NewsClick

NewsClick
  • English
  • राजनीति
  • अर्थव्यवस्था
  • विज्ञान
  • संस्कृति
  • भारत
  • अंतरराष्ट्रीय
  • हमारे लेख
  • हमारे वीडियो
search
menu

सदस्यता लें, समर्थन करें

image/svg+xml
  • सारे लेख
  • न्यूज़क्लिक लेख
  • सारे वीडियो
  • न्यूज़क्लिक वीडियो
  • राजनीति
  • अर्थव्यवस्था
  • विज्ञान
  • संस्कृति
  • भारत
  • अंतरराष्ट्रीय
  • अफ्रीका
  • लैटिन अमेरिका
  • फिलिस्तीन
  • नेपाल
  • पाकिस्तान
  • श्री लंका
  • अमेरिका
  • एशिया के बाकी
हमारे बारे में
हमसे संपर्क करें
सब्सक्राइब करें
हमारा अनुसरण करो Facebook - Newsclick Twitter - Newsclick RSS - Newsclick
close menu
भारत
राजनीति
नफ़रत का डिजिटलीकरण
सुल्ली डील्स, बुल्ली बाई, क्लबहाउस और अब ट्रैड्स के ज़रिये अल्पसंख्यक समुदाय के ख़िलाफ़ नफ़रत फैलाने का काम लगातार सोशल मीडिया पर हो रहा है।
डॉ. राजू पाण्डेय
24 Jan 2022
bulli bai

पिछले 15 दिन सोशल मीडिया और टेक्नोलॉजी से जुड़ी डरावनी खबरों को सामने लेकर आये। भारत का संवेदनशील नागरिक समाज सुल्ली डील्स, क्लब हाउस और बुल्ली बाई एप की विक्षिप्त मानसिकता और ठंडी नृशंसता के सदमे से अभी बाहर भी नहीं आ पाया था कि स्वयं को ट्रैड्स (ट्रेडिशनलिस्टस) कहने वाले हजारों युवक-युवतियों की मानसिक विकृतियों का खुलासा हुआ जो एक विशाल और लगभग अदृश्य ऑनलाइन हिंसक समुदाय का निर्माण करते हैं।

आलीशान जाफरी, नाओमी बर्टन, मोहम्मद जुबैर, नील माधव, प्रतीक गोयल तथा ज़फ़र आफ़ाक जैसे पत्रकार लंबे समय से ट्रैड्स की गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं और उनके आलेखों एवं साक्षात्कारों के आधार पर इनकी कुछ लाक्षणिक विशेषताओं को रेखांकित किया जा सकता है।

2010 के दशक के प्रारंभिक वर्षों में अमेरिका में अल्टरनेटिव राइट मूवमेंट चर्चा में आया था। यह उदार प्रजातांत्रिक मूल्यों को नकारता था। अमेरिका की प्रजातांत्रिक प्रणाली और इस पर विश्वास करने वाले राजनीतिक दलों की यह आंदोलन कटु आलोचना करता था। यह आंदोलन ऑन लाइन प्लेटफार्म का उपयोग करता था। इसके सदस्य नस्ली सर्वोच्चता, नफरत और मारकाट की खुली वकालत करते थे। श्वेतों की सर्वोच्चता पर विश्वास करने वाला यह आंदोलन नव नाज़ीवाद से निकटता रखता था। भारत के ट्रेडिशनलिस्ट्स इससे प्रेरणा लेते हैं।

ट्रैड्स सवर्ण हिंदुओं के वर्चस्व की हिमायत करते हैं। इनके अनुसार सवर्ण हिन्दू शुद्ध रक्त वाली श्रेष्ठतम नस्ल हैं। यह अल्पसंख्यकों एवं दलितों को गंदे कॉकरोच एवं दीमक के रूप में कार्टूनों के माध्यम से चित्रित करते हैं।

सवर्ण वर्चस्व को त्यागकर जाति भेद मिटाते हुए हिन्दू धर्मावलंबियों की एकता का विचार इन्हें पूर्णतः अस्वीकार्य है। यह आरक्षण के घोर विरोधी हैं और स्वयं को ब्राह्मणवादी कहलाने में इन्हें गर्व होता है।

ट्रैड्स अपनी प्रोफाइल पिक्चर के लिए कुछ खास छवियों का उपयोग करते हैं। भगवान राम की भयोत्पादक भाव भंगिमाओं वाले चित्र अथवा हनुमान की क्रुद्ध छवियां प्रोफ़ाइल पिक्चर के रूप में इनकी पसंदीदा हैं। यह प्रायः चड गाय मीम का उपयोग भी प्रोफाइल पिक्चर के रूप में करते हैं इंटरनेट में उपयोग होने वाली बोलचाल की अपरिष्कृत भाषा में चड गाय जेनेटिक रूप से सर्वश्रेष्ठ अल्फा मेल के लिए प्रयुक्त होता है। यह बहुत सशक्त गठीली शारीरिक रचना और विशाल यौनांग के साथ दर्शाया जाता है।

ट्रैड विंग आंदोलन एक दृश्य भाषा का अविष्कार करता है जिसमें घृणा की अकल्पनीय और भयोत्पादक अभिव्यक्तियों को मीम अथवा कार्टून चरित्रों के माध्यम से दर्शाया जाता है।  ट्रैड विंग के सदस्य मुसलमानों और दलितों के लिए अपनी नफरत को हास्य के रूप में व्यक्त करते हैं।  जो लोग इन समुदायों के साथ हिंसा, बलात्कार और अपमानजनक विकृत हरकतों में हास्य नहीं तलाश कर पाते हैं ट्रैड्स उन्हें असंतुलित एवं कमजोर मानते हैं।  ट्रैड्स का हास्य विकृत और डरावना तो है ही इसका लक्ष्य अल्पसंख्यकों एवं दलितों को भयभीत करना अथवा उत्तेजित कर हिंसा के लिए प्रेरित करना भी है। 

विशुद्ध मनोरंजन और आनंद के लिए गढ़े गए कार्टून चरित्रों को हिंसा के रंग में रंगे जाते देखना एक सिहरा देने वाला अनुभव है। ऐसा हमने अमेरिकी ऑल्ट राइट मूवमेंट के दौरान भी देखा था जब 2005 में मैट फ्यूरी द्वारा गढ़े गए मासूम और निर्दोष कार्टून चरित्र "पेपे द फ्रॉग" को कॉमिक्स की दुनिया से बाहर निकालकर श्वेत वर्चस्व और नस्ली सर्वोच्चता की भावना से उपजी घृणा की अभिव्यक्ति का जरिया बना दिया गया था। भारत के ट्रैड्स  ने अमेरिका के घृणा प्रतीकों का भारतीयकरण किया है। पेपे द फ्रॉग को हरे रंग की स्कल कैप पहनाकर मुसलमानों का मजाक बनाया जाता है जबकि इसे नीला रंग देकर दलितों का उपहास उड़ाया जाता है। इसके अतिरिक्त डोज(कुत्ता)इंटरनेट मीम और वोजक फेस इंटरनेट मीम भारतीय ट्रैड्स द्वारा प्रयुक्त किए जाते हैं। 

नाजीवाद का इन  ट्रैड्स पर गहरा प्रभाव है। बुल्ली बाई मामले में आरोपी बनाई गई युवती श्वेता सिंह को हम अधिक बच्चे पैदा कर हिंदुत्व की रक्षा करने संबंधी एक ऐसा पोस्टर पोस्ट करते देखते हैं जो कि नाज़ियों द्वारा आर्यन्स को ज्यादा संतानें उत्पन्न करने का आह्वान करने वाले एक पुराने पोस्टर की हूबहू नकल है।

अमेरिकी ऑल्ट राइट मूवमेंट की भांति भारतीय ट्रेडिशनलिस्ट्स भी खुली हिंसा की वकालत करते हैं और हथियारों की खरीदी के लिए व्हाट्सएप और टेलीग्राम समूहों का निर्माण करते हैं।

यदि ट्रैड्स की शाब्दिक अभिव्यक्तियों पर एक नजर डालें तो यह  पता चलता है कि घृणा के अतिरेक को अभिव्यक्त करने के लिए भाषा का किस सीमा तक अवमूल्यन किया जा सकता है और उसे कितना सस्ता,ओछा और बाजारू बनाया जा सकता है। एक अल्पसंख्यक समुदाय विशेष के लिए पोटैशियम ऑक्साइड नामक एक रासायनिक यौगिक को लिखने के लिए प्रयुक्त संकेत केटू ओ(K2O) का प्रयोग होता है जबकि इसी समुदाय के एक धार्मिक स्लोगन हेतु ओला उबर जैसी अभिव्यक्ति प्रयुक्त होती है। मुसलमानों को म्लेच्छ कहा जाता है और इनके सामूहिक नरसंहार हेतु गोभी उपजाने वाले किसान का कोड के रूप में उपयोग किया जाता है। ट्रेडिशनलिस्ट्स के शब्द भंडार में यह कोड 1989 के भागलपुर दंगों के दौरान हुए मुसलमानों के जघन्य नरसंहार से आया है जहाँ नरसंहार के शिकार लोगों के शवों को छिपाने के लिए उस स्थान पर गोभी की खेती की गई थी जहां पर इन्हें दफनाया गया था। भीमटी अथवा भीमता बाबा साहेब अंबेडकर के समर्थकों के लिए प्रयुक्त होने वाला अपमानजनक शब्द है। ट्रैड्स इसका प्रायः उपयोग करते हैं। यह शब्द हिंसक हिंदुत्व का समर्थन करने वाली रागिनी तिवारी उर्फ जानकी बहन के एक वायरल वीडियो में भी सुनने में आया था और दिल्ली दंगों के दौरान चर्चा में रहा था। ट्रैड्स की नफ़रत को अभिव्यक्त करने में पारंपरिक भाषा नाकाम रही है इसलिए उन्हें एक नई भाषा गढ़नी पड़ी है। यह भाषा संकेतात्मक इसलिए भी है कि कानूनी अड़चनों से बचा जा सके और हिंसक गिरोह के सदस्य इस कूट भाषा में अपने हिंसक इरादों और घृणा को खुलकर अभिव्यक्त कर सकें। 

अल्पसंख्यकों एवं दलितों के विरुद्ध जघन्यतम अपराध और बर्बरता करने वाले खलपुरुष तथा इनके विरुद्ध खुली हिंसा की वकालत करने वाले धर्मोन्मादी ट्रैड्स के आदर्श हैं जिनसे वे प्रेरणा प्राप्त करते हैं। ट्रैड्स के नायकों की सूची बहुत लंबी है और इसमें नाथूराम गोडसे, शंभू लाल रैगर, बाबू बजरंगी, दारा सिंह, जामिया में गोलीबारी करने वाले अवयस्क अपराधी तथा यति नरसिंहानन्द जैसे नाम शामिल हैं। ट्रैड्स भाजपा की इस बात के लिए आलोचना भी करते हैं कि उसने इन "नायकों" से दूरी बनाई हुई है और इस कायरता के लिए भाजपा की आलोचना करते हैं।

ट्रैड्स के विषय में अनुसंधान करने वाले पत्रकार इस बात को रेखांकित करते हैं कि मुख्यधारा के दक्षिणपंथियों को  ट्रैड्स नापसंद करते हैं और इन्हें नरम, अवसरवादी तथा समझौतापरस्त मानते हैं और इन्हें "रायता" का संबोधन देते हैं।  ट्रैड्स सती प्रथा के समर्थक हैं एवं खुले में मल त्याग को पर्यावरण हितकारी समझते हैं। जाति भेद को दास प्रथा के रूप में विकसित करना इनका सपना है। दलितों को लेकर मुख्यधारा के दक्षिणपंथी और ट्रैड्स अलग अलग राय रखते हैं। ट्रेड्स का कहना है कि दलितों के प्रति उनकी घृणा दरअसल सवर्णों के प्रति दलितों की नफरत और अत्याचारों का प्रतिकार है। जबकि मुख्यधारा के दक्षिणपंथियों का शीर्ष नेतृत्व जो कि सामान्यतया ट्रैड्स के संबंध में कुछ भी कहने से परहेज करता है यदा कदा शायद दुर्घटनावश ही यह कहता पाया गया है कि ट्रैड्स जातिवाद को बढ़ावा देते हैं और विरोधियों  के उस षड्यंत्र का हिस्सा हैं जो हिन्दू एकता में बाधा डालने के लिए रचा गया है। हां इतना अवश्य है कि  सोशल मीडिया पर ट्रैड्स और मुख्यधारा के दक्षिणपंथियों के बीच मुठभेड़ चलती रहती है किंतु इक्का दुक्का अपवादों को छोड़कर यह प्यादों की लड़ाई ही रहती है और दोनों पक्षों के बड़े नाम इसमें शामिल नहीं होते।

लेकिन कई बार दोनों में आपसी संवाद और तालमेल देखने में आता है जब ऑपइंडिया के पूर्व संपादक अजीत भारती सुल्ली डील्स की जमकर तारीफ करते हैं और कहते हैं कि उनका उद्देश्य मुसलमानों को मानसिक रूप से प्रताड़ित करना है तब लिबरल डोज उत्तर देता है कि हम आपके साथ हैं।

 ट्रैड्स और मुख्यधारा के दक्षिणपंथियों के एजेंडे में समानताएं भी हैं- दोनों संविधान को मनुस्मृति द्वारा प्रतिस्थापित करना चाहते हैं, अंतर केवल क्रियान्वयन की पद्धति में है। "रायता" संविधान की हत्या चरणबद्ध रूप से एक सुनियोजित एवं धीमी प्रक्रिया के माध्यम से करना चाहते हैं जबकि ट्रैड्स के पास इतना धैर्य नहीं है।

ट्रैड्स पर शोध करने वाले पत्रकारों का मानना है कि यह नफरत और हिंसा फैलाने के लिए सुनियोजित रूप से कार्य करने वाली आई टी सेल अथवा ट्रोल समूहों से संबद्ध नहीं हैं। यह किसी संगठन का हिस्सा नहीं हैं किंतु ऐसा नहीं है कि ये असंगठित हैं- अल्पसंख्यकों और दलितों के प्रति घृणा एवं हिंसा इन्हें आपस में एक मजबूत बंधन में बांधती है। स्पष्ट राजनीतिक प्रतिबद्धता के अभाव और किसी दल या संगठन से संबद्ध न होने के कारण इन्हें पहचानना कठिन है और इसी कारण यह अधिक खतरनाक हैं। इनकी तुलना हम सभ्य समाज में आम नागरिक की तरह विचरण कर रहे मानव बमों से कर सकते हैं। संभव है कि हमारे आसपास का कोई सामान्य सा लगने वाला व्यक्ति सोशल मीडिया का नफरती ट्रेडिशनलिस्ट हो और वह अचानक फेसबुक लाइव करते हुए किसी हिंसात्मक कार्रवाई को अंजाम दे बैठे। हमने देखा है कि अमेरिका की कैपिटल बिल्डिंग पर हमले में ऑल्ट राइट मूवमेंट से जुड़े लोगों का हाथ था। 15 मार्च 2021 को क्राइस्टचर्च में दो मस्जिदों में नरसंहार करने वाले अपराधी ने स्वयं को फेसबुक लाइव किया था। इससे पहले उसने ट्विटर पर द ग्रेट रिप्लेसमेंट नामक एक मैनिफेस्टो भी पोस्ट किया था जिसमें नफरत, हिंसा और श्वेत वर्चस्व का जहर कूट कूट कर भरा था। एलपासो, टेक्सास में 3 अगस्त 2019 को हुए हत्याकांड के बाद भी ऐसा ही नस्ली घृणा से लबरेज मैनिफेस्टो 8चान मैसेजिंग फोरम  में देखा गया था। दिल्ली दंगों के दौरान चर्चा में आए अंकित तिवारी की फेसबुक प्रोफाइल भी अल्पसंख्यकों के साथ हिंसा का बड़े गौरव से जिक्र करने वाली पोस्टों से भरपूर थी। जनवरी 2020 में जामिया मिल्लिया के सम्मुख प्रदर्शन कर रहे लोगों पर गोलीबारी करने वाले अवयस्क अपराधी के लाइव वीडियो भी एक फेसबुक एकाउंट में देखे गए थे।

हाल ही में टेकफॉग के विषय में जो खुलासे हो रहे हैं उनका सार संक्षेप यह है कि लोकप्रिय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स में आपराधिक ढंग से सेंध लगाई जा सकती है और इनका उपयोग लोगों की सोच को हिंसा और घृणा फैलाने वाले मुद्दों पर केंद्रित रखने के लिए किया जा सकता है। इस तरह की आपराधिक गतिविधियों के सबूत मिटाए जा सकते हैं और अपराधी कम से कम साइबर क्राइम के किसी सामान्य अन्वेषणकर्ता से अपनी पहचान छिपा सकते हैं। 

घृणा, हिंसा और अविवेक को जब आपराधिक तकनीकी कुशलता और शासकीय संरक्षण मिल जाता है तब इनका प्रसार अकल्पनीय गति से होने लगता है। सोशल मीडिया हमारे अवचेतन पर निरंतर प्रहार कर हमें हिंसा और घृणा का अभ्यस्त बना रहा है। हिंसा के विचार को आचरण में लाने की प्रवृत्ति बढ़ी है।

चाहे वह सुल्ली डील्स या बुल्ली बाई और क्लब हाउस जैसे एप हों अथवा टेकफॉग के आपराधिक षड्यंत्र हों या ट्रैड्स की गतिविधियां हों- सरकारी एजेंसियां इनकी पहचान करने एवं इनके विरुद्ध कार्रवाई करने में अपेक्षित तत्परता दिखाने में नाकाम रही हैं।भाजपा  हिंसक हिंदुत्व की डरावनी दुनिया का आकर्षक प्रवेश द्वार है जहाँ आगंतुकों को भ्रम में डालने वाले नारे लिखे हुए हैं- सबका साथ,सबका विकास,सबका विश्वास आदि आदि। किंतु इस प्रवेश द्वार के अंदर के जगत का सच एकदम उल्टा है। पता नहीं यह सामान्य सा सच किसी की समझ में क्यों नहीं आ रहा कि हिंसा और नफरत की आग सब कुछ जला डालेगी, वह आग लगाने और भड़काने वालों के साथ कोई रियायत नहीं करेगी।

(लेखक स्वतंत्र विचारक और राजनीतिक विश्लेषक हैं। विचार व्यक्तिगत हैं।)

Sulli Deals
Bulli Bai
Clubhouse
Hate Speech
Hate Crime
Cyber Crimes

Related Stories

कैसे पता लगाएं वेबसाइट भरोसेमंद है या फ़र्ज़ी?

मनासा में "जागे हिन्दू" ने एक जैन हमेशा के लिए सुलाया

‘’तेरा नाम मोहम्मद है’’?... फिर पीट-पीटकर मार डाला!

वैष्णव जन: गांधी जी के मनपसंद भजन के मायने

ऑनलाइन सेवाओं में धोखाधड़ी से कैसे बचें?

रुड़की : डाडा जलालपुर गाँव में धर्म संसद से पहले महंत दिनेशानंद गिरफ़्तार, धारा 144 लागू

बात बोलेगी: मुंह को लगा नफ़रत का ख़ून

नफ़रती भाषण: कोर्ट ने दिल्ली पुलिस को ‘बेहतर हलफ़नामा’ दाख़िल करने का दिया निर्देश

लखनऊ: देशभर में मुस्लिमों पर बढ़ती हिंसा के ख़िलाफ़ नागरिक समाज का प्रदर्शन

मेरे मुसलमान होने की पीड़ा...!


बाकी खबरें

  • modi
    अनिल जैन
    खरी-खरी: मोदी बोलते वक्त भूल जाते हैं कि वे प्रधानमंत्री भी हैं!
    22 Feb 2022
    दरअसल प्रधानमंत्री के ये निम्न स्तरीय बयान एक तरह से उनकी बौखलाहट की झलक दिखा रहे हैं। उन्हें एहसास हो गया है कि पांचों राज्यों में जनता उनकी पार्टी को बुरी तरह नकार रही है।
  • Rajasthan
    सोनिया यादव
    राजस्थान: अलग कृषि बजट किसानों के संघर्ष की जीत है या फिर चुनावी हथियार?
    22 Feb 2022
    किसानों पर कर्ज़ का बढ़ता बोझ और उसकी वसूली के लिए बैंकों का नोटिस, जमीनों की नीलामी इस वक्त राज्य में एक बड़ा मुद्दा बना हुआ है। ऐसे में गहलोत सरकार 2023 केे विधानसभा चुनावों को देखते हुए कोई जोखिम…
  • up elections
    रवि शंकर दुबे
    यूपी चुनाव, चौथा चरण: केंद्रीय मंत्री समेत दांव पर कई नेताओं की प्रतिष्ठा
    22 Feb 2022
    उत्तर प्रदेश चुनाव के चौथे चरण में 624 प्रत्याशियों का भाग्य तय होगा, साथ ही भारतीय जनता पार्टी समेत समाजवादी पार्टी की प्रतिष्ठा भी दांव पर है। एक ओर जहां भाजपा अपना पुराना प्रदर्शन दोहराना चाहेगी,…
  • uttar pradesh
    एम.ओबैद
    यूपी चुनाव : योगी काल में नहीं थमा 'इलाज के अभाव में मौत' का सिलसिला
    22 Feb 2022
    पिछले साल इलाहाबाद हाईकोर्ट ने योगी सरकार को फटकार लगाते हुए कहा था कि "वर्तमान में प्रदेश में चिकित्सा सुविधा बेहद नाज़ुक और कमज़ोर है। यह आम दिनों में भी जनता की ज़रूरतों को पूरा करने के लिए पर्याप्त…
  • covid
    टी ललिता
    महामारी के मद्देनजर कामगार वर्ग की ज़रूरतों के अनुरूप शहरों की योजना में बदलाव की आवश्यकता  
    22 Feb 2022
    दूसरे कोविड-19 लहर के दौरान सरकार के कुप्रबंधन ने शहरी नियोजन की खामियों को उजागर करके रख दिया है, जिसने हमेशा ही श्रमिकों की जरूरतों की अनदेखी की है। 
  • Load More
सब्सक्राइब करें
हमसे जुडे
हमारे बारे में
हमसे संपर्क करें

CC BY-NC-ND This work is licensed under a Creative Commons Attribution-NonCommercial-NoDerivatives 4.0 International License