NewsClick

NewsClick
  • English
  • राजनीति
  • अर्थव्यवस्था
  • विज्ञान
  • संस्कृति
  • भारत
  • अंतरराष्ट्रीय
  • हमारे लेख
  • हमारे वीडियो
search
menu

सदस्यता लें, समर्थन करें

image/svg+xml
  • सारे लेख
  • न्यूज़क्लिक लेख
  • सारे वीडियो
  • न्यूज़क्लिक वीडियो
  • राजनीति
  • अर्थव्यवस्था
  • विज्ञान
  • संस्कृति
  • भारत
  • अंतरराष्ट्रीय
  • अफ्रीका
  • लैटिन अमेरिका
  • फिलिस्तीन
  • नेपाल
  • पाकिस्तान
  • श्री लंका
  • अमेरिका
  • एशिया के बाकी
हमारे बारे में
हमसे संपर्क करें
सब्सक्राइब करें
हमारा अनुसरण करो Facebook - Newsclick Twitter - Newsclick RSS - Newsclick
close menu
घटना-दुर्घटना
पर्यावरण
भारत
राजनीति
चमोली के सुमना में हिम-स्खलन से 10 की मौत, रेस्क्यू जारी, जलवायु परिवर्तन का असर है असमय बर्फ़बारी
डॉक्टर डोभाल कहते हैं कि यह बर्फ़बारी असमय और भारी हो रही है। तीन दिन पहले केदारनाथ में तीन फ़ीट तक बर्फ़ गिरी थी। सुमना में दो दिन से बर्फ़ गिर रही थी। पहाड़ अभी पूरी तरह नंगे थे यानी कि उन पर पुरानी बर्फ़बारी का कवर नहीं है।
वर्षा सिंह
24 Apr 2021
चमोली के सुमना क्षेत्र के ग्लेशियर से शुक्रवार शाम हुआ हिम-स्खलन। फोटो साभार: Indian Army
चमोली के सुमना क्षेत्र के ग्लेशियर से शुक्रवार शाम हुआ हिम-स्खलन। फोटो साभार: Indian Army

उत्तराखंड में करीब डेढ़ महीने बाद एक बार फिर बर्फ़ कातिल बनकर सामने आई है। चमोली के सुमना क्षेत्र में हुए एक हिमस्खलन में 10 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। जबकि 7 लोगों को रेस्क्यू कर आर्मी हॉस्पिटल जोशीमठ लाया गया है। 30 से अधिक लोग लापता हैं। शुक्रवार शाम करीब चार बजे हुए हिमस्खलन की चपेट में सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के दो कैंप आए। बीआरओ के अनुसार संगठन के 384 कर्मचारियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है और सेना का राहत-बचाव अभियान जारी है। देर रात से ही स्थानीय मीडिया में ग्लेशियर टूटने की खबरें थीं लेकिन विशेषज्ञों के अनुसार यह हिमस्खलन है और जिस क्षेत्र में यह हुआ है वहां भारी बर्फ़बारी के बाद यह असामान्य घटना भी नहीं है।

उत्तराखंड पुलिस के अनुसार जोशीमठ सेक्टर के सुमना क्षेत्र 23 अप्रैल की शाम हिमस्खलन की चपेट में दो बीआरओ कैंप आए, जिनमें 430 लोग मौजूद थे। इनमें से 384 को निकाल लिया गया है, जिनमें 6 गंभीर रूप से घायल भी हैं। समाचार लिखे जाने तक 10 शव बरामद कर लिए गए थे और बाकी लोगों की तलाश की जा रही थी।

भारतीय सेना की सेंट्रल कमांड के अनुसार सुमना में राहत और बचाव कार्य तेज़ी से चल रहे हैं। बचाव कार्य में चार हैलिकॉप्टर और एक एवलॉंच रेस्क्यू डॉग भी लगाया गया है। 23 तारीख को राहत और बचाव का ऑपरेशन रात को डेढ़ बजे तक चलाया गया था।

शनिवार शाम 6 बजे तक 10 शव बरामद किए गए, 7 घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, लापता श्रमिकों की तलाश जारी है। फोटो साभार : Indian Army

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने शनिवार सुबह घटनास्थल का हवाई सर्वेक्षण किया और स्थानीय प्रशासन को सभी ज़रूरी कदम उठाने के निर्देश दिए। हवाई सर्वेक्षण और सेना के अधिकारियों से जानकारी लेने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि मौके पर सेना, आईटीबीपी की टीमें राहत बचाव कार्य में जुटी हैं। एसडीआरएफ वहां पर आगे बढ़ी है और एनडीआरएफ की कुछ टीमें भी आगे बढ़ रही हैं। ज़िला प्रशासन भी शुक्रवार से ही पूरी मुस्तैदी से राहत-बचाव में जुटा है। गाजियाबाद में भी एनडीआरएफ की टीमें अलर्ट मोड पर हैं। उन्होंने कहा कि रेस्क्यू के लिए जिन भी संसाधनों की आवश्यकता होगी वह उपलब्ध कराए जाएंगे।

जिस स्थान पर यह घटना घटित हुई है वह जोशीमठ से 94 किलामीटर दूर है। आबादी से दूर इस क्षेत्र में संचार सुविधाएं भी कमज़ोर हैं। यहां बीआरओ सड़क निर्माण का काम कर रहा है। शुक्रवार को सीमा क्षेत्र में भारी हिमस्खलन हुआ।

असामान्य घटना नहीं

वाडिया हिमालयन भूविज्ञान संस्थान के निदेशक डॉक्टर कलाचंद सैन कहते हैं कि यह कोई असामान्य घटना नहीं है। जब भी ज़्यादा बर्फ़बारी होती है तो ऐसा स्नो एवलॉन्च यानी हिम स्खलन होता है। यह हिम क्षेत्र हैं। यहां जब भी ज़्यादा बर्फ़बारी होती है और पहाड़ की उस बर्फ़ को धारण करने की क्षमता खत्म हो जाती है तो स्नो एवलॉन्च हो जाता है। हालांकि फ़रवरी में जो हुआ (ऋषिगंगा में ग्लेशियर टूटने की घटना) वह असामान्य था।

संवेदनशील क्षेत्र में था बीआरओ का कैंप, सड़क के निर्माण कार्य में लगे थे श्रमिक। फोटो साभार: Indian Army

क्या बीआरओ कैंप्स में हुए नुक़सान को टाला जा सकता था?

इस सवाल के जवाब में डॉक्टर सैन कहते हैं कि यह तो सभी कहेंगे कि वहां पर बीआरओ या किसी और के कैंप नहीं होने चाहिए थे। हालांकि कैंप कहां बनाने चाहिए, स्नो एवलॉन्च का कितना ख़तरा है यह तो विस्तृत अध्ययन के बाद ही पता चल सकता है।

कोरोना का असर

डॉक्टर सैन कहते हैं कि कोरोना का असर वाडिया संस्थान के काम पर भी पड़ा है। वह कहते हैं इस एवलॉन्च का अध्ययन करने के बारे में सोमवार को संस्थान खुलने के बाद ही कुछ तय हो पाएगा। अभी तो पूरे प्रदेश में लॉकडाउन (तीन दिन का) है।

डॉक्टर सैन बताते हैं कि ऋषिगंगा आपदा का अध्ययन करने वाले दल में शामिल एक ग्लेश्यरोलॉजिस्ट की शुक्रवार को ही कोरोना संक्रमण से मौत हो गई है। वह 50 साल से भी कम उम्र के थे। डॉक्टर सैन कहते हैं कि इससे न सिर्फ़ अध्ययन पर असर पड़ा है बल्कि हम सभी लोग भी डिस्टर्ब हो गए हैं। वह कहते हैं कि अगर स्थिति सामान्य रहती तो वह आज ही टीम को चमोली भेज देते लेकिन आज के हालात में यह भी संभव नहीं है।

जलवायु परिवर्तन का असर

वाडिया हिमालयन भूविज्ञान संस्थान (WIHG) में वरिष्ठ वैज्ञानिक रहे ग्लेश्यरोलॉजिस्ट डॉकटर डीपी डोभाल को यह जलवायु परिवर्तन का असर लगता है। वह कहते हैं कि जलवायु परिवर्तन के असर की वजह से गर्मियां बढ़ रही हैं और सर्दियां सिकुड़ रही हैं। बर्फ़ अब उस समय नहीं गिर रही है जब उसे गिरना चाहिए था। अमूमन नवंबर, दिसंबर, जनवरी में जमकर बर्फ़बारी होती थी और फरवरी तक होती रहती थी। इस सर्दियों में दिसंबर में बेहद कम बर्फ़बारी हुई। जनवरी में बर्फ़ नहीं गिरी। फरवरी में भी बहुत थोड़ी बर्फ़ गिरी। अब यह बर्फ़ गिर रही है अप्रैल में।

डॉक्टर डोभाल कहते हैं कि यह बर्फ़बारी असमय और भारी हो रही है। तीन दिन पहले केदारनाथ में तीन फ़ीट तक बर्फ़ गिरी थी। यहां भी (सुमना में) दो दिन से बर्फ़ गिर रही थी। पहाड़ अभी पूरी तरह नंगे थे यानी कि उन पर पुरानी बर्फ़बारी का कवर नहीं है। जहां यह हिमस्खलन हुआ है, वह एक ढलान है। आजकल ज़मीन का तापमान भी बढ़ा हुआ है। ऐसे में दो दिन जो बर्फ़ गिरी उसे जमने का मौका ही नहीं मिला और वह हिमस्खलन के रूप में नीचे आ गिरी।

पहले रात को होते थे एवलॉन्च

डॉक्टर डोभाल कहते हैं कि हिमस्खलन (स्नो एवलॉन्च) के बारे में एक तथ्य यह है कि अगर 35 से 45 डिग्री के बीच वाली ढलान पर दो-तीन फ़ीट बर्फ़ गिर जाए तो यह ट्रिगर हो जाता है। फिर आजकल के तापमान में बदलाव भी इसकी वजह बनता है। और एक बार जब यह गिरना शुरू करता है तो फिर जितनी भी बर्फ़ गिरी होती है उसे पूरा खींचकर ले आता है।

डॉक्टर डोभाल के अनुसार इन पहाड़ों में एवलॉन्च तो हमेशा से आते हैं। लेकिन पहले क्या होता था कि सर्दियों में बर्फ़बारी हो जाती थी और मार्च-अप्रैल में जैसे ही गर्मी शुरू होती थी यह स्नो एवलॉन्च हो जाते थे। इनका समय भी तकरीबन निश्चित होता था। यह एवलॉन्च रात को दो बजे के बाद या तीन-चार बजे होते थे। अभी जो हुआ है वह तो हालिया गिरी बर्फ़ का एवलॉन्च था।

चमोली में फरवरी के महीने में ग्लेशियर टूटा था और अप्रैल में हिम-स्खलन। मौसम और समय के लिहाज से ये सामान्य घटनाएं नहीं हैं। आम लोग भी कह रहे हैं कि जनवरी जैसी बर्फ़बारी अप्रैल में हो रही है। अप्रैल जैसी गर्मी जनवरी में झेली। जलवायु परिवर्तन का असर दिख रहा है। ये पर्यावरण संरक्षण के प्रयास में तेज़ी लाने के संकेत हैं।

(देहरादून स्थित वर्षा सिंह स्वतंत्र पत्रकार हैं।)

Uttrakhand
chamoli
Chamoli Avelanuch
Tirath Singh Rawat
Chamoli disaster
Indian army

Related Stories

उत्तराखंड: बारिश ने तोड़े पिछले सारे रिकॉर्ड, जगह-जगह भूस्खलन से मुश्किल हालात, आई 2013 आपदा की याद

ग्लेशियर टूटने से तो आपदा आई, बांध के चलते मारे गए लोगों की मौत का ज़िम्मेदार कौन!

आपदा के बाद मिले 3800 रुपये,  खेत में बचा दो बोरी धान

कितनी नीलम...कितनी सुधा...? : यूपी के बाद उत्तराखंड में इलाज न मिलने पर मारी गई एक मां

बाघों के साथ तेंदुओं पर भी देना होगा ध्यान, नहीं तो बढ़ेंगे हमले


बाकी खबरें

  • Nisha Yadav
    न्यूज़क्लिक रिपोर्ट
    चंदौली: निशा यादव हत्या मामले में सड़क पर उतरे किसान-मज़दूर, आरोपियों की गिरफ़्तारी की माँग उठी
    14 May 2022
    प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा- निशा यादव का कत्ल करने के आरोपियों के खिलाफ दफ़ा 302 के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए।
  • Delimitation
    रश्मि सहगल
    कैसे जम्मू-कश्मीर का परिसीमन जम्मू क्षेत्र के लिए फ़ायदे का सौदा है
    14 May 2022
    दोबारा तैयार किये गये राजनीतिक निर्वाचन क्षेत्रों ने विवाद के लिए नए रास्ते खोल दिए हैं, जो इस बात का संकेत देते हैं कि विधानसभा चुनाव इस पूर्ववर्ती राज्य में अपेक्षित समय से देर में हो सकते हैं।
  • mnrega workers
    सरोजिनी बिष्ट
    मनरेगा मज़दूरों के मेहनताने पर आख़िर कौन डाल रहा है डाका?
    14 May 2022
    "किसी मज़दूर ने 40 दिन, तो किसी ने 35, तो किसी ने 45 दिन काम किया। इसमें से बस सब के खाते में 6 दिन का पैसा आया और बाकी भुगतान का फ़र्ज़ीवाड़ा कर दिया गया। स्थानीय प्रशासन द्वारा जो सूची उन्हें दी गई है…
  • 5 वर्ष से कम उम्र के एनीमिया से ग्रसित बच्चों की संख्या में वृद्धि, 67 फीसदी बच्चे प्रभावित: एनएफएचएस-5
    एम.ओबैद
    5 वर्ष से कम उम्र के एनीमिया से ग्रसित बच्चों की संख्या में वृद्धि, 67 फीसदी बच्चे प्रभावित: एनएफएचएस-5
    14 May 2022
    सर्वेक्षण रिपोर्ट के अनुसार, 2015-16 में किए गए सर्वेक्षण में 5 वर्ष से कम उम्र (6-59 महीने) के 58.6 प्रतिशत बच्चे इससे ग्रसित थे जबकि एनएफएचएस-5 के 2019-21 के सर्वे में इस बीमारी से ग्रसित बच्चों की…
  • masjid
    विजय विनीत
    ज्ञानवापी मस्जिद: कड़ी सुरक्षा के बीच चार तहखानों की वीडियोग्राफी, 50 फीसदी सर्वे पूरा
    14 May 2022
    शनिवार को सर्वे का काम दोपहर 12 बजे तक चला। इस दौरान ज्ञानवापी मस्जिद परिसर के करीब आधे हिस्से का सर्वे हुआ। सबसे पहले उन तहखानों की वीडियोग्राफी कराई गई, जहां हिन्दू धर्म के देवी-देवताओं की…
  • Load More
सब्सक्राइब करें
हमसे जुडे
हमारे बारे में
हमसे संपर्क करें

CC BY-NC-ND This work is licensed under a Creative Commons Attribution-NonCommercial-NoDerivatives 4.0 International License