NewsClick

NewsClick
  • English
  • राजनीति
  • अर्थव्यवस्था
  • विज्ञान
  • संस्कृति
  • भारत
  • अंतरराष्ट्रीय
  • हमारे लेख
  • हमारे वीडियो
search
menu

सदस्यता लें, समर्थन करें

image/svg+xml
  • सारे लेख
  • न्यूज़क्लिक लेख
  • सारे वीडियो
  • न्यूज़क्लिक वीडियो
  • राजनीति
  • अर्थव्यवस्था
  • विज्ञान
  • संस्कृति
  • भारत
  • अंतरराष्ट्रीय
  • अफ्रीका
  • लैटिन अमेरिका
  • फिलिस्तीन
  • नेपाल
  • पाकिस्तान
  • श्री लंका
  • अमेरिका
  • एशिया के बाकी
हमारे बारे में
हमसे संपर्क करें
सब्सक्राइब करें
हमारा अनुसरण करो Facebook - Newsclick Twitter - Newsclick RSS - Newsclick
close menu
भारत
राजनीति
गांधी : हमारे हुक्मरान ने तुम्हारा चश्मा तो लिया पर तुम्हारी चश्म का क्या?
...कितनी ही योजनाएँ/ उपक्रम और संस्थाएँ/  तुम्हारे नाम से चलाए गए-
तुम्हारे नाम की उपयोगिता है/ नाम के साम्य की उपयोगिता है.../ फिर भी नाशाद हो तुम/  तो आख़िर क्या करें हम/ मनाएं कैसे तुम्हारा/ डेढ़ सौ साला जश्न?
न्यूज़क्लिक डेस्क
20 Oct 2019
mahatma gandhi

पूर्व वरिष्ठ आईएएस कमल कान्त जैसवाल एक संवेदनशील कवि भी हैं। आपने करीब 36 वर्षों तक भारतीय प्रशासनिक सेवा के विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर काम किया। एक लंबे समय से 'कॉमन कॉज़' संस्था से जुड़े हैं। आप इसके निदेशक रहे और वर्तमान में गवर्निंग काउंसिल के अध्यक्ष हैं। महात्मा गांधी को आज के हालात में याद करते हुए उन्होंने यह कविता लिखी और सवाल पूछा कि हमारे हुक्मरान यानी शासकों ने तुम्हारा चश्मा तो लिया पर तुम्हारी चश्म यानी तुम्हारी आँखों या नज़र या फिर नज़रिया का क्या?", वे पूछते हैं कि "मनाएं कैसे तुम्हारा डेढ़ सौ साला जश्न?”
रविवार विशेष में आइए पढ़ते हैं उनकी ये कविता -
 

बापू की विरासत                        
 

उपयोगितावादी हमारी परंपरा में
हर किसी का इस्तेमाल होता है
तुम्हारा भी हुआ है इस्तेमाल -
आगे भी होता रहेगा।

पहले तुम डाक टिकटों पर छपे
छाए फिर रंग-बिरंगे नोटों पर
चमचमाते टकसाली सिक्कों पर
तुम्हारी छवि उकेरी गई।

संसद भवन के प्रांगण में
दफ्तरों व संस्थानों में
तुम्हारे बुत लगाए गए -
सजावट के तौर पर ही सही।

पर न जाने क्यों लगती हैं
नोटों पर छपी ये तस्वीरें बेजान
इनकी आँखों में वो नूर नहीं -
सिर्फ़ सूनापन है।

शायद तुमने सोचा भी न था
शान-ओ-शौकत को ठुकरा कर
ग़रीबी ख़ुद-ब-ख़ुद अपना कर
तुमको बनना होगा इक दिन
नोटों व सिक्कों की पहचान।

और फिर काले बाज़ारों में
अँधेरे गलियारों में
सियासत की तिजारत में
संसद की इमारत में -
गाँधी छाप नोटों का
होगा आदान-प्रदान।

जगह-बेजगह खड़े तुम्हारे ये बुत
कुछ अनमने से लगते हैं
शायद वहाँ से जो दिखता है
तुम्हें भाता नहीं है -
रास आता नहीं है।

कितनी ही योजनाएँ
उपक्रम और संस्थाएँ
तुम्हारे नाम से चलाए गए -
तुम्हारे नाम की उपयोगिता है
नाम के साम्य की उपयोगिता है।

फिर भी नाशाद हो तुम
तो आख़िर क्या करें हम
मनाएं कैसे तुम्हारा
डेढ़ सौ साला जश्न?

चलो इतना तो मानोगे
स्वच्छ भारत का ये अभियान
जिसने बढ़ाई देश की शान
सभी को जिस पे है अभिमान -
तुम्हारी अपनी पेशकश है?

बने हो उसके शुभंकर
या कहें ब्रैंड अम्बेसडर
उदास फिर भी क्यों हो तुम -
बड़ी भारी है ये उलझन।

कहीं ऐसा तो नहीं है
कि तुम्हारे दर्शन में
शुचिता तभी होती हो
जब बाहर और भीतर
बाह्य और अभ्यन्तर
पूर्व संचित कलुष को
कटुता के कल्मष को -
धो दिया जाए?

हमारे हुक्मरान ने
तुम्हारा चश्मा तो लिया
पर तुम्हारी चश्म का क्या?
औ' फिर उसका नज़रिया -
वो अपनाया कि ठुकराया?

नहीं अपनाई वो नज़र
कि जिसमें सब हों बराबर
हिन्दू मुस्लिम हों बिरादर
पराई पीर हो अपनी
यही तदबीर हो अपनी
कि ज़ख़्मों पर लगे मरहम
कि सड़कों पर बहे न ख़ून -
फिर कोई न हो बेदम।

हमें है याद वो ग़लती
गुज़रे वक़्त जो गुजरात में की
तुम्हारे अपने सूबे में
किस बदख़्वाह मंसूबे में
फ़ितन के परचम लहरा कर
लहू की नदियाँ बहा कर -
मनाई थी तुम्हारी जन्मशती।

तुम्हारी आँखें सवाल करती हैं
कितना बेहाल करती हैं!

"कहा था राष्ट्रपिता मुझको
विरासत फिर क्यों ठुकराई?
बुलाते थे मुझे बापू
बपौती क्यों न अपनाई?"

आज कुछ ऐसा करें हम
कि दिल्ली में जमुना तट पर
विस्मृत सी एक मज़ार पर
टिमटिमाता हुआ वो दिया
जो स्नेह से जलता है
ज़हनी अंधेरों से लड़ता है
दिलों को रौशन करता है -
स्नेह से रीता होकर  
कहीं दम तोड़ न दे!

नफ़रतों की ये बेरहम आँधी
अपने नापाक दामन से
उसको बुझा न जाए!

हो कर मायूस
फिर कोई सीमांत गाँधी
बुझे मन
भीगे नयन
उलटे कदम -
अपने वतन लौट न जाए!

तुम्हें देते हैं आश्वासन, बापू!
हम वो दीपक जलाए रक्खेंगे
दीप से दीप जलाते जायेंगे
सोज़ आँधी से बचाए रक्खेंगे।

ये धर्मोन्माद, ये वहशत
ये दंगे फ़साद-ओ-दहशत
इनकी मानसिकता के विरुद्ध
कृत संकल्प
हो प्रतिबद्ध -

मनाएंगे इक अनूठा जन्मोत्सव!
अमन तस्कीन और सौहार्द का उत्सव।

हक़ीक़त तुम्हारी पाइंदा रहेगी!
विरासत तुम्हारी ज़िंदा रहेगी!

     

- कमल कान्त जैसवाल

Mahatma Gandhi
Gandhi's 150th Jubilee
Indian democracy
GOVERNMENT OF INDIA
corruption in system
Gandhian ideology
hindi poetry
BJP
Congress
Kamal Kant Jaswal

Related Stories

भाजपा के इस्लामोफ़ोबिया ने भारत को कहां पहुंचा दिया?

कश्मीर में हिंसा का दौर: कुछ ज़रूरी सवाल

सम्राट पृथ्वीराज: संघ द्वारा इतिहास के साथ खिलवाड़ की एक और कोशिश

हैदराबाद : मर्सिडीज़ गैंगरेप को क्या राजनीतिक कारणों से दबाया जा रहा है?

ग्राउंड रिपोर्टः पीएम मोदी का ‘क्योटो’, जहां कब्रिस्तान में सिसक रहीं कई फटेहाल ज़िंदगियां

धारा 370 को हटाना : केंद्र की रणनीति हर बार उल्टी पड़ती रहती है

मोहन भागवत का बयान, कश्मीर में जारी हमले और आर्यन खान को क्लीनचिट

मंडल राजनीति का तीसरा अवतार जाति आधारित गणना, कमंडल की राजनीति पर लग सकती है लगाम 

बॉलीवुड को हथियार की तरह इस्तेमाल कर रही है बीजेपी !

गुजरात: भाजपा के हुए हार्दिक पटेल… पाटीदार किसके होंगे?


बाकी खबरें

  • Supreme Court
    न्यूज़क्लिक रिपोर्ट
    मध्यप्रदेश ओबीसी सीट मामला: सुप्रीम कोर्ट का फ़ैसला अप्रत्याशित; पुनर्विचार की मांग करेगी माकपा
    20 Dec 2021
    मध्य प्रदेश पंचायत चुनावों में ओबीसी आरक्षण समाप्त करने, अन्य पिछड़े समुदायों के लिए निर्धारित और आरक्षित पदों पर चुनाव रोकने, उनकी बहुसंख्या को सामान्य सीटों में परिवर्तित करने का निर्देश देने वाले…
  • CAA
    ज़ाकिर अली त्यागी
    CAA हिंसा के 2 साल: मायूसियों के बीच इंसाफ़ की जद्दोजहद करते मृतकों के परिजन!
    20 Dec 2021
    20 दिसंबर 2019 को पूरे देश मे CAA के ख़िलाफ़ प्रदर्शन हुए, उसी प्रदर्शन के दौरान उत्तर प्रदेश में 23 लोगों की जान गई। आज 2 साल बाद मृतकों के परिवारों का क्या हाल है, कैसे जी रहे हैं वो, उनकी न्याय की…
  • covid
    न्यूज़क्लिक टीम
    कोरोना अपडेट: देश में 24 घंटों में 6,563 नए मामले, ओमिक्रॉन के मामले बढ़कर 157 हुए
    20 Dec 2021
    देश में कोरोना संक्रमण के मामलों की संख्या बढ़कर 3 करोड़ 47 लाख 46 हज़ार 838 हो गयी है। देश में ओमिक्रॉन के मामलों की संख्या भी तेजी से बढ़ती जा रही है। ओमिक्रॉन अब तक 12 राज्यों में फैल चुका है।
  • Modi rally
    राज कुमार
    दो टूक: ओमिक्रॉन का ख़तरा लेकिन प्रधानमंत्री रैलियों में व्यस्त
    20 Dec 2021
    जैसे ही विश्व स्वास्थ्य संगठन ने दुनिया को ओमिक्रॉन के ख़तरे से सावधान किया तो प्रधानमंत्री ने भी ट्वीट करके लोगों को शारीरिक दूरी बनाए रखने और मास्क पहनने की सीख दे डाली। लेकिन अगले ही पल विशाल…
  • agri
    डॉ सुखबिलास बर्मा
    कृषि उत्पाद की बिक़्री और एमएसपी की भूमिका
    20 Dec 2021
    भारत सरकार ने 2000 के दशक की शुरुआत में किसानों को सुरक्षा मुहैया कराने के लिए एमएसपी तय करके बाज़ार हस्तक्षेप नीति का पालन किया था। इस तरह,एमएसपी सरकार की परिकल्पित मूल्य नीति का प्रमुख घटक बन गयी।
  • Load More
सब्सक्राइब करें
हमसे जुडे
हमारे बारे में
हमसे संपर्क करें

CC BY-NC-ND This work is licensed under a Creative Commons Attribution-NonCommercial-NoDerivatives 4.0 International License