NewsClick

NewsClick
  • English
  • राजनीति
  • अर्थव्यवस्था
  • विज्ञान
  • संस्कृति
  • भारत
  • अंतरराष्ट्रीय
  • हमारे लेख
  • हमारे वीडियो
search
menu

सदस्यता लें, समर्थन करें

image/svg+xml
  • सारे लेख
  • न्यूज़क्लिक लेख
  • सारे वीडियो
  • न्यूज़क्लिक वीडियो
  • राजनीति
  • अर्थव्यवस्था
  • विज्ञान
  • संस्कृति
  • भारत
  • अंतरराष्ट्रीय
  • अफ्रीका
  • लैटिन अमेरिका
  • फिलिस्तीन
  • नेपाल
  • पाकिस्तान
  • श्री लंका
  • अमेरिका
  • एशिया के बाकी
हमारे बारे में
हमसे संपर्क करें
सब्सक्राइब करें
हमारा अनुसरण करो Facebook - Newsclick Twitter - Newsclick RSS - Newsclick
close menu
राजनीति
अंतरराष्ट्रीय
रूस-यूक्रेन अपडेट: कीव में सड़कों पर घमासान,लोगों से शरण लेने की अपील
रूसी सैनिकों ने शनिवार तड़के यूक्रेन की राजधानी कीव में प्रवेश किया और सड़कों पर घमासान शुरू हो गया है, जबकि स्थानीय अधिकारियों ने लोगों से छुप जाने की अपील की है। इस बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से बात की, संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में राजनीतिक समर्थन मांगा, हालांकि भारत सुरक्षा परिषद में रूस के खिलाफ मतदान से दूर रहा।
एपी/भाषा
26 Feb 2022
ukraine

मास्को/कीव: रूस की सेना ने कहा है कि उसने यूक्रेन के सैन्य ठिकानों पर क्रूज मिसाइलों से हमला किया है।

रूसी रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता मेजर जनरल इगोर कोनाशेनकोव ने शनिवार को कहा कि सेना ने लंबी दूरी की कलिब्र क्रूज मिसाइलों से कई यूक्रेनी सैन्य प्रतिष्ठानों पर हमला किया।

उन्होंने कहा कि बृहस्पतिवार को रूस के हमले की शुरुआत के बाद से सेना ने यूक्रेन के 821 सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है, जिसमें 14 हवाई अड्डे और 19 सैन्य कमान केंद्र भी शामिल हैं। इसके साथ ही 24 वायु रक्षा मिसाइल प्रणाली, 48 रडार, सात युद्धक विमान, सात हेलीकॉप्टर, नौ ड्रोन, 87 टैंक और आठ सैन्य जहाजों को नष्ट कर दिया है।

कोनाशेनकोव ने यह नहीं बताया कि यूक्रेन के कितने सैनिक मारे गए और रूसी पक्ष में किसी के हताहत होने का भी उल्लेख नहीं किया। यूक्रेन ने भी दावा किया है कि उसकी सेना ने हजारों रूसी सैनिकों को मार डाला है। दोनों देशों में से किसी के दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो पाई है।

कोनाशेनकोव ने दावा किया कि रूसी सेना ने अजोव सागर तट से लगभग 35 किलोमीटर दूर दक्षिणी शहर मेलितोपोल पर पूर्ण नियंत्रण कर लिया है और कहा कि रूस समर्थित अलगाववादियों ने डोनबास के पूर्वी क्षेत्र में महत्वपूर्ण बढ़त बना ली है।

यूक्रेन की राजधानी कीव, अन्य जगहों पर भीषण संघर्ष

यूक्रेन के राष्ट्रपति के एक सलाहकार का कहना है कि राजधानी और देश के दक्षिण में लड़ाई चल रही है और यूक्रेनी सेना सफलतापूर्वक रूसी हमलों का सामना कर रही है।

राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के सलाहकार मिखाइलो पोदोलिक ने शनिवार को कहा कि रूसी सेना के छोटे समूहों ने कीव में घुसपैठ करने की कोशिश की और यूक्रेनी सैनिकों के साथ उनकी मुठभेड़ हुई। उन्होंने कहा कि रूस कीव पर कब्जा करना चाहता है और देश के नेतृत्व को नष्ट करना चाहता है लेकिन रूसी सेना कोई बढ़त हासिल करने में विफल रही है और कीव में स्थिति यूक्रेनी सेना के नियंत्रण में है। 

उन्होंने कहा कि रूसी सेना देश के दक्षिण पर भी ध्यान केंद्रित कर रही थी, जहां क्रीमिया के उत्तर में खेरसॉन में और काला सागर के बंदरगाह शहरों माइकोलेव, ओडेसा तथा मारियूपोल में भीषण लड़ाई जारी है। 

उन्होंने कहा कि रूस दक्षिण पर कब्जा करने को प्राथमिकता मानता है लेकिन वह कोई खास बढ़त हासिल करने में नाकाम रहा है।
 
कीव में सड़कों पर घमासान शुरू, लोगों से शरण लेने की अपील

रूसी सैनिकों ने शनिवार तड़के यूक्रेन की राजधानी कीव में प्रवेश किया और सड़कों पर घमासान शुरू हो गया है, जबकि स्थानीय अधिकारियों ने लोगों से छुप जाने की अपील की है। इस बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति ने वहां से निकल जाने के अमेरिकी प्रस्ताव को मानने से इनकार कर दिया है तथा जोर देकर कहा है कि वह राजधानी में ही रुकेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘यहां जंग जारी है।’’

दो दिनों के घमासान के बाद हुई झड़पों में सैकड़ों लोग हताहत हुए हैं और पुलों, विद्यालयों और अपार्टमेंट की इमारतों को भारी नुकसान हुआ है। अमेरिकी अधिकारियों का मानना है कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन यूक्रेन की सरकार को उखाड़ फेंकने और इसे अपने शासन के अधीन करने को कृतसंकल्प हैं।

यह हमला दुनिया का नया नक्शा खींचने और मॉस्को के शीत युद्ध काल के प्रभाव को पुनर्जीवित करने के लिए पुतिन के सबसे साहसिक प्रयास का प्रतिनिधित्व करता है। इसके परिणामस्वरूप, इस आक्रमण को समाप्त करने के लिए नए अंतरराष्ट्रीय प्रयास शुरू हुए हैं, जिनमें पुतिन पर सीधे तौर पर प्रतिबंध भी शामिल हैं। 

विस्फोटों और बंदूकों की आवाज से दहल रहे कीव का भविष्य अधर में है। इस बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लोदोमीर जेलेंस्की ने संघर्षविराम की अपील की तथा अपने बयान में चेतावनी दी कि देश के कई शहरों पर हमले किये जा रहे हैं। 

एक वरिष्ठ अमेरिकी खुफिया अधिकारी के अनुसार अमेरिकी प्रशासन की ओर से जेलेंस्की को कीव से निकल जाने की सलाह दी गयी है, लेकिन उन्होंने इसे ठुकरा दिया है। अधिकारी इस मामले से सीधे तौर पर जुड़े हैं। अधिकारी ने यूक्रेन के राष्ट्रपति को उद्धृत किया, ‘‘युद्ध जारी है और उन्हें तोप-रोधी गोला-बारूद चाहिए न कि भाग निकलने की सलाह।’’

इस बीच कीव के अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे कहीं पनाह ले लें। खिड़कियों से दूर रहें और उड़ते हुए मलबों एवं गोलियों से बचने के लिए सावधानी बरतें।

क्रेमलिन ने कीव के बातचीत के प्रस्ताव को मंजूर किया है, लेकिन ऐसा प्रतीत होता है कि यह राजनयिक समाधान के बजाय उलझे जेलेंस्की को दबाव में लाकर विवश करना है। 

रूसी सेना ने शुक्रवार को दक्षिणी यूक्रेन के मेलितोपोल शहर पर अपना दावा करते हुए आगे बढ़ना जारी रखा। फिर भी, युद्ध में यह स्पष्ट नहीं था कि यूक्रेन का कितना हिस्सा अभी भी यूक्रेनी नियंत्रण में है और कितना या कौन सा हिस्सा रूसी सेना ने कब्जा कर लिया है।
 
कीव में एक रिहायशी इमारत पर मिसाइल हमला : मेयर

यूक्रेन की राजधानी कीव के मेयर ने कहा कि एक मिसाइल ने एक रिहायशी इमारत को निशाना बनाया, लेकिन अभी किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

कीव के मेयर विताली क्लित्शको ने कहा कि शनिवार को झुलियानी हवाईअड्डे के समीप कीव के बाहरी दक्षिणपश्चिमी इलाकों पर एक ऊंची इमारत पर मिसाइल गिरी। उन्होंने बताया कि बचाव कर्मी घटनास्थल की ओर जा रहे हैं।

उन्होंने एक मैसेजिंग ऐप पर एक तस्वीर पोस्ट की जिसमें इमारत के एक तरफ छेद दिख रहा है। अपार्टमेंट की कई ईकाइयों और दुकानों में हुई बर्बादी तस्वीर में साफ दिख रही थी।

रूसी सेना का यूक्रेन की राजधानी पर हमला जारी है और वे कई दिशाओं से शहर की ओर बढ़ने की कोशिश कर रही है। रूस ने यूक्रेन पर बृहस्पतिवार को हमला शुरू किया था।
 
पोदोलिक ने एक ब्रीफिंग में कहा, “…यूक्रेन जीत रहा है।”

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने नए सिरे से आश्वासन दिया है कि देश की सेना रूसी आक्रमण का मुकाबला करेगी।

कीव शहर में सड़क पर रिकॉर्ड किए गए एक वीडियो में जेलेंस्की ने कहा कि उन्होंने शहर नहीं छोड़ा है और उन दावों को खारिज किया कि यूक्रेन की सेना अपने हथियार डाल देगी।

उन्होंने कहा, “हम देश की रक्षा करेंगे। हमारा हथियार हमारा सच है, और हमारी सच्चाई यह है कि यह हमारी जमीन है, हमारा देश है, हमारे बच्चे हैं। और हम उस सबका बचाव करेंगे।”
 
कीव के अधिकारी नागरिकों से कर रहे हैं सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील

कीव के अधिकारी निवासियों को आगाह कर रहे हैं कि रूसी सैनिकों के साथ सड़कों पर लड़ाई चल रही है, इसलिए वे खुले में नहीं आएं और सुरक्षित स्थानों पर रहें। 

शनिवार को जारी परामर्श में निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर रहने और खिड़कियों के समीप अथवा बालकनी में नहीं जाने को कहा गया है। साथ ही निवासियों को ध्यान रखने को कहा है कि कहीं वे मलबे और गोलियों की ज़द में नहीं आ जाएं।

यूक्रेनी सेना ने कहा कि एक सैन्य इकाई के निकट लड़ाई चल रही है। कीव के मेयर विताले क्लिश्को ने कहा कि तेज धमाकों से एक प्रमुख ऊर्जा संयंत्र के निकट का स्थान दहल गया।

तोक्यो: पनामा में पंजीकृत जापानी कंपनी के स्वामित्व वाला एक मालवाहक पोत यूक्रेन के दक्षिणी तट के निकट गोलीबारी की चपेट में आ गया। इसमें चालक दल का एक सदस्य मामूली रूप से घायल हो गया।

पोत के मालिक और मीडिया की खबरों में यह जानकारी दी गयी। पोत के मालिक निक्को किसेन केके ने खबरों की पुष्टि की है।
       
सियोल: दक्षिण कोरिया के विदेश मंत्री चुंग ई योंग ने अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन से रूस-यूक्रेन संकट पर बातचीत की। 

दक्षिण कोरियाई विदेश मंत्रालय ने कहा कि चुंग और ब्लिंकन ने यूक्रेन पर रूस के हमले के खिलाफ सहयोगियों की ‘‘कड़ी निंदा’’ दोहराई और रूस से इसे तत्काल रोकने की मांग की। 

मंत्रालय ने कहा कि ब्लिंकन ने दक्षिण कोरिया के समर्थन के लिए उसका आभार व्यक्त किया।
       
अमेरिका ने पुतिन, रूसी विदेश मंत्री लावरोव पर प्रतिबंध लगाए

वाशिंगटन: अमेरिका ने एक असाधारण कदम उठाते हुए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और विदेश मंत्री सर्गेइ लावरोव पर प्रतिबंध लगाए और उन्हें यूक्रेन पर ‘‘बिना उकसावे के और गैरकानूनी रूप से’’ हमला करने के लिए ‘‘सीधे तौर पर जिम्मेदार’’ ठहराया।

अमेरिका के वित्त विभाग ने एक बयान में कहा कि अमेरिका के ये ताजा प्रतिबंध उन कार्रवाइयों से संबद्ध हैं जिसके तहत अमेरिका और उसके साझेदारों ने इस सप्ताह मॉस्को के सबसे बड़े वित्तीय संस्थानों के खिलाफ प्रतिबंधों समेत रूस की वित्तीय प्रणाली के अहम ढांचे को निशाना बनाया था।

शुक्रवार को जारी बयान के अनुसार, अमेरिका ने अपने सहयोगियों तथा साझेदारों के साथ मिलकर पुतिन तथा लावरोव पर प्रतिबंध लगाकर यूक्रेन पर रूस द्वारा ‘‘अनुचित, बिना उकसावे के और पूर्व नियोजित’’ हमले की बलपूर्वक प्रतिक्रिया देना जारी रखा है। रूस की सुरक्षा परिषद के अन्य सदस्यों पर भी प्रतिबंध लगाए गए हैं।

इसमें कहा गया है कि पुतिन और लावरोव ‘‘लोकतांत्रिक रूप से संप्रभु देश यूक्रेन पर रूस द्वारा बिना उकसावे के और गैरकानूनी तरीके से हमला करने के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार’’ हैं।

वित्त विभाग का किसी देश के प्रमुख पर प्रतिबंध लगाना बेहद दुर्लभ मामला है। बयान में कहा गया है, ‘‘इसके साथ ही राष्ट्रपति पुतिन उत्तर कोरिया के किम जोंग उन जैसे तानाशाह समेत बेलारूस के राष्ट्रपति एलेक्जेंडर लुकाशेंका और सीरियाई राष्ट्रपति बशर अल असद के छोटे से समूह में शामिल हो गए हैं।’’

इसके अलावा अमेरिका ने रूस के रक्षा मंत्री सर्गेइ शोइगु और रूसी सशस्त्र बलों के चीफ ऑफ जनरल स्टाफ, प्रथम रक्षा उपमंत्री और सेना के जनरल वैलरी गेरासिमोव पर भी प्रतिबंध लगाए। वित्त विभाग ने इससे पहले रूसी सुरक्षा परिषद के 11 सदस्यों पर भी प्रतिबंध लगाए थे।

व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव जेन साकी ने अपने नियमित संवाददाता सम्मेलन में पत्रकारों से कहा कि राष्ट्रपति जो बाइडन ने पुतिन और यूक्रेन पर उनके आक्रमण के खिलाफ खड़े होने के लिए एक वैश्विक गठबंधन बनाया है। 

वित्त मंत्री जेनेट एल येलेन ने कहा कि अमेरिका विश्व मंच पर अपने वीभत्स बर्ताव के लिए रूस पर और प्रतिबंध लगाने के लिए तैयार है।

वहीं, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने शुक्रवार को उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) के सदस्य देशों के नेताओं से कहा कि यूक्रेन पर रूस द्वारा हमला करने के लिए, उनका देश शीघ्र ही रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव पर प्रत्यक्ष प्रतिबंध लगाएगा। यूरोपीय संघ ने कहा कि वह पुतिन की संपत्तियों को जब्त (फ्रीज) करेगा।
स्विफ्ट अंतरराष्ट्रीय भुगतान प्रणाली से रूस को अलग करने के पक्ष में इटली

रोम: इटली के प्रधानमंत्री मारियो द्रागी ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदीमीर जेलेंस्की को फोन करके स्पष्ट किया है कि इटली सरकार स्विफ्ट अंतरराष्ट्रीय भुगतान प्रणाली से रूस को अलग करने के किसी भी कदम का समर्थन करती है।

एक दिन पहले, इटली के वित्त मंत्री ने संदेह जताया था कि इटली इस तरह के फैसले के साथ जाएगा, क्योंकि इससे प्राकृतिक गैस के लिए रूस को भुगतान जटिल हो जाएगा। इटली को देश की जरूरत की लगभग 45 प्रतिशत गैस रूस से प्राप्त होती है।

प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा कि द्रागी ने जेलेंस्की को बताया कि ‘‘इटली यूक्रेन को अपनी रक्षा के लिए सहायता प्रदान करेगा।’’ सहायता के बारे में जानकारी नहीं दी गई है।

पेरिस : फ्रांस के अधिकारियों ने कहा है कि इंग्लिश चैनल क्षेत्र में गश्त कर रहे नौसैनिकों ने रूसी झंडा लगे एक मालवाहक जहाज को रोक दिया और उसे जांच के लिए बोलोग्ने-सुर-मेर बंदरगाह तक ले गए हैं।

रूस के खिलाफ कुछ दिन पहले लगाए गए वित्तीय प्रतिबंधों के कारण शनिवार तड़के कारों को ले जा रहे मालवाहक जहाज के खिलाफ कार्रवाई की गई। मैरीटाइम की प्रवक्ता वेरोनिक मैगिन ने कहा कि यह इंग्लिश चैनल में इस तरह की पहली कार्रवाई है।

मैगिन ने बताया कि लगभग 130 मीटर लंबा जहाज नॉरमैंडी में रूएन से सेंट पीटर्सबर्ग की ओर जा रहा था और होनफ्लूर के पास रोक दिया गया। उन्होंने कहा कि फ्रांस सरकार ने समुद्री अधिकारियों को प्रतिबंधों का उल्लंघन करने वाले संदिग्ध जहाजों को रोकने की शक्ति दी है।
 
रूस के ख़िलाफ़ मतदान से दूर रहा भारत

रूस ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के उस प्रस्ताव पर वीटो कर दिया है जिसमें मॉस्को से यूक्रेन पर हमला रोकने और सभी सैनिकों को वापस बुलाने की मांग की गयी है।

अमेरिका और उसके समर्थक जानते थे कि यह प्रस्ताव विफल हो जाएगा लेकिन उन्होंने दलील दी कि इससे रूस अंतरराष्ट्रीय रूप से अलग-थलग पड़ेगा।

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में शुक्रवार को इस प्रस्ताव के पक्ष में 11 और विपक्ष में एक मत पड़ा। चीन, भारत और संयुक्त अरब अमीरात मतदान से दूर रहे।

ukraine
Russia
Russia-Ukraine crisis
Russia-Ukraine update

Related Stories

बाइडेन ने यूक्रेन पर अपने नैरेटिव में किया बदलाव

डेनमार्क: प्रगतिशील ताकतों का आगामी यूरोपीय संघ के सैन्य गठबंधन से बाहर बने रहने पर जनमत संग्रह में ‘न’ के पक्ष में वोट का आह्वान

रूसी तेल आयात पर प्रतिबंध लगाने के समझौते पर पहुंचा यूरोपीय संघ

यूक्रेन: यूरोप द्वारा रूस पर प्रतिबंध लगाना इसलिए आसान नहीं है! 

पश्चिम बैन हटाए तो रूस वैश्विक खाद्य संकट कम करने में मदद करेगा: पुतिन

और फिर अचानक कोई साम्राज्य नहीं बचा था

हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शक्ति संतुलन में हो रहा क्रांतिकारी बदलाव

90 दिनों के युद्ध के बाद का क्या हैं यूक्रेन के हालात

यूक्रेन युद्ध से पैदा हुई खाद्य असुरक्षा से बढ़ रही वार्ता की ज़रूरत

खाड़ी में पुरानी रणनीतियों की ओर लौट रहा बाइडन प्रशासन


बाकी खबरें

  • न्यूज़क्लिक रिपोर्ट
    दिल्ली उच्च न्यायालय ने क़ुतुब मीनार परिसर के पास मस्जिद में नमाज़ रोकने के ख़िलाफ़ याचिका को तत्काल सूचीबद्ध करने से इनकार किया
    06 Jun 2022
    वक्फ की ओर से प्रस्तुत अधिवक्ता ने कोर्ट को बताया कि यह एक जीवंत मस्जिद है, जो कि एक राजपत्रित वक्फ संपत्ति भी है, जहां लोग नियमित रूप से नमाज अदा कर रहे थे। हालांकि, अचानक 15 मई को भारतीय पुरातत्व…
  • भाषा
    उत्तरकाशी हादसा: मध्य प्रदेश के 26 श्रद्धालुओं की मौत,  वायुसेना के विमान से पहुंचाए जाएंगे मृतकों के शव
    06 Jun 2022
    घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शिवराज ने कहा कि मृतकों के शव जल्दी उनके घर पहुंचाने के लिए उन्होंने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से वायुसेना का विमान उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था, जो स्वीकार कर लिया…
  • न्यूज़क्लिक रिपोर्ट
    आजमगढ़ उप-चुनाव: भाजपा के निरहुआ के सामने होंगे धर्मेंद्र यादव
    06 Jun 2022
    23 जून को उपचुनाव होने हैं, ऐसे में तमाम नामों की अटकलों के बाद समाजवादी पार्टी ने धर्मेंद्र यादव पर फाइनल मुहर लगा दी है। वहीं धर्मेंद्र के सामने भोजपुरी सुपरस्टार भाजपा के टिकट पर मैदान में हैं।
  • भाषा
    ब्रिटेन के प्रधानमंत्री जॉनसन ‘पार्टीगेट’ मामले को लेकर अविश्वास प्रस्ताव का करेंगे सामना
    06 Jun 2022
    समिति द्वारा प्राप्त अविश्वास संबंधी पत्रों के प्रभारी सर ग्राहम ब्रैडी ने बताया कि ‘टोरी’ संसदीय दल के 54 सांसद (15 प्रतिशत) इसकी मांग कर रहे हैं और सोमवार शाम ‘हाउस ऑफ कॉमन्स’ में इसे रखा जाएगा।
  • न्यूज़क्लिक रिपोर्ट
    कोरोना अपडेट: देश में कोरोना ने फिर पकड़ी रफ़्तार, 24 घंटों में 4,518 दर्ज़ किए गए 
    06 Jun 2022
    देश में कोरोना के मामलों में आज क़रीब 6 फ़ीसदी की बढ़ोतरी हुई है और क़रीब ढाई महीने बाद एक्टिव मामलों की संख्या बढ़कर 25 हज़ार से ज़्यादा 25,782 हो गयी है।
  • Load More
सब्सक्राइब करें
हमसे जुडे
हमारे बारे में
हमसे संपर्क करें

CC BY-NC-ND This work is licensed under a Creative Commons Attribution-NonCommercial-NoDerivatives 4.0 International License