नयी दिल्ली: यूक्रेन में भारतीय छात्रों के लिए संकट बेहद बढ़ गया है। कल तक उनकी जान के ख़तरे की जताई जा रही आशंका आज हक़ीकत में बदल गई। युद्ध प्रभावित यूक्रेन के खारकीव शहर में मंगलवार सुबह गोलाबारी में एक भारतीय छात्र की मौत हो गई। विदेश मंत्रालय ने यह जानकारी दी।
छात्र का नाम नाम नवीन शेखरप्पा है। वह कर्नाटक के रहने वाले थे।
मंत्रालय ने ट्वीट किया, "अत्यंत दुख के साथ हम पुष्टि करते हैं कि आज सुबह खारकीव में गोलाबारी में एक भारतीय छात्र की जान चली गई।"
मंत्रालय ने कहा कि वह छात्र के परिवार के संपर्क में है। इसने कहा, "हम परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं।"
इसके अलावा विदेश सचिव ने भारतीय नागरिक जो अभी भी खार्किव और अन्य संघर्ष क्षेत्रों में शहरों में हैं, उनके लिए तत्काल सुरक्षित मार्ग की मांग को दोहराने के लिए रूस और यूक्रेन के राजदूतों को बुलाया है। इसी तरह के प्रयास रूस और यूक्रेन में हमारे राजदूतों द्वारा भी किए जा रहे हैं।
(समाचार एजेंसी भाषा के इनपुट के साथ)
इसे भी पढ़ें : यूक्रेन संकट, भारतीय छात्र और मानवीय सहायता