NewsClick

NewsClick
  • English
  • राजनीति
  • अर्थव्यवस्था
  • विज्ञान
  • संस्कृति
  • भारत
  • अंतरराष्ट्रीय
  • हमारे लेख
  • हमारे वीडियो
search
menu

सदस्यता लें, समर्थन करें

image/svg+xml
  • सारे लेख
  • न्यूज़क्लिक लेख
  • सारे वीडियो
  • न्यूज़क्लिक वीडियो
  • राजनीति
  • अर्थव्यवस्था
  • विज्ञान
  • संस्कृति
  • भारत
  • अंतरराष्ट्रीय
  • अफ्रीका
  • लैटिन अमेरिका
  • फिलिस्तीन
  • नेपाल
  • पाकिस्तान
  • श्री लंका
  • अमेरिका
  • एशिया के बाकी
हमारे बारे में
हमसे संपर्क करें
सब्सक्राइब करें
हमारा अनुसरण करो Facebook - Newsclick Twitter - Newsclick RSS - Newsclick
close menu
पुस्तकें
किताबः ‘यह मिट्टी दस्तावेज़ हमारा’ के बारे में
‘यह मिट्टी दस्तावेज़ हमारा’ की कविताएं राजनीतिक परिपक्वता, गहन संवेदनशीलता, सघन बिंबात्मकता और प्रकृति के साथ लयात्मक व दोस्ताना रिश्ते की वजह से हमारा ध्यान खींचती हैं।
अजय सिंह
10 Sep 2021
किताबः ‘यह मिट्टी दस्तावेज़ हमारा’ के बारे में

कवि और संस्कृतिकर्मी शोभा सिंह (जन्म 1952) का दूसरा कविता संग्रह ‘यह मिट्टी दस्तावेज़ हमारा’ (2020, गुलमोहर किताब, दिल्ली) उनके पहले कविता संग्रह ‘अर्द्ध विधवा’ (2014, गुलमोहर किताब) से आगे बढ़ा हुआ कदम है। ‘यह मिट्टी दस्तावेज़ हमारा’ की कविताएं राजनीतिक परिपक्वता, गहन संवेदनशीलता, सघन बिंबात्मकता और प्रकृति के साथ लयात्मक व दोस्ताना रिश्ते की वजह से हमारा ध्यान खींचती हैं।

इन कविताओं में कुछ भी न तो शुद्ध रूप से पर्सनल है न शुद्ध रूप से पॉलिटिकल—दोनों एक-दूसरे से घुले-मिले हैं। कहा जाये कि शोभा सिंह के यहां जो पर्सनल है, वही पॉलिटिकल भी है। संग्रह की कविताओं में राजनीति और प्रकृति साथ-साथ क़दमताल करती नज़र आती हैं। प्रतिरोध का माहौल रचने में दोनों साथ हैं।

187 पेज के संग्रह ‘यह मिट्टी दस्तावेज़ हमारा’ में 61 कविताएं हैं। किताब का दाम 120 रुपये है।

इन कविताओं में प्रकृति के इतने मोहक, विविधरंगी, गतिशील, सघन बिंबमालाएं व अनूठी व्यंजना लिये हुए कल्पानशील चित्र हैं—और ये लंबे समय के बाद हिंदी कविता में दिखायी पड़े हैं। (उदाहरण के लिएः ‘कोहरा’, ‘मछली, औरत और सब्र’, ‘नमक मज़दूर’, ‘सागर रात और भोर का सम्मोहन’, ‘रियो दे प्लाता’, और ‘कवि से मिलकर लौटते हुए’ शीर्षक कविताएं देखिए।) शोभा सिंह के यहां प्रकृति मनुष्य-निरपेक्ष नहीं, मनुष्य-सापेक्ष है।

कवि का गहरा, आधुनिक सौंदर्य बोध और मानव जगत व प्रकृति जगत की जटिलता और विविधता को देखने-समझने (ऑब्ज़र्व करने) की उसकी क्षमता कभी-कभी चकित कर देती है। शोभा सिंह की कविताओं की दृश्यात्मकता समय, प्रकृति, पर्यावरण पर जैसे टिप्पणी करती चलती हैं। कवि के यहां न प्रकृति इकहरी है, न राजनीति। कवि धीमी आवाज़ में अपनी बात कहती है, लेकिन असरदार तरीक़े से कहती है।

ऊपर जिन कविताओं के नाम दिये गये हैं, उनके अलावा इन कविताओं को देखियेः ‘धान के खेत में कुहकते सपने’, ‘मिसफ़िट’, ‘यह मिट्टी दस्तावेज़ हमारा’, ‘भुट्टेवाली’, ‘रुक़ैया बानो’, ‘इति’, ‘पालो बोरोचो’, ‘औरत बीड़ी मज़दूर’, ‘शंखमुखम बीच’, ‘कश्मीर’ और ‘अर्बन नक्सल’। इनमें कई दृश्य, कई नज़ारे, कई मनःस्थितियां, कई भावजगत दिखायी देंगे।

कवि की कविताओं का दायरा (रेंज) काफ़ी बड़ा और विविध हैः उसमें कश्मीर, शाहीनबाग़ व अर्बन नक्सल हैं, रोहित वेमुला व अंबेडकर हैं, बिलकिस बानो, गौरी लंकेश व सोनी सोरी हैं, सीवर/गटर में होने वाली मोतें हैं, नमक मज़दूर, बीड़ी मज़दूर व भुट्टेवाली है, अपने ‘मिसफ़िट’ होने की वेदना है, रुक़ैया बानो और वीरेन डंगवाल हैं, म्यूजियम, पुलिस कस्टडी और एसिड अटैक विक्टम हैं, और ‘पल-पल परिवर्तित प्रकृति वेश’ है।

इस कविता संग्रह की एक और ख़ास बात यह है कि चार कवियों—मंगलेश डबराल, सविता सिंह, हेमलता महीश्वर और शुभा—ने इसकी भूमिकाएं लिखी हैं, अलग-अलग। ऐसा शायद पहली बार हुआ है। मंगलेश डबराल को जहां शोभा सिंह की कविताओं में ‘नये पड़ाव की शिनाख़्त’ दिखायी पड़ी, वहीं सविता सिंह कहती हैं, ‘एक कनी-सी चमकी थी वह’। हेमलता महीश्वर को कवि की कविताएं ‘नव निर्माण का आह्वान’ लगती हैं, और शुभा इन कविताओं को ‘हमारे समय की महत्वपूर्ण कविताएं’ कहती हैं। यह भूमिकाएं शोभा सिंह की कविता पर गंभीर विमर्श पेश करती हैं।

कविता संग्रह ‘यह मिट्टी दस्तावेज़ हमारा’ मनुस्मृति-आधारित हिंदुत्व फ़ासीवाद के राजनीतिक प्रतिरोध की चेतना, विवेकसंगत आलोचनात्मक दृष्टि, गहरी संवेदनात्मक और सामाजिक जागरूकता व पर्यवेक्षण, और सघन बिंबों से लैस काव्यात्मकता की वजह से महत्वपूर्ण बन गया है।

(लेखक वरिष्ठ व राजनीतिक विश्लेषक हैं। विचार व्यक्तिगत हैं।)

Book Review
यह मिट्टी दस्तावेज़ हमारा
Sobha Singh

Related Stories

चर्चा में नई किताब 'भारत के प्रधानमंत्री'


बाकी खबरें

  • बिहार : न खाद्यान्न और न ईंधन उपलब्ध, छतों और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में ज़िंदा रहने का संघर्ष करते बाढ़ पीड़ित
    मोहम्मद इमरान खान
    बिहार : न खाद्यान्न और न ईंधन उपलब्ध, छतों और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में ज़िंदा रहने का संघर्ष करते बाढ़ पीड़ित
    13 Jul 2021
    'हम क्या कर सकते हैं, बाढ़ के पानी में सबकुछ डूब गया है और गांव को जोड़ने वाली सड़क को भी बाढ़ ने बर्बाद कर दिया है। बाहर निकलने के लिए कोई रास्ता ही नहीं है। प्रखंड अधिकारियों ने उपलब्धता ना होने का…
  • विध्वंस, नाम बदलना, पुनर्लेखन : भविष्य पर नियंत्रण करने के लिए कैसे अतीत को बदल रही है भाजपा?
    शलिनी दीक्षित
    विध्वंस, नाम बदलना, पुनर्लेखन : भविष्य पर नियंत्रण करने के लिए कैसे अतीत को बदल रही है भाजपा?
    13 Jul 2021
    भाजपा इतिहास में दखलंदाज़ी कर रही है,  ताकि सांप्रदायिक आग हमेशा जलती रहे। यह पार्टी का ज्ञान, पहचान है और इसलिए लोगों पर नियंत्रण का प्राथमिक स्रोत है।
  • फ़ैक्ट-चेक : बगैर चार्जशीट फ़ाइल हुए जेल में बंद थीं प्रज्ञा ठाकुर?
    पूजा चौधरी
    फ़ैक्ट-चेक : बगैर चार्जशीट फ़ाइल हुए जेल में बंद थीं प्रज्ञा ठाकुर?
    13 Jul 2021
    ऑल्ट न्यूज़ ने पता लगाया कि ये दावा कम से कम 2012 से किया जा रहा है. फिलहाल कुछ समय से मोदी सरकार की आलोचना करने वालों को जेल में डाले जाने के ख़िलाफ़ गुस्से की वजह से ये दावा फिर से चर्चा में आया.
  • AAP के पोस्टर की तस्वीर एडिट कर सांप्रदायिक दावे के साथ शेयर की गयी
    आकिब पठान
    AAP के पोस्टर की तस्वीर एडिट कर सांप्रदायिक दावे के साथ शेयर की गयी
    13 Jul 2021
    सोशल मीडिया पर आम आदमी पार्टी का एक कथित बिलबोर्ड वायरल है. इस बिलबोर्ड पर गुजराती में लिखा है, “નમાજ પઢશે ગુજરાત” जिसका मतलब है गुजरात नमाज़ पढ़ेगा. आगे, पोस्टर पर लिखा है, “ભાગવત સપ્તાહ અને…
  • नेशनल पोर्टल फॉर ट्रांस जेंडर पर्सन्स के ज़रिये अदिति (हरी साड़ी में) और काजल (लाल लिबास में) को मिली ट्रांस महिला की पहचान। फोटो : वर्षा सिंह 
    वर्षा सिंह
    अपना बुटीक खोलने और अपनी ज़िंदगी खुलकर जीने के लिए हासिल की ट्रांस महिला की पहचान
    13 Jul 2021
    “...बैंक ने मुझे लोन नहीं दिया। मेरे पास आधार कार्ड है। जिसमें मेरी पहचान पुरूष के तौर पर है। मेरे सर्टिफिकेट्स में मेरा पुरुष नाम ही है। जब मैं लोन के लिए जाती हूं तो मुझे स्त्री के तौर पर देखकर वह…
  • Load More
सब्सक्राइब करें
हमसे जुडे
हमारे बारे में
हमसे संपर्क करें

CC BY-NC-ND This work is licensed under a Creative Commons Attribution-NonCommercial-NoDerivatives 4.0 International License