NewsClick

NewsClick
  • English
  • राजनीति
  • अर्थव्यवस्था
  • विज्ञान
  • संस्कृति
  • भारत
  • अंतरराष्ट्रीय
  • हमारे लेख
  • हमारे वीडियो
search
menu

सदस्यता लें, समर्थन करें

image/svg+xml
  • सारे लेख
  • न्यूज़क्लिक लेख
  • सारे वीडियो
  • न्यूज़क्लिक वीडियो
  • राजनीति
  • अर्थव्यवस्था
  • विज्ञान
  • संस्कृति
  • भारत
  • अंतरराष्ट्रीय
  • अफ्रीका
  • लैटिन अमेरिका
  • फिलिस्तीन
  • नेपाल
  • पाकिस्तान
  • श्री लंका
  • अमेरिका
  • एशिया के बाकी
हमारे बारे में
हमसे संपर्क करें
सब्सक्राइब करें
हमारा अनुसरण करो Facebook - Newsclick Twitter - Newsclick RSS - Newsclick
close menu
भारत
राजनीति
कांग्रेस के 'संकटमोचक' अहमद पटेल का कोरोना से निधन, सभी दलों के नेताओं ने शोक जताया
पटेल कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के विश्वस्त सहयोगियों में से एक थे और लंबे समय तक उनके राजनीतिक सलाहकार रहे। उन्हें पार्टी के संकटमोचक के रूप में भी जाना जाता था।
भाषा
25 Nov 2020
congress-leader-ahmed-patel-

नयी दिल्ली: राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और कई अन्य नेताओं ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता अहमद पटेल के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए बुधवार को कहा कि पटेल कांग्रेस के एक मजबूत स्तंभ थे और उनका पूरा जीवन पार्टी के लिए समर्पित रहा।

कांग्रेस के लिए लंबे समय तक पर्दे के पीछे से एक रणनीतिज्ञ की भूमिका निभाने वाले अहमद पटेल का बुधवार को निधन हो गया। वह 71 वर्ष के थे और कुछ हफ्ते पहले कोरोना वायरस से संक्रमित हुए थे। गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था।

राष्ट्रपति कोविंद ने ट्वीट किया, ‘‘कांग्रेस नेता अहमद पटेल के निधन की सूचना से व्यथित हूं। वह एक दक्ष सांसद थे जिनके पास रणनीतिक कौशल के साथ-साथ जन नेता का आकर्षण था। उनका सौम्य और मिलनसार व्यक्तित्व ही था जिसकी वजह से हर राजनीतिक दल में उनके मित्र थे। उनके परिजनों और मित्रों के प्रति मेरी संवेदनाएं।’’

पटेल के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए उप राष्ट्रपति नायडू ने कहा, ‘‘राज्य सभा के सदस्य श्री अहमद पटेल जी के निधन का समाचार पा कर स्तब्ध हूं। वरिष्ठ सांसद श्री पटेल अपने संसदीय अनुभव, सद्भाव और सौहार्दपूर्ण संबंधों के लिए जाने जाते थे। ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को शांति तथा उनके परिजनों को धैर्य प्रदान करें।’’

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने में उनकी भूमिका को हमेशा याद रखा जाएगा।

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘अहमद पटेल जी के निधन से व्यथित हूं। उन्होंने सार्वजनिक जीवन में एक लंबा समय बिताया और जन सेवा की। तेज दिमाग के लिए अपनी विशेष पहचान रखने वाले पटेल ने कांग्रेस को मजबूत बनाने में जो भूमिका निभाई उसे हमेशा याद रखा जाएगा। उनके पुत्र फैसल से बात की और अपनी संवेदनाएं प्रकट की। अहमद भाई की आत्मा को शांति मिले।’’

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने एक शोक संदेश में कहा, ‘‘अहमद पटेल जी के असामयिक निधन के बारे में सुनकर दुखी हूं। वह कांग्रेस के सबसे विश्वसनीय नेताओं में से एक और मेरे बेहतरीन दोस्त थे। उनका जाना कांग्रेस पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति है।’’

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि पटेल एक ऐसे कामरेड, निष्ठावान सहयोगी और मित्र थे जिनकी जगह कोई नहीं ले सकता।

उन्होंने एक शोक संदेश में कहा, ‘‘श्री अहमद पटेल के जाने से मैंने एक ऐसा सहयोगी खो दिया है जिनका पूरा जीवन कांग्रेस पार्टी को समर्पित था। उनकी निष्ठा और समर्पण, अपने कर्तव्य के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, मदद के लिए हमेशा मौजूद रहना और उनकी शालीनता कुछ ऐसी खूबियां थीं, जो उन्हें दूसरों से अलग बनाती थीं।’’

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘‘मैंने ऐसा कामरेड, निष्ठावान सहयोगी और मित्र खो दिया जिनकी जगह कोई नहीं ले सकता। मैं उनके निधन पर शोक प्रकट करती हूं और उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करती हूं।’’

राहुल गांधी ने अहमद पटेल के निधन पर दुख प्रकट करते हुए बुधवार को कहा कि पटेल एक ऐसे स्तंभ थे जो सबसे मुश्किल दौर में भी पार्टी के साथ खड़े रहे।

पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने दुख जताते हुए कहा कि पटेल की कांग्रेस के प्रति प्रतिबद्धता और सेवा असीमित थी।



राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट किया, ‘‘दिग्गज कांग्रेस नेता और मित्र अहमद पटेल जी के निधन से स्तब्ध और दुखी हूं। यह कांग्रेस और मेरे जैसे पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं के लिए बहुत बड़ी क्षति है। पार्टी के लिए उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने कहा, ‘‘वरिष्ठ कांग्रेस नेता और मित्र अहमद पटेल जी के निधन से स्तब्ध और दुखी हूं। वह समर्पित कार्यकर्ता, हमारी पार्टी की मजबूत धुरी थे और उन्होंने मुश्किल समय में पार्टी को आगे बढ़ाया। उनके परिवार, मित्रों और कार्यकर्ताओं के प्रति मेरी संवेदना है। हम उनकी कमी महसूस करेंगे।’’

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ट्वीट किया, ‘‘कांग्रेस विचारधारा के प्रति दृढ़ संकल्पित, जुझारू योद्धा, पार्टी के अनमोल रत्न अहमद भाई पटेल जी के निधन का समाचार हम सबके लिए स्तब्ध कर देने वाला है। उनका जाना कांग्रेस पार्टी और गुजरात के साथ ही पूरे देश के लिए भी अपूरणीय क्षति है। ईश्वर परिवार को संबल प्रदान करे।’’

चौहान, कमलनाथ, दिग्विजय, सिंधिया ने पटेल के निधन पर शोक व्यक्त किया

भोपाल: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ एवं दिग्विजय सिंह तथा पूर्व केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया सहित भाजपा एवं कांग्रेस के नेताओं ने बधुवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया।

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शोक व्यक्त किया

रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल के निधन पर बुधवार को गहरा शोक व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया, ‘‘कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं राज्य सभा सांसद अहमद पटेल जी के आज सुबह निधन की खबर से मन दुःखी है।’’ सोरेन ने कहा, ‘‘मैं ईश्वर से उनके परिवार व मित्रों को यह दुःख सहन करने की शक्ति एवं दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना करता हूँ।’’

एमवीए ने एक मार्गदर्शक खो दिया : उद्धव ठाकरे

मुम्बई: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और राकांपा अध्यक्ष शरद पवार ने बुधवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें एक मार्गदर्शक बताया और कांग्रेस में उनके योगदान की सराहना की।

ठाकरे ने कहा कि पटेल ने महा विकास अघाड़ी (एमवीए) के गठन में अहम भूमिका निभाई थी। एमवीए, शिवसेना, राकांपा और कांग्रेस का गठबंधन है, जिसने पिछले साल महाराष्ट्र में सरकार बनाई थी।

मुख्यमंत्री ठाकरे ने एक बयान में कहा, ‘‘ पटेल के निधन से कांग्रेस पार्टी ने उनका चाणक्य खो दिया, वहीं एमवीए सरकार ने अपना मार्गदर्शक।’’

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘ एमवीए के गठन के दौरान मुझे उनके अनुभव और मार्गदर्शन से मदद मिली।’’

उन्होंने कहा कि अहमद पटेल केवल राजनीति में ही सक्रिय नहीं थे बल्कि कई सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय थे।

वहीं राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख शरद पवार ने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल के निधन से वह बेहद दुखी हैं।

पवार ने कहा, ‘‘ कांग्रेस पार्टी में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। उनके परिवार के सदस्यों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।’’

केन्द्रीय मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता नितिन गडकरी ने भी पटेल के निधन पर शोक व्यक्त किया।

गडकरी ने ट्वीट किया, ‘‘ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल जी के निधन की खबर सुन दुखी हूं। दिवंगत आत्मा को मेरी श्रद्धांजलि। मैं भगवान से दुख की इस घड़ी में उनके परिजन और समर्थकों को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना करता हूं। ओम शांति।’’

महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष बालासाहेब थोराट और पार्टी के वरिष्ठ नेता अशोक चव्हाण ने भी पटेल को श्रद्धांजलि दी और कहा कि पार्टी ने एक अनुभवी, प्रतिबद्ध और निष्ठावान नेता के साथ-साथ एक कुशल संगठनकर्ता भी खो दिया।

वाम दलों ने भी जताया शोक

नयी दिल्ली: वाम दलों के नेताओं ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता अहमद पटेल के निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा कि आने वाले दिनों में देश के राजनीतिक हलकों में उनकी कमी महसूस की जाएगी।

मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव सीतराम येचुरी ने ट्वीट किया, ‘‘वरिष्ठ राजनेता और आजीवन कांग्रेसी रहे अहमद पटेल के असामयिक निधन से गहरा धक्का लगा है। अपने जोशीले और आकर्षक व्यवहार से उन्होंने पूरे राजनीतिक क्षेत्र में अपनी पहुंच बनाई। उनके निधन से भारतीय राजनीति और संवैधानिक मूल्यों को भारी नुकसान हुआ है।’’

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) महासचिव डी राजा ने कहा कि उन्होंने आज अपना एक दोस्त खो दिया।

उन्होंने कहा, ‘‘एक मित्र के चले जाने से मुझे गहरा सदमा लगा है। वह एक कांग्रेसी थे जिन्होंने धर्मनिरपेक्ष लोकतांत्रिक ताकतों के साथ लगातार काम किया। वह अक्सर संपर्क कर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा किया करते थे। एक राजनीतिक कार्यकर्ता के रूप में वह सकारात्मक और प्रगतिशील मूल्यों के पक्षधर थे। आने वाले दिनों में उनकी कमी महसूस की जाएगी।’’

पटेल कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के विश्वस्त सहयोगियों में से एक थे और लंबे समय तक उनके राजनीतिक सलाहकार रहे। उन्हें पार्टी के संकटमोचक के रूप में भी जाना जाता था।

 


बाकी खबरें

  • modi
    अनिल जैन
    खरी-खरी: मोदी बोलते वक्त भूल जाते हैं कि वे प्रधानमंत्री भी हैं!
    22 Feb 2022
    दरअसल प्रधानमंत्री के ये निम्न स्तरीय बयान एक तरह से उनकी बौखलाहट की झलक दिखा रहे हैं। उन्हें एहसास हो गया है कि पांचों राज्यों में जनता उनकी पार्टी को बुरी तरह नकार रही है।
  • Rajasthan
    सोनिया यादव
    राजस्थान: अलग कृषि बजट किसानों के संघर्ष की जीत है या फिर चुनावी हथियार?
    22 Feb 2022
    किसानों पर कर्ज़ का बढ़ता बोझ और उसकी वसूली के लिए बैंकों का नोटिस, जमीनों की नीलामी इस वक्त राज्य में एक बड़ा मुद्दा बना हुआ है। ऐसे में गहलोत सरकार 2023 केे विधानसभा चुनावों को देखते हुए कोई जोखिम…
  • up elections
    रवि शंकर दुबे
    यूपी चुनाव, चौथा चरण: केंद्रीय मंत्री समेत दांव पर कई नेताओं की प्रतिष्ठा
    22 Feb 2022
    उत्तर प्रदेश चुनाव के चौथे चरण में 624 प्रत्याशियों का भाग्य तय होगा, साथ ही भारतीय जनता पार्टी समेत समाजवादी पार्टी की प्रतिष्ठा भी दांव पर है। एक ओर जहां भाजपा अपना पुराना प्रदर्शन दोहराना चाहेगी,…
  • uttar pradesh
    एम.ओबैद
    यूपी चुनाव : योगी काल में नहीं थमा 'इलाज के अभाव में मौत' का सिलसिला
    22 Feb 2022
    पिछले साल इलाहाबाद हाईकोर्ट ने योगी सरकार को फटकार लगाते हुए कहा था कि "वर्तमान में प्रदेश में चिकित्सा सुविधा बेहद नाज़ुक और कमज़ोर है। यह आम दिनों में भी जनता की ज़रूरतों को पूरा करने के लिए पर्याप्त…
  • covid
    टी ललिता
    महामारी के मद्देनजर कामगार वर्ग की ज़रूरतों के अनुरूप शहरों की योजना में बदलाव की आवश्यकता  
    22 Feb 2022
    दूसरे कोविड-19 लहर के दौरान सरकार के कुप्रबंधन ने शहरी नियोजन की खामियों को उजागर करके रख दिया है, जिसने हमेशा ही श्रमिकों की जरूरतों की अनदेखी की है। 
  • Load More
सब्सक्राइब करें
हमसे जुडे
हमारे बारे में
हमसे संपर्क करें

CC BY-NC-ND This work is licensed under a Creative Commons Attribution-NonCommercial-NoDerivatives 4.0 International License