NewsClick

NewsClick
  • English
  • राजनीति
  • अर्थव्यवस्था
  • विज्ञान
  • संस्कृति
  • भारत
  • अंतरराष्ट्रीय
  • हमारे लेख
  • हमारे वीडियो
search
menu

सदस्यता लें, समर्थन करें

image/svg+xml
  • सारे लेख
  • न्यूज़क्लिक लेख
  • सारे वीडियो
  • न्यूज़क्लिक वीडियो
  • राजनीति
  • अर्थव्यवस्था
  • विज्ञान
  • संस्कृति
  • भारत
  • अंतरराष्ट्रीय
  • अफ्रीका
  • लैटिन अमेरिका
  • फिलिस्तीन
  • नेपाल
  • पाकिस्तान
  • श्री लंका
  • अमेरिका
  • एशिया के बाकी
हमारे बारे में
हमसे संपर्क करें
सब्सक्राइब करें
हमारा अनुसरण करो Facebook - Newsclick Twitter - Newsclick RSS - Newsclick
close menu
आंदोलन
नज़रिया
स्वास्थ्य
भारत
राजनीति
रुख़ से उनके रफ़्ता-रफ़्ता परदा उतरता जाए है
बीजेपी अपनी केंद्र सरकार और गोदी मीडिया के सहयोग से ऐसा भ्रम रच सकती है जिसमें गैर बीजपी शासित राज्य में एक गाय या हथिनी की मौत भी राष्ट्रीय दुख बन सकती है और बीजेपी शासित राज्य में सरकारी गौशाला में सैकड़ों गायों की मौत, सड़क चलते निर्दोष इंसानों की मॉब लिंचिंग तक हेडलाइन ख़बर नहीं बनती।
मुकुल सरल
10 Sep 2020
Kurukshetra
केंद्र सरकार के  कृषि अध्यादेशों के ख़िलाफ़ कुरुक्षेत्र में सड़क पर उतरे किसान

ये कितना दुखद है कि आज जब हमें कोरोना के प्रतिदिन एक लाख के करीब पहुंच रहे नये मामलों पर चिंता और चर्चा करनी चाहिए, जीडीपी में करीब 24 फीसदी की गिरावट और बेरोज़गारी के संकट पर बात करनी चाहिए, हमारा तथाकथित मुख्यधारा का मीडिया सत्ता के इशारे पर कभी सुशांत-रिया मामले को न केवल प्राइम टाइम न्यूज़ बनाता है, बल्कि 24 घंटे उसका प्रसारण करता है और कभी कंगना रनौत को लेकर हाय-हल्ला मचाता है। और हमें भी न चाहते हुए उस पर प्रतिक्रिया देनी पड़ती है।

कल, 9 सितंबर को जिस समय टेलीविज़न चैनल कंगना अब यहां से चलीं, अब वहां से चलीं, अब मंदिर में गईं, अब विमान में बैठीं, अब विमान से उतरी ख़बरों का लाइव प्रसारण कर रहे थे, उसी समय केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय अपने आंकड़े जारी कर बता रहा था कि पिछले 24 घंटों में कोरोना के 89,706 नए मामले सामने आए हैं। आज गुरुवार, 10 सितंबर को भी जब कंगना ही कंगना टेलीविज़न पर छाईं थीं, तब भारत ने पिछले 24 घंटो में कोरोना के अब तक के रिकॉर्ड 95,735 नए मामले दर्ज कर लिए थे। इसके अलावा एक दिन में 1,172 मरीज़ों की मौत हो गई थी। देश भर में अब सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 9 लाख 19 हज़ार 18 हो गयी है और कुल मामलों की संख्या 44 लाख 65 हज़ार 863.

india_8.JPG

बीजेपी और उसके आलाकमान मोदी-शाह की दो स्पष्ट नीतियां है कि कभी मुद्दे की बात मत करो और जहां उनकी सरकार नहीं है वहां उसे अस्थिर करके अपनी सरकार बना लो। इसके लिए वह किसी भी हद तक जा सकते हैं। इसके लिए वे सत्ता और सरकारी एजेंसियों के दुरुपयोग और गोदी मीडिया के सहयोग से ऐसा भ्रम रच सकते हैं जिसमें गैर बीजपी शासित राज्य में एक गाय या हथिनी की मौत भी राष्ट्रीय दुख बन सकती है और बीजेपी शासित राज्य में सरकारी गौशाला में सैकड़ों गायों की मौत, सड़क चलते निर्दोष इंसानों की मॉब लिंचिंग तक हेडलाइन ख़बर नहीं बनती। एक अभिनेता की आत्महत्या राष्ट्रीय बहस का हिस्सा और देश की टॉप जांच एजेंसियों की पहली चिंता बन सकती है, लेकिन रोज़ी-रोटी से मोहताज़ होकर महानगरों से गांव-घर लौटते मज़दूर-कामगारों की सड़क और रेल लाइनों पर मारे जाने की ख़बर का भी किसी पर असर नहीं पड़ता। ऐसे मज़दूरों के परिवार प्रधानमंत्री के एक ट्वीट को तरस जाते हैं।

इसे पढ़ें :  क्या आज बेरोज़गारी पर बात न करना देश के 135 करोड़ लोगों की अवमानना नहीं है!

यही अभिनेत्री कंगना के मामले में हो रहा है। उनके दफ़्तर को तोड़ा जाना तो राष्ट्रीय ख़बर से भी आगे लगभग राष्ट्रीय संकट बना दिया गया है लेकिन दिल्ली में 48 हज़ार झुग्गी-झोपड़ियों को तोड़े जाने के आदेश से कोई चिंतित या द्रवित नहीं। किसी की आंख गीली नहीं।

इंसाफ़ का तक़ाज़ा तो ये है कि हम हर उस ग़लत बात की आलोचना करें जो हमारे लोकतंत्र और संविधान को कमज़ोर करे। इसलिए किसी भी सरकार द्वारा नियम-कानून को ताक पर रखकर किसी के भी ख़िलाफ़ बदले की मंशा से कार्रवाई करने के तो हम विरोधी हैं और इसी वास्ते कंगना के भी अधिकार की वकालत करेंगे। जैसे हम रिया की मीडिया लिंचिंग के ख़िलाफ़ हैं, उसी तरह कंगना के ख़िलाफ़ इस तरह की मनमानी कार्रवाई पर हमें आपत्ति है, इसके लिए हम सरकार को संविधान में दायरे में रहने और किसी के भी ख़िलाफ़ बदले की कार्रवाई न करने की नसीहत देंगे, लेकिन इसके बरअक्स हम कंगना को न तो स्त्री होने का अतिरिक्त लाभ देंगे और न उनकी अमर्यादित भाषा-शैली और अलोकतांत्रिक कोशिशों का बचाव करेंगे।

इसमें किसी को शक नहीं होना चाहिए कि वे बीजेपी का एक मोहरा हैं और केंद्र की बीजेपी सरकार की ओर से महाराष्ट्र की शिवसेना के नेतृत्व की महा विकास अघाड़ी सरकार को अस्थिर करने की मुहिम का एक हिस्सा। बिल्कुल उसी तरह जैसे सुशांत-रिया केस बीजेपी के लिए बिहार चुनाव प्रभावित करने का एक अभियान है जिसमें रिया को शिकार बनाया गया है। बिहार में बीजेपी के चुनाव अभियान का एक पोस्टर ही उसकी मंशा को साफ़ कर देता है।

IMG-20200910-WA0010.jpg

यहां यह समझना बहुत ज़रूरी है कि राजनीति की बिसात पर कंगना एक मोहरा हैं और रिया एक शिकार। मोहरे और शिकार का फ़र्क़ जानना इस पूरी राजनीति को समझने के लिए बेहद ज़रूरी है।

कंगना सत्ता के एक अनैतिक खेल का हिस्सा हैं इसलिए उसका खामियाज़ा भी उन्हें भुगतना होगा। और सिर्फ़ इतना ही नहीं उनकी भाषा और शैली भी घोर आपत्तिजनक है। जिस तरह के शब्दों और प्रतीकों का वह इस्तेमाल कर रही हैं वो हमारे संविधान के विरुद्ध और देश को उसी नफ़रत की आग में और झुलसाने की कोशिश है जिसमें वह पहले से ही झुलस रहा है।

लेकिन ये भी दिलचस्प है कि जो शिवसेना हमेशा बीजेपी से बढ़कर राष्ट्रवाद और हिन्दुत्व का चैंपियन होने का दावा करती रही है। और इससे पहले बीजेपी से गलबहियां किए हर दूसरे आदमी को राष्ट्रविरोधी और हिन्दू विरोधी होने का सार्टिफिकेट बांटती फिरती थी आज वही बीजेपी और उसके खेमे के हिन्दुत्ववादियों के निशाने पर है। कंगना उसे उन्हीं प्रतीकों के माध्यम से परास्त करने की कोशिश कर रही हैं जो वे दूसरे के लिए खुलेआम प्रयोग करते रहे हैं। कंगना शिवसेना प्रमुख को बाबर और अपने घर-दफ़्तर को राम मंदिर बता रहीं हैं। देश की जनता को बिन मांगे अयोध्या के साथ कश्मीर पर फ़िल्म बनाने का वचन दे रहीं हैं। कोई शिवसैनिक कभी सोच भी नहीं सकता था कि कोई उन्हें उन्हीं के हथियारों से ज़ख़्मी करेगा।

ख़ैर सत्ता के सारे भेद जनता के सामने धीरे-धीरे खुल ही जाएंगे। सारे तिलिस्म एक-एक कर टूट जाएंगे। और टूट भी रहे हैं, तभी तो जनता अब सत्ता को उसी की भाषा और उसी के औज़ारों/हथियारों से जवाब दे रही है। आपको मालूम ही है कि अभी हमारे ‘लोकप्रिय’ प्रधानमंत्री के ‘अति लोकप्रिय’ ‘मन की बात’ कार्यक्रम का क्या हश्र हुआ। हर सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर उसे लाइक से ज़्यादा डिस्लाइक मिले। लोगों ने पसंद से ज़्यादा नापसंदगी ज़ाहिर की और तीखे कमेंट्स किए। इसी तरह नीतीश कुमार की पहली वर्चुअल रैली के साथ भी हुआ।

यही नहीं देश के युवाओं ने अभी 5 सितंबर को ताली-थाली बजाकर बेरोज़गारी को लेकर अपनी नाराज़गी ज़ाहिर की और रोज़गार की मांग की। इसी तरह 9 सितंबर को रात 9 बजे 9 मिनट के लिए घर की बत्ती बंद कर दिया-बाती की रौशनी करके युवाओं ने अपना विरोध जताया।

119006941_3280799415331217_7765186735378962329_n.jpg

इसे पढ़ें : बेरोजगारी के खिलाफ #9बजे9मिनट कैंपेन को मिला व्यापक जनसमर्थन

इसी तरह 5 सितंबर को ही देशभर में 500 से ज़्यादा महिला और मानवाधिकार संगठनों ने ‘हम अगर उट्ठे नहीं’ के नारे के साथ सरकार की जनविरोधी नीतियों के विरुद्ध अपनी मुहिम छेड़ी। इसी तरह किसानों, मज़दूरों और कर्मचारियों के भी आंदोलन हो रहे हैं। जो सरकार की नीतियों के चलते आने वाले दिनों में निश्चित तौर पर और तेज़ होंगे। इसका उदाहरण आज कुरुक्षेत्र में किसानों का आंदोलन है। कें‍द्र सरकार के तीन कृषि अध्यादेशों के ख़िलाफ़ हरियाणा के कुरुक्षेत्र में हज़ारों किसान आज, गुरुवार, 10 सितंबर को सड़कों पर उतर आए। भारतीय किसान संघ और अन्य किसान संगठनों ने कुरुक्षेत्र के पिपली में राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया। ख़बर है कि पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज भी किया।

इस सबसे इतना तो उम्मीद बंधती है कि सत्ता+मीडिया+आईटी सेल की इतनी कोशिशों-साज़िशों के बावजूद अवाम पूरी तरह बेज़ार नहीं हुआ है। लोग खासकर छात्र, युवा, किसान, मज़दूर, महिलाएं अब प्रधानमंत्री मोदी को ये बताने और जताने की लगातार कोशिश कर रहे हैं कि वे अब चुप नहीं बैठेंगे और न अब किसी और ‘अच्छे दिन’ के जुमले के झांसे में आएंगे।

शायद इसी संदर्भ में कभी जनकवि गोरख पांडेय ने लिखा था कि

रफ़्ता-रफ़्ता नज़रबंदी का ज़ादू घटता जाए है

रुख़ से उनके रफ़्ता-रफ़्ता परदा उतरता जाए है

Coronavirus
COVID-19
unemployment
#9बजे9मिनट
Kurukshetra Protest
farmers movement
economic crises
Economic Recession
Narendra modi
modi sarkar
Indian media
Godi Media
Bihar Elections
Sushant Suicide case

Related Stories

गैर-लोकतांत्रिक शिक्षानीति का बढ़ता विरोध: कर्नाटक के बुद्धिजीवियों ने रास्ता दिखाया

उत्तर प्रदेश: "सरकार हमें नियुक्ति दे या मुक्ति दे"  इच्छामृत्यु की माँग करते हजारों बेरोजगार युवा

छात्र संसद: "नई शिक्षा नीति आधुनिक युग में एकलव्य बनाने वाला दस्तावेज़"

दलितों पर बढ़ते अत्याचार, मोदी सरकार का न्यू नॉर्मल!

UPSI भर्ती: 15-15 लाख में दरोगा बनने की स्कीम का ऐसे हो गया पर्दाफ़ाश

जन-संगठनों और नागरिक समाज का उभरता प्रतिरोध लोकतन्त्र के लिये शुभ है

वाम दलों का महंगाई और बेरोज़गारी के ख़िलाफ़ कल से 31 मई तक देशव्यापी आंदोलन का आह्वान

दिल्लीः एलएचएमसी अस्पताल पहुंचे केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मंडाविया का ‘कोविड योद्धाओं’ ने किया विरोध

आईपीओ लॉन्च के विरोध में एलआईसी कर्मचारियों ने की हड़ताल

दिल्ली : नौकरी से निकाले गए कोरोना योद्धाओं ने किया प्रदर्शन, सरकार से कहा अपने बरसाये फूल वापस ले और उनकी नौकरी वापस दे


बाकी खबरें

  • Cuba
    ऋचा चिंतन
    वैश्विक एकजुटता के ज़रिये क्यूबा दिखा रहा है बिग फ़ार्मा आधिपत्य का विकल्प
    11 Jan 2022
    दुनिया को बिग फ़ार्मा के एकाधिकारवादी चलन का एक विकल्प सुझाते हुए क्यूबा मुनाफ़े से कहीं ज़्यादा अहमियत लोगों को देता है। यह सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रणाली, राज्य से वित्त पोषित अनुसंधान को बढ़ावा देता…
  • covid
    न्यूज़क्लिक टीम
    कोरोना अपडेट: देश में 24 घंटों में 1,68,063 नए मामले, 277 मरीज़ों की मौत 
    11 Jan 2022
    देश में एक्टिव मामलों की संख्या बढ़कर 2.29 फ़ीसदी यानी 8 लाख 21 हज़ार 446 हो गयी है।
  • kashi
    विजय विनीत
    काशी विश्वनाथ कॉरिडोर: कैसे आस्था के मंदिर को बना दिया ‘पर्यटन केंद्र’
    11 Jan 2022
    काशी विश्वनाथ मंदिर के समीप सड़क के किनारे श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर का न्यास सुविधा केंद्र है। यहां एक हेल्प डेस्क है, जिसके बाहर कांच के गेट पर 300 रुपये में सुगम दर्शन का पोस्टर चस्पा किया गया है।…
  • security lapse
    शिव इंदर सिंह
    “मोदी की सुरक्षा में चूक या राजनीतिक ड्रामा?” क्या सोच रहे हैं पंजाब के लोग! 
    11 Jan 2022
    जिला लुधियाना के नौजवान किसान जगजीत सिंह का कहना है, “पहली बात तो किसान मोदी के काफिले से करीब एक किलोमीटर दूरी पर थे। दूसरी बात उनके पास कोई हथियार नहीं थे। वह कम से कम मोदी को काले झंडे दिखा सकते…
  • Rahul and Modi
    ओंकार पूजारी
    2022 तय कर सकता है कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों का भविष्य
    11 Jan 2022
    कमज़ोर कांग्रेस इतनी कमज़ोर नहीं है कि औपचारिक मोर्चे या भाजपा विरोधी ताक़तों की अनौपचारिक समझ के मामले में किसी भी अखिल भारतीय भाजपा विरोधी परियोजना से बाहर हो जाए।
  • Load More
सब्सक्राइब करें
हमसे जुडे
हमारे बारे में
हमसे संपर्क करें

CC BY-NC-ND This work is licensed under a Creative Commons Attribution-NonCommercial-NoDerivatives 4.0 International License