं और राज्यों के विधान मंडल के सदस्य इन्हें चुन कर भेजते हैं। इसी तरह की व्यवस्था कुछ राज्यों ने भी बनाई थी। राज्यों में इस सदन को विधान परिषद कहते हैं।

विधान परिषद की सदस्य संख्या उस राज्य की विधान सभा की कुल संख्या की एक तिहाई निर्धारित की गई थी। और इनके चुनाव भी राज्य सभा की तरह द्वि-वार्षिक तय किए गए थे। अर्थात् हर दो वर्ष में एक तिहाई सदस्य अवकाश मुक्त होंगे। लेकिन विधान परिषद की कुल संख्या के एक बटे बारह सदस्य स्नातक निर्वाचन क्षेत्र (जिनमें सिर्फ़ स्नातक वोटर ही मतदान कर सकते हैं) से आएँगे और इतने ही शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से (सिर्फ़ शिक्षक मतदाता) चुने जाएँगे। विधान परिषद के एक तिहाई सदस्यों को स्थानीय निकाय चुनेंगे तथा बाक़ी के एक तिहाई विधानसभा के सदस्यों के द्वारा। शेष सदस्यों को राज्यपाल नामज़द करेंगे। ये नामजद सदस्य साहित्य, कला, समाज सेवा, विज्ञान के क्षेत्र में नामचीन होंगे। इसके अतिरिक्त सहकारी समितियों से भी सदस्य नामज़द किए जाएँगे। कुल मिला कर यह एक ऐसी व्यवस्था थी, ताकि हर क्षेत्र के अव्वल लोगों को भी विधायिका में लाया जा सके।

अब चूँकि राजनीतिकों ने संविधान के हर नियम को अपने मुताबिक़ कर लिया, इसलिए इस मामले में भी छूट ली गई। साहित्य, कला और विज्ञान के नाम पर पसंदीदा सिने स्टार लाए गए या क्रिकेट के सितारे। पत्रकार के नाम पर उन लोगों को लाया गया, जो सत्ता की स्तुति किया करते थे। इसी तरह कुछ छोटे-छोटे दलों ने राज्यसभा अथवा विधान परिषद के लिए पैसे लेकर टिकट बेचे। ताज़ा मामला सत्तारूढ़ भाजपा के सहयोगी अपना दल का है। उस पर आरोप है कि जौनपुर ज़िले में पंचायत प्रमुख पद के लिए ख़ुद उसके प्रत्याशी ने पैसा लेकर अपना ही टिकट बेच दिया। ऐसे एक नहीं अनगिनत क़िस्से हैं। संसद की एक अलिखित परंपरा है कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री जैसे पद लोकसभा अथवा विधानसभा चुनाव जीत कर आया व्यक्ति ही सँभालेगा ताकि पब्लिक को लगे कि सरकार का मुखिया उसके द्वारा चुना गया नुमाइंदा है। लेकिन मनमोहन सिंह दो बार प्रधानमंत्री रहे और दोनों बार वे राज्यसभा में चुन कर आए। मज़े की बात कि 2009 में कांग्रेस ने उनकी अगुआई में 200 से ऊपर सीटें पाईं किंतु वे सदा राज्यसभा से रहे। इसी तरह देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके दोनों उप मुख्यमंत्री- केशव प्रसाद मौर्य तथा दिनेश शर्मा विधानसभा से नहीं बल्कि विधान परिषद से निर्वाचित हैं। ऐसी स्थिति में यदि ममता बनर्जी भी ऐसा करना चाहती हों तो इसमें ग़लत क्या है? ख़ासतौर पर ऐसी स्थिति में जब उन्हें पता हो कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार हर तरह से उन्हें सदन में न पहुँचने देने को आमादा है।

यह सच है कि केंद्र सरकार किसी भी स्थिति में संसद से पश्चिम बंगाल में विधान परिषद का गठन नहीं होने देगी। मगर इसके बावजूद अब गेंद केंद्र सरकार के पाले में आ गई है और हर एक को यह पता भी चल गया है। इसलिए विधानसभा द्वारा पारित इस प्रस्ताव पर बीजेपी की अड़ंगेबाजी एक मुद्दा बनेगी। तथा 19 जुलाई से शुरू हो रहे संसद के मानसून सत्र में हंगामा मचेगा। ऐसे में मोदी सरकार के गले में यह फाँस बन गई है। वैसे उसने हरसंभव कोशिश की है कि उपचुनाव टाले जाएँ ताकि ममता किसी तरह विधानसभा में न पहुँचें। लेकिन भाजपा के खुद के लिए भी बंगाल में उच्च सदन का बनना फ़ायदे का सौदा होगा। इस समय विधानसभा में उसकी संख्या आशातीत है। अगर उसे दूर की राजनीति करनी है तो विधान परिषद ख़ुद उसके लिए भी बेहतर है। अपनी सदस्य संख्या के बूते वह विधान परिषद में भी अपने विधायक पहुँचा लेगी। इसके बाद स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भी उसके कुछ सदस्य पहुँचेंगे। सबसे आसान होता है स्थानीय निकाय के ज़रिए मैनेज करना। और उसके बाद राज्यपाल उसी का है। ये सब बातें बीजेपी को भी विधान परिषद के ज़रिए राजनीति का मौक़ा दे रही हैं। इसलिए संभावना इस बात की भी है कि बीजेपी पश्चिम बंगाल में विधान परिषद के गठन के इस प्रस्ताव को पास हो जाने दे। अभी पक्के तौर पर कुछ भी नहीं कहा जा सकता लेकिन राजनीति में असंभव के भी पूरा हो जाने की संभावना कभी शून्य नहीं होती।

(लेखक वरिष्ठ पत्रकार हैं। विचार व्यक्तिगत हैं।)

West Bengal
mamta banerjee
legislative assembly

Related Stories

राज्यपाल की जगह ममता होंगी राज्य संचालित विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति, पश्चिम बंगाल कैबिनेट ने पारित किया प्रस्ताव

प. बंगाल : अब राज्यपाल नहीं मुख्यमंत्री होंगे विश्वविद्यालयों के कुलपति

पश्चिम बंगालः वेतन वृद्धि की मांग को लेकर चाय बागान के कर्मचारी-श्रमिक तीन दिन करेंगे हड़ताल

मछली पालन करने वालों के सामने पश्चिम बंगाल में आजीविका छिनने का डर - AIFFWF

‘जलवायु परिवर्तन’ के चलते दुनियाभर में बढ़ रही प्रचंड गर्मी, भारत में भी बढ़ेगा तापमान

बढ़ती हिंसा और सीबीआई के हस्तक्षेप के चलते मुश्किल में ममता और तृणमूल कांग्रेस

बलात्कार को लेकर राजनेताओं में संवेदनशीलता कब नज़र आएगी?

टीएमसी नेताओं ने माना कि रामपुरहाट की घटना ने पार्टी को दाग़दार बना दिया है

बंगाल हिंसा मामला : न्याय की मांग करते हुए वाम मोर्चा ने निकाली रैली

यूपी चुनावः बनारस के सियासी अखाड़े में दिग्गजों पर भारी पड़ीं ममता, भाजपा को दे गईं गहरी चोट


बाकी खबरें

  • modi
    अनिल जैन
    खरी-खरी: मोदी बोलते वक्त भूल जाते हैं कि वे प्रधानमंत्री भी हैं!
    22 Feb 2022
    दरअसल प्रधानमंत्री के ये निम्न स्तरीय बयान एक तरह से उनकी बौखलाहट की झलक दिखा रहे हैं। उन्हें एहसास हो गया है कि पांचों राज्यों में जनता उनकी पार्टी को बुरी तरह नकार रही है।
  • Rajasthan
    सोनिया यादव
    राजस्थान: अलग कृषि बजट किसानों के संघर्ष की जीत है या फिर चुनावी हथियार?
    22 Feb 2022
    किसानों पर कर्ज़ का बढ़ता बोझ और उसकी वसूली के लिए बैंकों का नोटिस, जमीनों की नीलामी इस वक्त राज्य में एक बड़ा मुद्दा बना हुआ है। ऐसे में गहलोत सरकार 2023 केे विधानसभा चुनावों को देखते हुए कोई जोखिम…
  • up elections
    रवि शंकर दुबे
    यूपी चुनाव, चौथा चरण: केंद्रीय मंत्री समेत दांव पर कई नेताओं की प्रतिष्ठा
    22 Feb 2022
    उत्तर प्रदेश चुनाव के चौथे चरण में 624 प्रत्याशियों का भाग्य तय होगा, साथ ही भारतीय जनता पार्टी समेत समाजवादी पार्टी की प्रतिष्ठा भी दांव पर है। एक ओर जहां भाजपा अपना पुराना प्रदर्शन दोहराना चाहेगी,…
  • uttar pradesh
    एम.ओबैद
    यूपी चुनाव : योगी काल में नहीं थमा 'इलाज के अभाव में मौत' का सिलसिला
    22 Feb 2022
    पिछले साल इलाहाबाद हाईकोर्ट ने योगी सरकार को फटकार लगाते हुए कहा था कि "वर्तमान में प्रदेश में चिकित्सा सुविधा बेहद नाज़ुक और कमज़ोर है। यह आम दिनों में भी जनता की ज़रूरतों को पूरा करने के लिए पर्याप्त…
  • covid
    टी ललिता
    महामारी के मद्देनजर कामगार वर्ग की ज़रूरतों के अनुरूप शहरों की योजना में बदलाव की आवश्यकता  
    22 Feb 2022
    दूसरे कोविड-19 लहर के दौरान सरकार के कुप्रबंधन ने शहरी नियोजन की खामियों को उजागर करके रख दिया है, जिसने हमेशा ही श्रमिकों की जरूरतों की अनदेखी की है। 
  • Load More
सब्सक्राइब करें
हमसे जुडे
हमारे बारे में
हमसे संपर्क करें

CC BY-NC-ND This work is licensed under a Creative Commons Attribution-NonCommercial-NoDerivatives 4.0 International License