NewsClick

NewsClick
  • English
  • राजनीति
  • अर्थव्यवस्था
  • विज्ञान
  • संस्कृति
  • भारत
  • अंतरराष्ट्रीय
  • हमारे लेख
  • हमारे वीडियो
search
menu

सदस्यता लें, समर्थन करें

image/svg+xml
  • सारे लेख
  • न्यूज़क्लिक लेख
  • सारे वीडियो
  • न्यूज़क्लिक वीडियो
  • राजनीति
  • अर्थव्यवस्था
  • विज्ञान
  • संस्कृति
  • भारत
  • अंतरराष्ट्रीय
  • अफ्रीका
  • लैटिन अमेरिका
  • फिलिस्तीन
  • नेपाल
  • पाकिस्तान
  • श्री लंका
  • अमेरिका
  • एशिया के बाकी
हमारे बारे में
हमसे संपर्क करें
सब्सक्राइब करें
हमारा अनुसरण करो Facebook - Newsclick Twitter - Newsclick RSS - Newsclick
close menu
आंदोलन
संस्कृति
समाज
भारत
राजनीति
बीच बहस: तमिलनाडु की राजनीति में भाजपा की कोई जगह नहीं!
तमिलनाडु की सियासत का इतिहास तो यही बताता है कि भारतीय जनता पार्टी की ब्राह्मणवादी राजनीति के लिए राज्य में कोई स्कोप नहीं है।
अजय कुमार
17 Mar 2021
dr

तमिलनाडु की राजनीति भारत में ब्राह्मणवाद और उत्तर भारत के वर्चस्व के खिलाफ लड़ी गई लड़ाई के इतिहास का नाम है। इसीलिए भारतीय राजनीति की मुख्यधारा की पार्टी कांग्रेस और भाजपा का तमिलनाडु में अपनी पैठ बना पाना अभी तक नामुमकिन रहा है। 

 साल 1930 से 50 के दौरान दक्षिण भारत,  ब्राह्मणों के वर्चस्व को तोड़ने की लड़ाई लड़ रहा था। दलितों को मंदिर में प्रवेश देना, छुआछूत को दूर करना, जातिगत भेदभाव को खत्म करने को लेकर दक्षिण भारत आंदोलित हो रहा था। तमिलनाडु में  हिंदी भाषा की जगह तमिल भाषा और तमिल राष्ट्रवाद की लहर चल रही थी।

अंधविश्वास सामाजिक भेदभाव से लड़ने के लिए तर्कवाद का इस्तेमाल किया जा रहा था। पेरियार रामास्वामी इन सभी आंदोलनों में एक प्रमुख नेता के तौर पर अपने संगठन द्रविड़ कषगम के साथ अगुवाई कर रहे थे। पेरियार का मानना था कि सामाजिक आंदोलन को राजनीति में शामिल नहीं होना चाहिए। अगर ऐसा होगा तो चुनावी राजनीति आगे हो जाएगी और सामाजिक आंदोलन से जुड़े मुद्दे पीछे चले जाएंगे। जो धड़ा पेरियार के इस राय से असहमत था। उसी के अगुवाई में साल 1950 के बाद की राजनीति की शुरुआत हुई। और इस धड़े का राजनीतिक नाम पड़ा द्रविड़ मुनेत्र कषगम यानी द्रमुक अंग्रेजी में कहा जाए तो डीएमके।

 इस दल की अगुवाई नाटककार और लेखक सी अन्नादुरई कर रहे थे। उच्च जाति से चलने वाले भारतीय समाज में आजादी के बाद के हर बड़े संस्थानों और संगठनों की अगुवाई स्वाभाविक तौर पर ऊंची जातियों में ही सिमट रही थी। उस समय की कांग्रेस का भी यही हाल था। कांग्रेस भी ब्राह्मण और ऊंची जातियों की अगुवाई से पटी पड़ी थी। सी अन्नादुरई का विरोध कांग्रेस के इसी ब्राह्मणवाद से था। सी अन्नादुरई ने अपने जमाने में इसका खूब विरोध किया। दक्षिण भारत में कांग्रेस के पैर पसरने नहीं दिए। 

 
साल 1967 में अन्नादुरई के शिष्य एम करुणानिधि की अगुवाई में डीएमके ने तमिलनाडु का विधानसभा चुनाव जीत लिया। इसके बाद से लेकर अब तक तमिलनाडु की राजनीति में द्रविड़ राजनीति हावी रही है।

 
साल 1967 के बाद की द्रविड़ राजनीति ने केंद्र की इंदिरा गांधी को अपने से बहुत दूर रखा। कांग्रेस से विरोध जारी रहा। चूंकि द्रविड़ राजनीति के सभी नेता समाज के हाशिए पर मौजूद समूह से आए थे, इसलिए इन सबके प्रशासन में हाशिए पर मौजूद लोगो तक सरकारी मदद पहुंचाना केंद्र में रहा। राजनीति की तकनीकी शब्दावली में कहा जाए तो द्रविड़ राजनीति से जुड़े हर दल इसी वजह से पापुलिस्ट सरकार के तौर पर जाने जाते हैं। यानी गरीब लोगों तक फ्री में कई सारी सरकारी योजनाएं पहुंचाना ही अब तक की द्रविड़ राजनीति की खूबी रही है। करुणानिधि की सरकार ने इसकी शुरुआत गरीबों को मुफ्त में चावल मुफ्त में परिवहन और सरकार की तरफ से घर देने के जरिए की।

 
करुणानिधि के दौर में ही द्रविड़ राजनीति में एक और मोड़ आया। यह मोड़ था द्रविड़ राजनीति में सिनेमा से जुड़े लोगों का शामिल होना। सिनेमा से जुड़े लोगों की पहुंच आम लोगों तक जबरदस्त थी। डीएमके को इसका खूब फायदा मिला। इसी समय दक्षिण भारत के सुपरस्टार एमजीआर का तमिल राजनीति में आगमन हुआ। एमजीआर की लोकप्रियता गजब की थी। इस लोकप्रियता की वजह से डीएमके का पोलिटिकल प्रोपेगेंडा आम लोगों तक पहुंचता रहा। आगे चलकर एमजीआर और करुणानिधि में आपसी मतभेद हुए। एमजीआर ने करुणानिधि पर भ्रष्टाचार और तानाशाह होने के आरोप लगाए। 

 यहीं से डीएमके से टूटने वाला धड़ा एमजीआर की अगुवाई में साल 1972 में एआईडीएमके यानी अन्ना द्रमुक मुनेत्र कषगम के तौर पर स्थापित हुआ। यहां से तमिलनाडु की राजनीति में डीएमके बनाम एआईडीएमके की लड़ाई शुरू हुई।

 साल 1977 में एमजीआर ने जबरदस्त जीत हासिल की। जब तक एमजीआर इस दुनिया में मौजूद रहे तब तक यानी साल 1987 तक उनके जीतने का यह सिलसिला भी जारी रहा।  एमजीआर की राजनीति भी लोकलुभावन राजनीति थी। राज्य के वित्त पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। वित्त प्रबंधन के ऊपर गरीबों तक योजनाएं पहुंचाने को तवज्जो दी गई। एमजीआर के काल में राजनीति में गरीब लोगों की भागीदारी और बढ़ी। लेकिन भ्रष्टाचार और तानाशाही के आरोप एमजीआर पर भी जमकर लगे। एमजीआर की राजनीति व्यक्ति पूजा वाली राजनीति थी। साल 1981 में कानून बना कि अगर सरकार के खिलाफ कुछ भी अशोभनीय बात लिखी जाएगी तो लिखने वालों को पांच साल की सजा होगी। साल 1987 में जब एमजीआर की मौत हुई तो उनके प्रति दीवानगी इस हद तक थी कि तकरीबन 29 लोगों ने अपनी जान दे दी। 

 
एमजीआर ही साल 1982 में जे जयललिता को राजनीति में लाए। एमजीआर की पत्नी जानकी और जयललिता के बीच अन्नाद्रमुक का उत्तराधिकारी कौन होगा? इस पर कुछ साल जंग चली। अंत में विरासत की हकदार जे जयललिता बनीं। जिन्हें अम्मा के नाम से पुकारा गया। जे जयललिता का काल भी लोकलुभावन राजनीति का ही था। भ्रष्टाचार और पैसे के लेनदेन सब जारी रहा लेकिन कुछ योजनाएं ऐसी भी बनी जिनका लाभ गरीबों को मिलता रहा। जे जयललिता के प्रति भी लोगों की दीवानगी गजब की थी। भ्रष्टाचार के आरोप लगे, जे जयललिता जेल भी गईं। लेकिन इस दीवानगी में कोई कमी नहीं आई। जब जे जयललिता का देहांत हुआ तब भी तमिलनाडु के लोगों ने गजब की भावुकता का प्रदर्शन किया।

 तमिलनाडु में इस बार का पहला ऐसा विधानसभा चुनाव होगा जिसमें उसके राजनीतिक इतिहास के दो कद्दावर नेता करुणानिधि और जे जयललिता मौजूद नहीं होंगे। यानी लंबे समय बाद तमिलनाडु की राजनीति चेहरों के लिहाज से एक बड़ी करवट लेने वाली है। पिछले 10 सालों से तमिलनाडु में अन्नाद्रमुक का शासन चल रहा है। मौजूदा समय में मुख्यमंत्री के तौर पर पलानिस्वामी राज गद्दी संभाल रहे हैं। अब यह गद्दी मखमली भी नहीं रह गई है। 

 
पिछले 10 सालों से राज करने के चलते एआईडीएमके के खिलाफ लोगों के मन में सत्ता विरोधी लहर चल रही है। 2019 के लोकसभा चुनाव में एआईएडीएमके को 39 में से महज एक सीट मिली थी, 38 सीटें डीएमके के खाते में गई थी। इस बार की चुनावी लड़ाई में डीएमके गठबंधन की तरफ से एम करुणानिधि के बेटे एमके स्टालिन और एआईडीएमके के गठबंधन की तरफ से मौजूदा मुख्यमंत्री ई के पलानीस्वामी के बीच है। डीएमके की गठबंधन में कांग्रेसी शामिल है और एआईएडीएमके गठबंधन में भाजपा। 

 
ई पलानीस्वामी राज्य में जगह-जगह जयललिता की प्रतिमाएं बनवा रहे हैं ताकि इसका इस्तेमाल चुनाव में किया जा सके। एआईडीएमके की तरफ से जयललिता के चले जाने के बाद विरासत कौन संभालेगा? इस पर भले ही इस समय ई पलानीस्वामी की सत्ता चल रही हो लेकिन अभी भी कई सारे मोहरे इस लड़ाई में मौजूद हैं। एक का नाम है शशिकला। इनके बारे में राजनीतिक जानकारों का कहना है कि वह इस समय चुनाव में इसलिए नहीं शामिल हो रही हैं क्योंकि उन्होंने भी डीएमके की तरफ जाने वाले चुनावी माहौल को भांप लिया है। वह शायद इस बात का इंतजार कर रही हैं कि एआईडीएमके चुनाव हार जाए उसके बाद वह पहली लड़ाई ई पलानीस्वामी से एआईडीएमके की विरासत हासिल करने में लगाएं। इस तरह से एआईडीएमके का अंदरूनी धड़ा बहुत सारे कलह से भी गुजर रहा है।

 इस तरह की किसी भी अंदरूनी कलह का सामना करुणानिधि के पुत्र स्टालिन को नहीं करना पड़ रहा है। वह पार्टी के अध्यक्ष और निर्विवादित नेता हैं। पिछले साल के मार्च से ही चुनावी अभियान में जोर शोर से लगे हुए हैं।

 जहां तक छोटी पार्टियों की बात है तो उनके बारे में राजनीतिक जानकार एन सत्यमूर्ति लिखते हैं कि साल 2011 से  छोटी- छोटी पार्टियां बड़ी पार्टियों के कंधे पर सवार होकर आगे बढ़ रही है। हाल के वर्षों में राजनीतिक प्रतिद्वंदिता और अधिक बढ़ी हैं। इसलिए बड़ी पार्टियां इन छोटी पार्टियों को बहुत अधिक गंभीरता से ले रही है। साल 1989 के बाद से चुनावों के विश्लेषण से पता चलता है कि डीएमके और एआईडीएमके को कुल वोट का तकरीबन 60 फीसदी से अधिक वोट मिला है। यानी तमिलनाडु की राजनीति में डीएमके और एआईएडीएमके के बाद ही किसी पार्टी का नंबर आता है। 

 
भले ही द्रविड़ राजनीति ने  जातिविहीन समाज पर बल दिया। लेकिन फिर भी तमिलनाडु के कुछ इलाकों में जाति आधारित राजनीति करने वाली छोटे छोटे दलों का प्रभाव मजबूत है। लेकिन यह सभी मिलकर महज एक प्रतिशत वाले दल ही है। इससे जायदा इनका दबदबा नहीं है।

देश में अपनी चुनावी तिकड़मबाजी पर पीठ थपथपाने वाली भाजपा तमिलनाडु में अभी भी कमजोर पार्टी है। राजनीतिक मामलों के जानकार नरेंद्र सुब्रमण्यम द हिंदू अखबार में लिखते हैं कि भाजपा की सांप्रदायिक राजनीति तमिलनाडु में पूरी तरह असफल है। पिछले विधानसभा चुनाव भाजपा को महज 3 फ़ीसदी के आसपास वोट मिले थे। इसकी बड़ी वजह यह है कि तमिलनाडु में द्रविड़ राजनीति की वजह से उस हिंदुत्व का विकास नहीं हुआ जिसमें ब्राह्मण सबसे ऊंचे पायदान पर होते हैं, निचली जातियों को अलग-थलग किया जाता है और मुसलमानों के लिए नफरत पैदा करने वाली संस्कृति पनपती है। बल्कि वैसी संस्कृति का विकास हुआ जिसमें मध्यम जातियों के साथ दूसरी जातियों और मुसलमानों का अच्छा गठजोड़ बना। इस गठजोड़ के खिलाफ भाजपा की अंतर धार्मिक हिंसा वाली रणनीति पूरी तरह से असफल रही। डीएमके के उत्तरी और मध्य तमिलनाडु वाले इलाके में भाजपा पूरी तरह से कमजोर है। जबकि एआईडीएमके के इलाके में धीरे धीरे अंकुरित होने की कोशिश कर रही है।

 
भाजपा की कमजोर स्थिति इससे भी समझी जा सकती है कि एआईडीएमके ने अपने मेनिफेस्टो में सीएए को लागू न करवाने वायदा किया है, जिस CAA पर भाजपा मरने-मारने पर उतारू होकर उत्तर भारत में राजनीति करती है।

 तमिलनाडु की सरकारों पर मुफ्त में खैरात बांटने वाली सरकार का आरोप लगता है। एक लिहाज से आरोप सही भी है क्योंकि सरकारी खजाने पर कोई ध्यान नहीं दिया जाता। राजस्व के प्रबंधन की कोई चिंता नहीं की जाती। लेकिन एक दूसरे लिहाज से यह आरोप गलत है। क्योंकि गरीब लोगों के पास जब रहने और खाने लायक सुविधाएं ही नहीं होंगी तो क्या ही कर पाएंगे? इसलिए सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी बनती है कि बिना किसी दूसरे कारणों पर ध्यान दिए वह गरीब लोगों तक मुफ्त में सुविधाएं मुहैया करवाए। यही वजह है कि 2020 में प्रकाशित हुई 15वें वित्त आयोग की रिपोर्ट कहती है कि तमिलनाडु राज्य सतत विकास के लक्ष्यों पर दूसरे राज्यों के मुकाबले आगे रहा है। गरीबी उन्मूलन स्वास्थ्य शिक्षा के मामले में तमिलनाडु की स्थिति दूसरे राज्यों के मुकाबले अच्छी रही है।

 द हिंदू के पूर्व संपादक एन राम इस विधानसभा के चुनावी नतीजे पर अनुमान लगाते हुए ट्विटर पर लिखते हैं कि पब्लिक ओपिनियन से लेकर सर्वे तक यह इशारा कर रहे हैं कि आने वाले विधानसभा चुनाव में डीएमके गठबंधन बहुत बड़ी जीत हासिल करने जा रहा है। ऐसा भी हो सकता है कि डीएमके गठबंधन पूरे राज्य की 234 सीट नाम कर ले और सत्ता में बैठी पार्टी को घनघोर हार का सामना करना पड़े।

history of dravidian politics
history of tamilnadu politics
BJP in tamilnadu
anti brahmin sentiment intamilnadu

Related Stories


बाकी खबरें

  • Bombay High Court grants bail to Aryan Khan
    भाषा
    क्रूज ड्रग्स पार्टी केस: बंबई उच्च न्यायालय ने आर्यन खान को दी जमानत
    28 Oct 2021
    आर्यन के वकीलों की टीम अब उनकी शुक्रवार तक रिहाई के लिए औपचारिकताएं पूरी करने का प्रयास करेगी। 23 वर्षीय आर्यन फिलहाल न्यायिक हिरासत में सेंट्रल मुंबई की आर्थर रोड जेल में बंद हैं।
  • bihar protest
    न्यूज़क्लिक रिपोर्ट
    बिहारः स्टाइपेंड वृद्धि को लेकर इंटर्न डॉक्टरों की हड़ताल, आइएमए ने भी किया समर्थन
    28 Oct 2021
    इंटर्न डॉक्टरों ने पीएमसीएच प्रशासन के साथ-साथ सरकार को भी चेतावनी दी है कि अगर उनके स्टाइपेंड को बढ़ाने की तत्काल घोषणा नहीं की गई तो वे ओपीडी और वार्डों में इलाज रोक देंगे।
  • covid 19 vaccine
    मो. इमरान खान
    बिहारः तीन लोगों को मौत के बाद कोविड की दूसरी ख़ुराक
    28 Oct 2021
    एक स्वास्थ्य विशेषज्ञ के अनुसार, इसे अधिकारियों और निजी स्वास्थ्य संस्थाओं के बीच के सांठ-गांठ का ही कमाल कहना चाहिए कि उनके द्वारा टीकाकरण के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सिर्फ तीन ही नहीं बल्कि ऐसे…
  • पूर्व सीएजी विनोद राय ने कांग्रेस नेता संजय निरुपम के खिलाफ अपनी टिप्पणी पर मांगी माफी ,2G स्पेक्ट्रम रिपोर्ट से जुड़ा है विवाद
    भाषा
    पूर्व सीएजी विनोद राय ने कांग्रेस नेता संजय निरुपम के खिलाफ अपनी टिप्पणी पर मांगी माफी ,2G स्पेक्ट्रम रिपोर्ट से जुड़ा है विवाद
    28 Oct 2021
    निरुपम ने कहा कि राय को 2जी स्पेक्ट्रम और कोयला ब्लॉक आवंटन पर कैग की रपटों को लेकर देश से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि ये दोनों ‘‘फर्जी’’ थीं। उन्होंने बाद में संवाददाताओं से कहा, ‘‘…
  • Sahba Hussain
    न्यूज़क्लिक टीम
    जेल के अंडा सेल में गौतम नवलखा, ज़िंदगी ख़तरे में होने का अंदेशा : सहबा
    28 Oct 2021
    वरिष्ठ पत्रकार भाषा सिंह ने बात की मानवाधिकार कार्यकर्ता और लेखक गौतम नवलखा की जीवनसाथी सहबा हुसैन से। जिन्होंने हाल ही में गौतम की ज़िंदगी पर मंडरा रहे ख़तरे के बारे में एक पत्र लिखा है और उन्हें…
  • Load More
सब्सक्राइब करें
हमसे जुडे
हमारे बारे में
हमसे संपर्क करें

CC BY-NC-ND This work is licensed under a Creative Commons Attribution-NonCommercial-NoDerivatives 4.0 International License