NewsClick

NewsClick
  • English
  • राजनीति
  • अर्थव्यवस्था
  • विज्ञान
  • संस्कृति
  • भारत
  • अंतरराष्ट्रीय
  • हमारे लेख
  • हमारे वीडियो
search
menu

सदस्यता लें, समर्थन करें

image/svg+xml
  • सारे लेख
  • न्यूज़क्लिक लेख
  • सारे वीडियो
  • न्यूज़क्लिक वीडियो
  • राजनीति
  • अर्थव्यवस्था
  • विज्ञान
  • संस्कृति
  • भारत
  • अंतरराष्ट्रीय
  • अफ्रीका
  • लैटिन अमेरिका
  • फिलिस्तीन
  • नेपाल
  • पाकिस्तान
  • श्री लंका
  • अमेरिका
  • एशिया के बाकी
हमारे बारे में
हमसे संपर्क करें
सब्सक्राइब करें
हमारा अनुसरण करो Facebook - Newsclick Twitter - Newsclick RSS - Newsclick
close menu
कोविड-19
भारत
राजनीति
कटाक्ष: ...पॉजिटिविटी तो आने दो
जब से कोरोना की दूसरी वाली लहर आयी है, देश में पॉजिटिविटी का बहुत भारी टोटा पड़ गया है।
राजेंद्र शर्मा
29 May 2021
cartoon
तस्वीर केवल प्रतीकात्मक प्रयोग के लिए। कार्टून : सतीश आचार्य, साभार: सोशल मीडिया

जब से कोरोना की दूसरी वाली लहर आयी है, देश में पॉजिटिविटी का बहुत भारी टोटा पड़ गया है। वैसे इस लहर में तो हरेक चीज का ही टोटा पड़ गया है। अस्पताल में बेड का; बेडों में आईसीयू का; अस्पतालों के अंदर भी और बाहर भी ऑक्सीजन का टोटा; रेमडेसिविर का टोटा; एंबुलेंस का भी टोटा; टोटा ही टोटा। और तो और श्मशानों/ कब्रिस्तानों में जगह से लेकर लकड़ी तक का टोटा। हजारों मुर्दे तो नदियों के किनारे रामनामी/चुनरी ओढ़कर रेत के नीचे सो गए या नदियों में ही तैर गए।

वैसे कहने वाले तो कहते हैं कि इंसानियत का भी भारी टोटा पड़ गया। रोजी-रोटी के टोटे की तो खैर बात करना ही बेकार है। और कुछ ऐसा ही टोटा सरकार का भी हुआ बताते हैं। सुनते हैं कि सरकार के सुनने/ देखने का टोटा था सो था, इस बार सरकार के दिखाई देने तक का टोटा पड़ गया। बस, बड़े सरकार जब-तब सुनाई जरूर देते रहे, तरह-तरह की मन की बातों में!

फिर भी अगर ये सारे टोटे वास्तविक हों तो भी, पॉजिटिविटी के टोटे के सामने ये सारे टोटे तो कुछ भी नहीं हैं। हम तो कहेंगे कि पॉजिटिविटी का टोटा ही असली टोटा है। पॉजिटिविटी का टोटा नहीं होता, तो ये वाले छोटे-मोटे टोटे भी नहीं होते। माने होते भी तो नहीं होने के बराबर ही होते--किसी के नोटिस में ही नहीं आते। न सरकार की गिनती में आते, न मीडिया की खबर में। और अपोजीशन की चिल्ला-चोंट की वजह से अगर जरा-बहुत खबर में आ भी जाते किसी किल्लत की शिकायत बनकर, तो भी डरते-डरते आते कि कहीं पॉजिटिविटी दौड़ा न ले, विश्व गुरु की छवि खराब करने की एंटीनेशनलता के चक्कर में। पॉजिटिविटी का टोटा नहीं होता, तो फिर चाहे जो भी होता, न्यू इंडिया में सब चंगा होता!

पर, होनी को कौन टाल सकता है। कोरोना की दूसरी लहर आनी थी, सो आकर रही। उसके संग लगी-लगी नेगिटिविटी चली आयी। और जैसा कि भागवत जी ने भी माना, पॉजिटिविटी का टेंडर जिनके नाम था, उनसे भी जरा सी गफलत हो गयी। चुनाव और कुंभ के जोश में, न कोरोना का होश रहा, न नेगेटिविटी का। जब तक समझ में आया, तब तक दोनों बहुत बढ़ चुके थे।

नेगेटिविटी तो इतनी बढ़ी कि चुनाव तक का नतीजा नेगेटिव हो गया। केरल में गाड़ी रिवर्स गेयर में चली गयी, तो बंगाल में कीचड़ में कमल का चक्का जाम हो गया। भागवत जी समझ गए कि अब छोटी-मोटी पॉजिटिविटी से काम चलने वाला नहीं है। अब तो पॉजिटिविटी अनलिमिटेड चाहिए। नेगेटिविटी बढ़ाने वालों को खुली चुनौती दे दी--मरने वालों का मातम मना-मनाकर नेगेटिविटी बढ़ाना बंद करो। पश्चिमी चश्मे से भारत के प्राचीन धर्म और परंपरा को देखकर, सच्चाई को विकृत करना बंद करो। वे मरे नहीं हैं, वे तो मुक्त हुए हैं। हम मुक्ति का भी मातम करेंगे तो जश्न किस का मनाएंगे! हम मौत का मातम नहीं, मुक्ति का उत्सव मनाने वाले लोग हैं। हम मातम नहीं उत्सव मनाएंगे, उत्सव से मातम को हराएंगे। नेगेटिविटी को भगाएंगे, पॉजिटिविटी अनलिमिटेड लाएंगे! बस एकदम पॉजिटिविटी का फव्वारा फूट पड़ा। पता नहीं क्यों नड्डा जी इसके बाद भी साहेब की तख्तनशीनी के सातवें बर्डे का जश्न कराने से हिचक गए। अच्छा-खासा तो अवसर था, आपदा में पॉजिटिविटी का।

खैर, तख्तनशीनी का बर्डे न सही, पर अब पॉजिटिविटी अनलिमिटेड है। बेशक, उसके लिए सरकार भी दिन-रात काम कर रही है। रेत के नीचे दबी लाशों पर से, केसरिया चादरें हटा रही है। मरने को मुक्ति की जगह मरना ही मानने वालों के रिश्ते-नातेदारों की मौतों का, आंकड़ा छुपा रही है। हरेक दुनियावी टोटे की शिकायत को झुठला रही है। सारी दुनिया को केसरिया चश्मा लगाकर न्यू इंडिया को देखने के लिए समझा रही है। फिर भी नहीं मानें तो हरेक परदेशी को नादान और हरेक देसी को एंटीनेशनल बता रही है। नेगेटिविटी के लिए विदेशी जलने वालों से लेकर, देसी टूलकिट वालों तक को जिम्मेदार ठहरा रही है। और बार-बार, जगह-जगह, हर बार, सब कुछ चंगा बता रही है। ट्विटर-विटर को धमका रही है। महामारी की मार के सामने पब्लिक को रामभरोसे छोड़, साहेब की फोटो बचाने में सारा जोर लगा रही है। उसे पता है कि महामारी के टैम में पॉजिटिविटी का एक ही सूत्र है--छवि के साधे, सब सधै, बाकी सब साधे,सब जाहि! महामारी को साधने के चक्कर में रहे तब तो सब जाएगा ही जाएगा; अंबानी जी-अडानी जी का एशिया में धनवान नंबर-1 और धनवान नंबर-2 का मैडल भी!

और हां! जब मिशन पॉजिटिविटी अनलिमिटेड का हो, तो टीके-वीके के आसरे तो नहीं ही रह सकते हैं। कम से कम सिर्फ इंजेक्शन वाले टीके के भरोसे रहने का तो कोई काम ही नहीं है। हमारे देसी टीके कोई कम हैं क्या? रामदेव के कोरोनिल से लेकर साध्वी प्रज्ञा के गोमूत्र के अर्क तक, देसी टीके ही टीके हैं, लगवा तो लें। इसके अलावा गोमूत्र और गोबर के लेप से लेकर, हनुमान चालीसा के पाठ तक, शरीर में प्रवेश किए बिना ही काम करने वाले टीके भी तो हैं। देसी दवाएं भी। रामदेव जैसे देसी डाक्टर भी। और तो और पीपल और बरगद के पेड़ जैसे, देसी ऑक्सीजन/ आईसीयू बेड भी। हर चीज का टोटा इसीलिए तो नजर आ रहा था कि हम ग्लोबल के चक्कर में, लोकल के लिए वोकल होना भूल गए। गोबर-गोमूत्र, काढ़ा, पीपल-बरगद, बाबा/ योगी, किस चीज की कमी है न्यू इंडिया में? बस हम ही ग्लोबल महामारी के लिए, ग्लोबल उपचारों के चक्कर में अटक गए और वाया लोकल आत्मनिर्भर के रास्ते से भटक गए। पर अब और नहीं। अब हम सिर्फ पॉजिटिविटी देखेंगे और दिखाएंगे। जरूरत हुई तो संघ और पुलिस ही लाठी से भी, नेगेटिविटी को भगाएंगे। मरने वालों की जगह, बचे रहने वालों की गिनती बताएंगे। ‘मूंदेहुं आंख कहूं कछु नाहीं’ का परम रामभक्त तुलसीदास जी का फार्मूला आजमाएंगे। और अगर ज्यादा ही जरूरत पड़ी तो नाम बदलकर, कोविड का नाम ही मिटाएंगे। और फिर कभी क्यों, अभी क्यों नहीं? मोविड कैसा रहेगा--पूछता है भारत!

(इस व्यंग्य आलेख के लेखक वरिष्ठ पत्रकार और लोकलहर के संपादक हैं। विचार व्यक्तिगत हैं।)

sarcasm
COVID-19
Coronavirus
Coronavirus 2nd wave
Narendra modi
Modi government

Related Stories

कोरोना अपडेट: देश में कोरोना ने फिर पकड़ी रफ़्तार, 24 घंटों में 4,518 दर्ज़ किए गए 

कोरोना अपडेट: देश में 24 घंटों में 3,962 नए मामले, 26 लोगों की मौत

कोरोना अपडेट: देश में 84 दिन बाद 4 हज़ार से ज़्यादा नए मामले दर्ज 

कोरोना अपडेट: देश में कोरोना के मामलों में 35 फ़ीसदी की बढ़ोतरी, 24 घंटों में दर्ज हुए 3,712 मामले 

कोरोना अपडेट: देश में पिछले 24 घंटों में 2,745 नए मामले, 6 लोगों की मौत

कोरोना अपडेट: देश में नए मामलों में करीब 16 फ़ीसदी की गिरावट

कोरोना अपडेट: देश में 24 घंटों में कोरोना के 2,706 नए मामले, 25 लोगों की मौत

कोरोना अपडेट: देश में 24 घंटों में 2,685 नए मामले दर्ज

कोरोना अपडेट: देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 2,710 नए मामले, 14 लोगों की मौत

कोरोना अपडेट: केरल, महाराष्ट्र और दिल्ली में फिर से बढ़ रहा कोरोना का ख़तरा


बाकी खबरें

  • Bombay High Court grants bail to Aryan Khan
    भाषा
    क्रूज ड्रग्स पार्टी केस: बंबई उच्च न्यायालय ने आर्यन खान को दी जमानत
    28 Oct 2021
    आर्यन के वकीलों की टीम अब उनकी शुक्रवार तक रिहाई के लिए औपचारिकताएं पूरी करने का प्रयास करेगी। 23 वर्षीय आर्यन फिलहाल न्यायिक हिरासत में सेंट्रल मुंबई की आर्थर रोड जेल में बंद हैं।
  • bihar protest
    न्यूज़क्लिक रिपोर्ट
    बिहारः स्टाइपेंड वृद्धि को लेकर इंटर्न डॉक्टरों की हड़ताल, आइएमए ने भी किया समर्थन
    28 Oct 2021
    इंटर्न डॉक्टरों ने पीएमसीएच प्रशासन के साथ-साथ सरकार को भी चेतावनी दी है कि अगर उनके स्टाइपेंड को बढ़ाने की तत्काल घोषणा नहीं की गई तो वे ओपीडी और वार्डों में इलाज रोक देंगे।
  • covid 19 vaccine
    मो. इमरान खान
    बिहारः तीन लोगों को मौत के बाद कोविड की दूसरी ख़ुराक
    28 Oct 2021
    एक स्वास्थ्य विशेषज्ञ के अनुसार, इसे अधिकारियों और निजी स्वास्थ्य संस्थाओं के बीच के सांठ-गांठ का ही कमाल कहना चाहिए कि उनके द्वारा टीकाकरण के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सिर्फ तीन ही नहीं बल्कि ऐसे…
  • पूर्व सीएजी विनोद राय ने कांग्रेस नेता संजय निरुपम के खिलाफ अपनी टिप्पणी पर मांगी माफी ,2G स्पेक्ट्रम रिपोर्ट से जुड़ा है विवाद
    भाषा
    पूर्व सीएजी विनोद राय ने कांग्रेस नेता संजय निरुपम के खिलाफ अपनी टिप्पणी पर मांगी माफी ,2G स्पेक्ट्रम रिपोर्ट से जुड़ा है विवाद
    28 Oct 2021
    निरुपम ने कहा कि राय को 2जी स्पेक्ट्रम और कोयला ब्लॉक आवंटन पर कैग की रपटों को लेकर देश से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि ये दोनों ‘‘फर्जी’’ थीं। उन्होंने बाद में संवाददाताओं से कहा, ‘‘…
  • Sahba Hussain
    न्यूज़क्लिक टीम
    जेल के अंडा सेल में गौतम नवलखा, ज़िंदगी ख़तरे में होने का अंदेशा : सहबा
    28 Oct 2021
    वरिष्ठ पत्रकार भाषा सिंह ने बात की मानवाधिकार कार्यकर्ता और लेखक गौतम नवलखा की जीवनसाथी सहबा हुसैन से। जिन्होंने हाल ही में गौतम की ज़िंदगी पर मंडरा रहे ख़तरे के बारे में एक पत्र लिखा है और उन्हें…
  • Load More
सब्सक्राइब करें
हमसे जुडे
हमारे बारे में
हमसे संपर्क करें

CC BY-NC-ND This work is licensed under a Creative Commons Attribution-NonCommercial-NoDerivatives 4.0 International License