दिल्ली के तुर्कमान गेट पर गुरुवार को नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) और एनआरसी (एनआरसी) के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे करीब 7 लोगों को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में भी ले लिया।
दिल्ली के तुर्कमान गेट पर गुरुवार को नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) और एनआरसी (एनआरसी) के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों को पुलिस ने हटा दिया। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल थीं। इस दौरान पुलिस ने करीब 7 लोगों को हिरासत में भी ले लिया। हिरासत में लिए गए लोगों को राजेंद्र नगर पुलिस स्टेशन ले जाया गया। हालांकि युवा वकीलों की एक टीम पुलिस स्टेशन पहुंचकर इन लोगों को छुड़ाने का प्रयास कर रही है।
इससे पहले प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि उनके साथ पुलिस ने दुर्व्यवहार किया और उनके टेंट वगैरह उखाड़ दिए। आपको बता दें कि शाहीन बाग में महिलाओं द्वारा किए जा रहे प्रदर्शन से प्रेरित होकर करीब 300 महिलाएं गत सोमवार से तुर्कमान गेट पर धरने पर बैठी हुई थी। इसमें स्थानीय लोग, सामाजिक कार्यकर्ता और छात्र भी शामिल थे।
आपको बता दें कि नागरिकता क़ानून के ख़िलाफ़ हो रहा यह आंदोलन अब सिर्फ शाहीन बाग़, जामिया या फिर तुर्कमान गेट तक सीमित नहीं है। दिल्ली के अन्य इलाक़ों में भी इसका असर दिख रहा है। ऐसा ही प्रदर्शन खुरेजी और शास्त्री पार्क में भी हुआ है।
इसके अलावा पटना, इलाहाबाद और कोटा जैसे कई अन्य शहरों में शाहीन बाग की तर्ज पर प्रदर्शन हो रहे हैं।