NewsClick

NewsClick
  • English
  • राजनीति
  • अर्थव्यवस्था
  • विज्ञान
  • संस्कृति
  • भारत
  • अंतरराष्ट्रीय
  • हमारे लेख
  • हमारे वीडियो
search
menu

सदस्यता लें, समर्थन करें

image/svg+xml
  • सारे लेख
  • न्यूज़क्लिक लेख
  • सारे वीडियो
  • न्यूज़क्लिक वीडियो
  • राजनीति
  • अर्थव्यवस्था
  • विज्ञान
  • संस्कृति
  • भारत
  • अंतरराष्ट्रीय
  • अफ्रीका
  • लैटिन अमेरिका
  • फिलिस्तीन
  • नेपाल
  • पाकिस्तान
  • श्री लंका
  • अमेरिका
  • एशिया के बाकी
हमारे बारे में
हमसे संपर्क करें
सब्सक्राइब करें
हमारा अनुसरण करो Facebook - Newsclick Twitter - Newsclick RSS - Newsclick
close menu
आंदोलन
घटना-दुर्घटना
नज़रिया
मज़दूर-किसान
समाज
स्वास्थ्य
भारत
राजनीति
रामचरण मुंडा की मौत पर दो मिनट का मौन!
सोचने का सवाल है कि क्या इन मौतों को महज तकनीकी गड़बड़ियों तक न्यूनीकृत किया जा सकता है? क्या इसके कोई संरचनागत कारण नहीं हैं? ‘आखिर अधिक अनाज पैदा करने के बावजूद हम भूख की समस्या को मिटा क्यों नहीं पा रहे हैं।’
सुभाष गाताडे
18 Jun 2019
Munda

‘‘रामचरण मुंडा, उम्र 65 साल को विगत दो माह से सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राशन नहीं दिया गया था। हमारे अधिकारियों ने इसकी सत्यता की पड़ताल की है।’’ 

लातेहार, झारखण्ड के डिप्टी कमीशनर जनाब राजीव कुमार द्वारा लातेहार के दुरूप गांव के रहने वाले उपरोक्त आदिवासी की मौत पर की ऐसी स्वीकारोक्ति बहुत कम देखने में आती है।

अपनी पत्नी चमरी देवी और बेटी सुनिला कुमारी के साथ रामचरण गांव में ही रहते थे। उनके बेटे की मौत दो साल पहले टीबी के चलते हुई थी। राशन डीलर की बात मानें तो चूंकि इलाके में इंटरनेट की सेवा में दिक्कते हैं, और राशन वितरण के लिए ऑनलाइन बायोमेट्रिक सिस्टम कायम किया गया है, इसलिए रामचरण को अनाज नहीं दिया जा सका था। 

भूख से मौत.jpg

इस मामले की असलियत कभी सामने आएगी इस पर संदेह है।

वैसे भूख से होने वाली मौतें अब देश में अजूबा चीज़ नहीं रही। 

दो साल पहले झारखण्ड के ही सिमडेगा जिले के कारीमाटी गांव की 11 वर्षीय हुई संतोषी की मौत के बाद ऐसी मौतों पर लोगों एवं समाज की अधिक निगाह गयी थी। पता चला था कि पूरा परिवार कई दिनों से भूखा था और राशन मिलने के भी कोई आसार नहीं थे क्योंकि राशन कार्ड के साथ आधार लिंक न होने के चलते उनका नाम लिस्ट से हटा दिया गया था। अपनी मां के गोद में ‘भात भात कहते हुए दम तोड़ी संतोषी की दास्तां ने लोगों को विचलित किया था। 

इसे पढ़ें : झारखण्ड: भूख से मौत का बढ़ता सिलसिला

संतोषी की मौत के एक साल बाद ‘राइट टू फूड कैंपेन’ (अन्न के अधिकार के लिए मुहिम) के संघर्षरत कार्यकर्ताओं ने बाकायदा एक सूची जारी की थी कि वर्ष 2015 से ऐसी कितनी मौतें हुई हैं। उन्होंने बताया कि जहां भूख के चलते कथित मौतों की संख्या56 है जबकि इनमें से 42 मौतें 2017 और 2018 के दरमियान हुई हैं। उनका यह भी कहना रहा है कि ‘इन मौतों में से अधिकांश मौतें आधार प्रणाली के चलते हुई हैं क्योंकि सार्वजनिक वितरण प्रणाली की गड़बड़ियों, नेटवर्क की समस्याओं आदि के चलते वह अपना अनाज प्राप्त नहीं कर सके थे।

जानेमाने अर्थशास्त्राी जां द्रेज और उनके सहयोगियों द्वारा झारखंड के 32 गांवों के एक हजार परिवारों का किया गया अध्ययन इसी बात की ताईद करता है, जिसके मुताबिक आधार लिंक न होने, या लिंक होने के बावजूद अंगूठे के न पहचानने के चलते अनाज से वंचित लोगों का अनुमान 20 फीसदी है। निश्चित तौर पर यह सभी ऐसे लोग हैं जिन्हें ऐसे सस्ते अनाज की सबसे सख्त जरूरत है,उसकी उपलब्धता/अनुपलब्धता लोगों के जीवन मरण को निर्धारित करती है।   

विडम्बना ही रही है कि भले ही सुप्रीम कोर्ट ने बार बार स्पष्ट किया हो कि राशन कार्ड अगर आधार लिंक न भी हो तो उसे अनाज से वंचित न किया जाए, भले ही सरकारों की तरफ से दावे किए जाते रहते हों कि बायोमेट्रिक आईडेंटिफिकेशन (जीवमितिक शिनाख्त) के अनिवार्य किए जाने के बावजूद किसी को अनाज से वंचित नहीं किया जा रहा है, लेकिन यही देखने में आ रहा है कि जमीनी हक़ीकत इन दावों से मेल नहीं खाती रही है।

सोचने का सवाल है कि क्या इन मौतों को महज तकनीकी गड़बड़ियों तक न्यूनीकृत किया जा सकता है? क्या इसके कोई संरचनागत कारण नहीं हैं?

‘आखिर अधिक अनाज पैदा करने के बावजूद हम भूख की समस्या को मिटा क्यों नहीं पा रहे हैं।’ भूख की विकराल होती समस्या को एक अलग कोण से सम्बोधित करने की कोशिश अग्रणी पत्रिका ‘इकोनोमिक एण्ड पोलिटिकल वीकली’ में की गयी थी। लेख में बताया गया था कि अगर नीतिगत स्तर पर देखें तो ‘भूख के मुददे से सीधे नहीं सम्बोधित किया जाता बल्कि उसे आर्थिक विकास के बड़े परिप्रेक्ष्य में रखा जाता है और यह उम्मीद की जाती है कि समाज की सम्पदा छन छन कर नीचे आएगी और भूख की समस्या का समाधान करेगी।’ यह समझ कई ‘‘गलत अवधारणाओं पर टिकी होती है, जिसका ताल्लुक भूख और अन्य सामाजिक संरचनाओं के अन्तर्सम्बन्ध पर टिका होता है। अधिक से अधिक कह सकते हैं कि यह वह एक अप्रत्यक्ष तरीका है जो भारत के सामने खड़ी भूख की विकराल समस्या को तुरंत सम्बोधित नहीं करता।’’

इसी आलेख में इस प्रश्न पर भी विचार किया गया कि भूख की समस्या से निपटना हो तो ‘‘आय वितरण की नीतियों को अमल में लाना होगा, जो सामाजिक न्याय के उददेश्यों को मजबूत करती हों न कि नवउदारवाद के तहत आर्थिक कार्यक्षमता के तर्कों को पुष्ट करती हों।’ प्रोफेसर प्रवीण झा और नीलाचला आचार्य को उद्धृत करते हुए कहा गया था ‘‘अधिकतर विकासशील मुल्कों में सबसे बड़े मुददों में से एक होता है, सामाजिक सुरक्षा के लिए सार्वजनिक प्रावधान, ताकि भूख और अनाज सुरक्षा को सम्बोधित किया जा सके जो पर्याप्त ‘‘राजकोषीय/फिस्कल’’ या ‘‘व्यय’’ के दायरे से जुड़ा होता है। इस नज़रिये के विपरीत कि ऐसे मुल्क जिनका सकल घरेलू उत्पाद कम है, वह ऐसे दायरे का निर्माण नहीं कर सकते हैं, लेखक द्वय ने इस बात पर जोर दिया था कि आय के निम्न स्तरों पर भी सामाजिक सुरक्षा को सुनिश्चित किया जा सकता है।’’ 

मालूम हो कि इस सन्दर्भ में भारत अफ्रीकी मुल्क इथोपिया से बहुत कुछ सीख सकता है जिसकी प्रति व्यक्ति आय भारत के चौथे हिस्से के बराबर है और जिस मुल्क को बीसवीं सदी में तमाम अकालों का सामना करना पड़ा। आज की तारीख में अन्न सुरक्षा के कई सूचकांक - जैसे बच्चों के पोषण दरों को लेकर - इथोपिया की तुलना में भारत में बदतर हैं। अगर अन्न असुरक्षा से निपटने के दोनों मुल्कों के अनुभवों पर गौर करें तो दिखता है कि इस ‘‘दक्षिण एशियाई पहेली’’ को - जिसके तहत तेज आर्थिक विकास और गरीबी के कम करने के बावजूद अन्न असुरक्षा बेहद अधिक है -  समझना हो तो इन दोनों मुल्कों की बच्चों के पोषण और सैनिटेशन की नीतियों पर गौर किया जा सकता है, जो उसके जन्म से उसके 1,000 दिन के होने तक अमल में आती है।

अंत में, प्रश्न उठता है कि भूख की विकराल होती समस्या के बावजूद उसे लेकर यहां हंगामा खड़ा होता क्यों नहीं दिखता ?दरअसल यह हकीकत है कि चाहे भूख हो या कुपोषण हो दोनों भारतीय राजनीति के लिए गैरमहत्वपूर्ण विषय हैं। इसे हम सत्ता के अलमबरदारों के तकरीरों में ही नहीं बल्कि संसद में चल रही बहसों या उठ रहे प्रश्नों में भी देख सकते हैं। एक अध्ययन के मुताबिक संसद में उठाए गए सवालों में से महज 3 फीसदी बच्चों से जुड़े थे और जिनमें से 5 फीसदी प्रारंभिक देखभाल और विकास पर केन्द्रित थे जबकि भारत एक ऐसा मुल्क है जहां बच्चों की म्रत्यु दर दुनिया में सबसे अधिक है। यही स्थिति मीडिया की भी है। 

आखिर भूख जैसी सेक्युलर समस्या को लेकर मीडिया या प्रबुद्ध जनों के विराट मौन को कैसे समझा जा सकता है। निश्चित ही इसके कई कारण तलाशे जा सकते हैं, मगर इसका सबसे प्रमुख कारण ऊंची जातियों द्वारा राष्ट्रीय आख्यान पर किया गया कब्जा दिखता है। भारत के सामने विकराल होती स्वास्थ्य समस्या हो, मगर उसकी अनोखी जाति व्यवस्था की उपस्थिति यह सुनिश्चित करती है कि ऊंची जातियों के लोग इससे अछूते रह जाते हैं। ‘स्क्रॉल’ पर लिखे अपने आलेख में शोएब दानियाल बताते हैं कि ‘भारत के कमजोर और मरणासन्न बच्चों का विशाल बहुमत आदिवासी, दलितों और शूद्र जातियों से ताल्लुक रखता है। इकोनोमिक एण्ड पोलिटिकल वीकली में प्रकाशित 2011 के एक अध्ययन के मुताबिक, हिन्दू ऊंची जातियों के तुलना में कम वजन के दलित बच्चे 53 फीसदी अधिक मिलते हैं तो आदिवासी बच्चे 69 फीसदी अधिक हैं।’ फिर इसमें क्या आश्चर्य कि भारत में भूख की समस्या पर इतनी कम चर्चा होती है। 

यह अकारण नहीं कि देश में भूख से होने वाली मौतों को लेकर सरकारें भी गाफिल दिखती हैं। और अपने आधिकारिक जवाब में संसद के पटल पर कह सकती है कि ‘किसी राज्य या केन्द्रशासित प्रदेश के प्रशासन ने ऐसी घटनाओं के बारे में उसे सूचित नहीं किया’’ और खुलेआम अपनी तमाम योजनाओं के बखान में जुट सकती है कि किस तरह वह सस्ते दरों पर गरीबों, वंचितों को अनाज पहुंचाने में मुब्तिला है। पिछली लोकसभा में संसद के पटल पर यही हुआ जब ग्राहक मामलों, अन्न और सार्वजनिक वितरण मामलों के केन्द्रीय राज्यमंत्राी जनाब सी आर चौधरी से यह तारांकित प्रश्न पूछा गया था।


इसमें कोई दोराय नहीं कि भारत के कर्णधार इस सच्चाई से जरूर वाकीफ होंगे कि दुनिया में भूख की समस्या विकराल होती जा रही है और 21वीं सदी में आर्थिक महाशक्ति बनने का इरादा रखनेवाला भारत भी इसका अपवाद नहीं है। अध्ययन बताते हैं कि किस तरह हर साल पचास लाख बच्चे कुपोषण से कालकवलित होते हैं, किस तरह गरीब मुल्कों के दस में से चार बच्चे उसी के चलते कमजोर शरीरों और दिमागों के साथ बड़े होते जाते हैं। हर साल जारी होने वाले ग्लोबल हंगर इंडेक्स अर्थात वैश्विक भूख सूचकांक के आंकड़े भारत की बद से बदतर होती स्थिति को ही रेखांकित करते रहे हैं। अगर 2018 में 119 मुल्कों की कतार में वह103 नम्बर पर स्थित था तो 2017 में यही आंकड़ा 97 पर था। 

मुमकिन है अपनी असफलता छिपाने के लिए वह आइंदा ऐसे तर्क भी देने लगें कि जब दुनिया के बड़े बड़े मुल्क इस चुनौती से निजात नहीं पा रहे हैं, तो अपने जैसे देश की कहां गिनती होगी। 

अन्त में, आज से ठीक पचहत्तर साल पहले भारतीय जन नाट्य संघ (इप्टा) के तहत चले देशव्यापी अभियान का शीर्षक था ‘भूखा है बंगाल’। इसके तहत पूरे देश के अग्रणी कलाकारों ने दूसरे विश्वयुद्ध के दौरान पड़े भयानक अकाल में मरते बंगाल की दास्तां घर घर पहुंचायी थी। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक जिसमें लगभग 25 लाख लोग कालकवलित हुए थे।

इसे विडम्बना ही कहा जाना चाहिए कि आज़ाद हिन्दोस्तां में आज भी भूख से मरते लोगों की दास्तां घर घर पहुंचाने के लिए ऐसी कोई मुहिम फिलवक्त़ नज़र नहीं आ रही है। निश्चित ही यह मौतें उस तरह नहीं सामने आ रही हों, जैसे भूखे बंगाल में सामने आयीं थी, मगर यह मौतें ऐसी मौतें अवश्य हैं जिनसे बचा जा सकता है। इस अभियान का एक गीत पूरे देश में चर्चित हुआ था:

पूरब देस में डुग्गी बाजी, फैला दुख का जाल
दुख की अग्नि कौन बुझाए, सूख गए सब ताल
जिन हाथों ने मोती रोले, आज वही कंगाल
रे साथी, आज वही कंगाल
भूखा है बंगाल रे साथी, भूखा है बंगाल.
 

इसे भी पढ़ें : झारखंड विधान सभा चुनाव 2019 : भूख से मरनेवालों की बढ़ती कतार !

ramcharan munda
Global Hunger Index
Hunger Crisis
india ranking in hunger index
malnutrition in children
Death by malnutrition
malnutrition in India
child malnutrition

Related Stories

ग़रीब जनता के लिए राशन, काम और नक़दी की मांग को लेकर सीपीएम का देशव्यापी प्रदर्शन

कोलंबिया : भुखमरी और सरकार के रवैये के ख़िलाफ़ जनता एकजुट


बाकी खबरें

  • channi or kejri
    शिव इंदर सिंह
    चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव नतीजों का पंजाब विधानसभा चुनाव पर कितना असर?
    03 Jan 2022
    पहली बार चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव लड़ने वाली आम आदमी पार्टी भले ही स्पष्ट बहुमत नहीं ले पाई, पर सब से अधिक सीटें जीतने के कारण वह अति उत्साहित है। आप के नेता इन नतीजों को पंजाब विधान सभा चुनाव की पहली…
  • ulfa
    भाषा
    उल्फा के वार्ता समर्थक गुट ने शांति वार्ता को लेकर केन्द्र सरकार की ‘‘ईमानदारी’’ पर उठाया सवाल
    03 Jan 2022
    वार्ताकार समर्थक वरिष्ठ उल्फा नेता मृणाल हजारिका ने कहा, ‘‘ सरकार में ईमानदारी की कमी नजर आ रही है। मनमोहन सिंह के कार्यकाल में वार्ता लगभग पूरी हो चुकी थी और अंतिम चरण में पहुंच गई थी, लेकिन नरेंद्र…
  • haryana
    मुकुंद झा
    हरियाणा का डाडम पहाड़ी हादसाः"मुनाफे की हवस में गई मज़दूरों की जान"
    03 Jan 2022
    एक जनवरी की सुबह भिवानी जिले के तोशाम इलाक़े में डाडम पहाड़ी में खनन के दौरान हुए हादसे में 5 मज़दूरों की जान चली गयी वहीं कुछ और लोगों के फंसे होने की संभावना है। रेस्क्यू आज तीसरे दिन भी जारी है।
  • Siliguri
    संदीप चक्रवर्ती
    सिलीगुड़ी नगर निगम चुनाव : सीपीआईएम अपना रिकॉर्ड बरक़रार रखने को तैयार
    03 Jan 2022
    पश्चिम बंगाल में एसएमसी एकमात्र शहरी निकाय है जिस पर माकपा का शासन है।
  • books
    आईसीएफ़
    2021 : महिलाओं ने की लेखन, कविता, फ़्री स्पीच और राजनीति पर बात
    03 Jan 2022
    स्वतंत्र शोधकर्ता, लेखिका और महिला अधिकार कार्यकर्ता सहबा हुसैन के साथ इस बातचीत में ग़ज़ाला वहाब अपनी नई किताब और एक मुस्लिम के तौर पर जन्म लेने के बारे में बात कर रही हैं।
  • Load More
सब्सक्राइब करें
हमसे जुडे
हमारे बारे में
हमसे संपर्क करें

CC BY-NC-ND This work is licensed under a Creative Commons Attribution-NonCommercial-NoDerivatives 4.0 International License